नगर के मध्य रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहे ओवरब्रिज के निर्माण की प्रोग्रेस और गुणवत्ता देखने के लिए सेतु निगम के ईई एसके अग्रवाल बुधवार दोपहर यहां आए। उन्होंने सेतु निगम अधिकारियों और कांट्रेक्टर के साथ साइड विजिट की और पाइलिंग के कार्य में तेजी पर संतोष जताया। बता दें कि 22 जुलाई से पाइलिंग का काम शुरू हुआ था और एक महीने में ही रेलवे ट्रैक के एक तरफ थाना रोड पर लगभग सभी 11 पिलर के लिए पाइलिंग का काम पूरा हो गया है। सिर्फ एक पीयर बचा है, जो एक-दो दिन में पूरा हो जाएगा। यहां तो कैप बनाकर पिलर खड़े करने की तैयारी है इसीलिए ईई अग्रवाल ने काम की प्रोग्रेस व गुणवत्ता पर संतोष जताया। हालांकि मौके पर कांट्रेक्टर देवांग भावसार ने ईई से कहा कि अब तक करीब सवा दो करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं। बिल लगा दिए लेकिन सेतु निगम ने एक रुपए का भुगतान नहीं किया है। इससे काम को आगे प्राेग्रेस देने में दिक्कत हाेगी। जल्द से जल्द भुगतान करवाएं। ईई ने कहा कि शासन से डिमांड भेजकर राशि का आवंटन करवाएंगे। अभी फंड नहीं होने से दिक्कत है लेकिन जल्द भुगतान करेंगे। काम ना रोकें।
मौके पर अधिकारियों का कहना था कोरोना काल में आगे से फंड उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इसलिए भुगतान पर आगे से ही पाबंदी है। यही वजह है कि यहां ओवरब्रिज निर्माण कर रहे कांट्रेक्टर को अब तक भुगतान नहीं मिल पाया है।
जो मकान-दुकान प्रभावित हो रहे, वे अब तक तोड़े नहीं जा सके
थाना रोड पर साइड क्लियर होने से कांट्रेक्टर ने पाइलिंग का काम पूरा कर लिया। अब पिलर बनना शुरू हो जाएंगे लेकिन दूसरी तरफ चौपाटी रोड पर साइड क्लियर नहीं है। यहां कुछ लोगों को मुआवजा मिल गया तथा कुछ विवादित व कोर्ट में लंबित केस वाले मामलों में मुआवजा भुगतान नहीं हुआ है। इसलिए जो मकान-दुकान प्रभावित हो रहे, वे अब तक तोड़े नहीं जा सके। जब मकान-दुकान टूटेंगे और साइड क्लियर होगी तभी मुख्य रोड किनारे लगे बिजली के खंभे व लाइनें भी साइड में शिफ्ट होगी। इसके बाद ही पाइलिंग मशीन यहां काम कर सकेगा। अभी मौके पर कोई हलचल नहीं है। इसलिए चौपाटी रोड पर पाइलिंग का काम महीनेभर लेट हो सकता है।
74 मीटर रेलवे का हिस्सा छोड़कर बाकी जगह काम कर रहा सेतु निगम
रेलवे ट्रैक पर 74 मीटर की जगह में रेलवे की तकनीकी टीम ही निर्माण करेगी। इसके लिए रेलवे अलग से टेंडर करवा रहा है। बाकी हिस्से में ब्रिज व एप्रोच रोड का काम सेतु निगम कर रहा है। चूंकि सेतु निगम को दोनों तरफ िमलाकर करीब 700 मीटर लंबाई में ब्रिज बनाना है, इसलिए इन्हें ज्यादा समय लगेगा। बुधवार को िनरीक्षण पर ईई अग्रवाल के साथ आए सेतु एसडीओ आरपी गुप्ता एवं इंजीनियर एमएल श्रीवास्तव ने बताया हमने स्थानीय प्रशासन व बिजली कंपनी से साइड क्लियर कर लाइनें शिफ्ट करने की बात कही है ताकि जल्द से जल्द चौपाटी रोड पर भी पाइलिंग व पिलर का काम शुरू कर सकें। अब तक की प्रोग्रेस अच्छी है। ठेकेदार का भुगतान भी शासन से आवंटन आते की करवा दिया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/ratlam/jaora/news/spent-two-crores-did-not-get-one-rupee-otherwise-it-will-stop-work-127656740.html
No comments:
Post a Comment