Sunday, December 1, 2019

नारा : हरदा शहर साफ हो, हमारा इसमें हाथ हो..! हकीकत : गंदगी का ढेर है, हमारा इसमें हाथ है

शहर से रोज निकल रहे 28 टन कचरे को मुक्तिधाम के सामने के बजाय कहीं और डंप करने की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने कचरे के ढेर के बीच रास्ते पर टेंट लगाकर 1.30 घंटे विरोध जताया। इस बीच एसडीएम एचएस चौधरी ज्ञापन लेने आए। वे कचरे की बदबू से वहीं ठहर गए और एसडीएम धरना दे रहे पार्षद सईद खान के कान में धीरे से कहा- क्या इस कचरे के ढेर पर भी बैठोगे। पार्षद के हां कहते ही एसडीएम यह कहते हुए उल्टे पैर वापस हो लिए कि जब ज्ञापन दें तब बुला लेना। मैं पास में ही जीप में बैठा हूं। उनके इस बयान पर अन्य नेताओं ने भी भाषणों में खूब चुटकी ली। वक्ताओं ने कहा जब आप 1 मिनट यहां नहीं रुक सकते, तो सोचिए हम बदबू के बीच कैसे धरना दे रहे होंगे, और आसपास के लोग इसे सालों से रोज कैसे सहन कर रहे हैं। कांग्रेसियों ने कचरे के ढेर पर बैठकर धरना दिया। एसडीएम के आश्वासन पर उठे। पूर्व नपाध्यक्ष हेमंत टाले, पार्षद सईद खान,दीपाली गार्गव,उषा गोयल, फिरोजा खान, सुरेंद्र सराफ, रविशंकर शर्मा, मोहन विश्नोई, इकबाल अहमद समेत कई कांग्रेसी मुक्तिधाम पहुंच मार्ग पर धरने पर बैठे। वक्ताओं ने इसे नपा की मनमानी बताते हुए कहा कि धुएं व रसायन मिले पानी से अजनाल दूषित हो रही है। भूमिगत जल दूषित हो रहा है।

कांग्रेसी बोले- एक मिनट यहां नहीं रुक सकते, सोचिए बदबू के बीच कैसे धरना दे रहे होंगे और लोग कैसे सहन करते होंगे

कचरे पर राजनीति : एसडीएम ने पार्षद के कान में कहा- क्या कचरे के ढेर पर बैठोगे। पार्षद के हां बोलते ही कहा- जीप में बैठता हूं, जब ज्ञापन दें तो बुला लेना।

चौंकाने वाला खुलासा: ट्रस्ट की भूमि पर फेंका जा रहा है कचरा

नपा जिस जगह पर रोजाना शहर का 28 टन कचरा फेंक रही है, वह भूमि ट्रस्ट की है। श्री सीताराम रामचंद्र धर्मादा संस्था की यह भूमि है। जिसने यहां खंभे पर बैनर लगा रखा है। इसमें लिखा है कि यह भूमि श्री सीताराम रामचंद्र धर्मादा संस्था हरदा की है,जिसका खसरा क्रं.66/2 है। इस भूमि पर कचरा फेंकना या अन्य कोई उपयोग प्रतिबंधित है। संस्था अध्यक्ष सुनील अजमेरा ने बताया कि नपा करीब 10-12साल से कचरा फेंक रही है। वे कलेक्टर,एसडीएम,प्रभारी मंत्री,सीएमओ,अध्यक्ष,सीएम आदि को 20 बार शिकायत कर चुके हैं। 181 सीएम हेल्प लाइन पर भी शिकायत की। लेकिन नपा की हठधर्मिता बंद नहीं हुई।

जहां लिखे सफाई के स्लोगन, वहीं कचरे के ढेर

स्वच्छता में अव्वल आने नपा ने मुक्तिधाम की दीवार पर सफाई के स्लोगन लिखवाए। हैरत है कि जहां हजारों रुपये खर्च हो चुके हैं, वहां नपा खुद सालों से कचरा फेंक रही है। मुक्तिधाम के पास जहां कांग्रेसी टेंट लगाकर और मुंह पर पट्‌टी बांधकर धरना दे रहे थे। वहीं नपा ने स्वच्छता के स्लोगन लिखे हैं, लेकिन यहीं पर दूसरी तस्वीर गंदगी और कूड़ा-करकट की है जहां खड़े होना भी मुश्किल है।

जो जमीन नपा को दिलाई उसी पर अतिक्रमण

हेमंत टाले के कार्यकाल में अबगांव में उद्यानिकी विभाग की 20 एकड़ भूमि का आधिपत्य नपा को दिलाया था। यहां काम शुरू नहीं कराया। लोगों ने इस जमीन पर अतिक्रमण कर लिया है, जिसे नपा नहीं हटवा सकी। बाद में किसी समझौते के तहत रिछाड़िया में 1.89 एकड़ भूमि ली। जिस पर 50 लाख की मशीनें बिना टेंडर व तकनीकी मंजूरी के खरीदी। शिकायत हुई। अब जांच चल रही है। 10 से 20 एकड़ भूमि दिलाने कलेक्टर को पत्र लिख रहे हैं। अभी विकल्प नहीं है। सुरेंद्र जैन, अध्यक्ष नगरपालिका, हरदा

मुलताई से सीखें : ट्रेंचिंग ग्राउंड में बनाया बगीचा, अब बदबू नहीं खुशबू आती है

मुलताई| मासोद रोड के किनारे स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड के सामने से चार महीने पहले गुजरना मुश्किल होता था। नपा कर्मियों ने ने ट्रेंचिंग ग्राउंड में 20 मीटर लंबाई और 25 मीटर चौड़ाई का बगीचा तैयार किया है। इसमें फूलों और पौधों लगाए हैं। बॉटल, टायर सहित अन्य सामग्री से इसे सजाया है। अब लोग ट्रेंचिंग ग्राउंड के सामने से नाक दबाकर नहीं निकलते, अब इसमें घूमने के लिए रुक रहे हैं। जैविक और जैविक कचरे को अलग करने का काम भी होता है।

जिम्मेदारों के तर्क

जिन्होंने भूमि दिलाई थी वे ही विरोधी बने

अबगांव में भूमि विधायक कमल पटेल ने दिलाई। कब्जा लेकर शहर का कचरा फेंकना शुरू किया। ग्रामीण विरोध करने लगे। इनमें खुद भूमि दिलाने वाले कमल पटेल ग्रामीणों के साथ थे। हमने प्रशासन से बताया कि यहां ऐसे में कचरा डंप करना संभव नहीं। तब रिछाड़िया में 1.89 एकड़ भूमि दी। मशीनें टेंडर से खरीदी। यहां कचरा प्लांट चल सकता है। कोई शिकायत ही नहीं हुई तो जांच किस बात की। जांच के नाम पर जैन जनता को भ्रमित कर रहे हैं। -हेमंत टाले,तत्कालीन नपाध्यक्ष



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Harda News - mp news slogan let the city of harda be clean we have a hand in it reality there is a pile of dirt we have a hand in it
Harda News - mp news slogan let the city of harda be clean we have a hand in it reality there is a pile of dirt we have a hand in it
Harda News - mp news slogan let the city of harda be clean we have a hand in it reality there is a pile of dirt we have a hand in it


source https://www.bhaskar.com/mp/harda/news/mp-news-slogan-let-the-city-of-harda-be-clean-we-have-a-hand-in-it-reality-there-is-a-pile-of-dirt-we-have-a-hand-in-it-084529-6076781.html

No comments:

Post a Comment