शिवपुरी शहर की मनियर बस्ती के 50 से ज्यादा घरों में लगातार बारिश के कारण पानी भर गया। ऐसी स्थिति इसलिए बनी क्योंकि यहां के पुराने नाले को खत्म कर कॉलोनाइजर ने मकान बनवा दिए हैं। इससे बस्ती का पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है। 250 से ज्यादा परिवार परेशान हैं। वहीं सिंध नदी में उफान के चलते पचावली पर बना 132 साल पुराना पुल बीच में से धंसक गया है। इससे देहरदा-ईसागढ़ मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया है। वहीं जिले में रविवार तक कुल 700.6 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य बारिश की 85.8 फीसदी है।
मनियर बस्ती में मनियर तालाब से निकली पुरानी नहर को खत्म कर दिया गया है। नहर को पाटकर मकान बना दिए हैं। इससे ऊपरी हिस्से में पानी जमा हो गया है जो लोगों के घरों में भर गया है। बारिश का पानी घरों में भरा रहने से लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। तीन साल से यह समस्या उत्पन्न हो रही है। लोगों का कहना है कि नगर पालिका से लेकर कलेक्टोरेट में कई शिकायतें करने के बाद भी समस्या का कोई समाधान नहीं निकला है। बारिश का सिलसिला जारी है। जमा पानी को निकालने के लिए नगर पालिका ने अभी तक कोई व्यवस्था नहीं की है।
नपा ने सुनवाई नहीं की तो चंदा करके 11 हजार की नई मोटर लाए लोग
मनियर बस्ती में जल भराव की समस्या को देखते हुए बीते साल नगर पालिका ने मोटर पंप रखकर पानी निकाला था। लेकिन इस बार कोई व्यवस्था नहीं की है। सुनवाई नहीं होने से लोग खुद ही चंदा करके 11 हजार रुपए की नई मोटर ले आए हैं। अब मोटर डालकर पानी निकालने की कोशिश करेंगे। लेकिन इससे समस्या का स्थाई समाधान नहीं हो पाएगा।
बीते साल से 79.8 मिमी ज्यादा बारिश, दो तहसीलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
जिले में 30 अगस्त तक कुल औसत 700.6 मिमी बारिश हो चुकी है। बीते साल की तुलना में इस बार 79.8 मिमी ज्यादा बारिश हो चुकी है। 30 अगस्त 2019 को औसत बारिश 620.8 मिमी थी। वहीं जिले की दो तहसील कोलारस में 940 मिमी व नरवर में 871 मिमी बारिश हो चुकी है। यहां सामान्य से ज्यादा बारिश हो गई है। जबकि बदरवास में 755 मिमी, शिवपुरी में 721.6 मिमी हुई है। जिले में सबसे कम पिछोर तहसील में 545.3 मिमी बारिश हुई है।
मड़ीखेड़ा के छह गेटों से 31 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा
अटल सागर मड़ीखेड़ा बांध के शनिवार की दोपहर से गेट खोलकर पानी छोड़ा गया। रविवार को भी सुबह 8 बजे से छह गेटों से 31 हजार क्यूसेक पानी छोड़ने का सिलसिला जारी रहा। सिंध नदी में लगातार पानी आने से गेट खोलकर रखे हैं। रविवार शाम तक बांध का स्तर 345.75 मीटर था। इधर, पिछोर तहसील में महुअर नदी पर बना नावली डैम भी भर गया है। रविवार की सुबह 11 बजे सायरन बजाकर बांध के दो गेट खोल दिए। सिरसौद से 7 किमी दूर स्थित नावली डैम खुलने पर काफी संख्या में लोग देखने पहुंचे।
पचावली पुल दरका, रोका ट्रैफिक
पचावली पुल दरकने की सूचना पर दोपहर करीब 2.30 बजे कोलारस एसडीएम मौके पर पहुंचे। दोनों तरफ से मार्ग को पूरी तरह बंद करा दिया है। पचावली की तरफ रन्नौद थाना पुलिस और अनंदपुर गांव की तरफ लुकवासा चौकी पुलिस को तैनात कर दिया। वाहन पूरी तरह से बंद हैं। लेकिन अधूरे पुल के ऊपर से लोग पैदल आ-जा रहे हैं। नशेनी की मदद से लोगों का आना जाना जारी है।
बस्ती बालों ने ही नाली बंद कर दी, इसी से पानी भरा
मनियर बस्ती में नगर पालिका ने पक्की नाली बनाई है। जो लोग शिकायत कर रहे हैं, उन्हीं लोगों ने नाली को बंद कर रखा है। इसी कारण बस्ती में जल भराव की समस्या बनी हुई है। यह लोग उल्टा मुझे ही परेशान कर रहे हैं। संबंधितों पर मकानों की रजिस्ट्री तक नहीं है। दिलीप मुदगल, कॉलोनाइजर शिवपुरी
पहले नाला था या नहीं, इसकी जांच कराएंगे
मनियर बस्ती में जल भराव हो गया है। मोटर लगवाकर पानी निकलवा रहे हैं। अवैध कॉलोनी बस जाने की वजह से समस्या है। अभी फंड की व्यवस्था भी हमारे पास नहीं है। पहले नाला था या नहीं, इसकी जांच कराएंगे। जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान निकालेंगे। केके पटेरिया, सीएमओ, नपा, शिवपुरी
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/shivpuri/news/due-to-the-capture-of-the-drain-the-houses-of-maniyar-basti-were-flooded-dehrada-isagarh-road-closed-due-to-the-blasting-of-the-pachhavali-bridge-on-the-sindh-river-127668767.html
No comments:
Post a Comment