Wednesday, August 26, 2020

पेट की बीमारी से परेशान ट्रैफिक होमगार्ड सैनिक ने ड्यूटी के दौरान खाई सल्फास, मौत

सिटी में यातायात पुलिस में ड्यूटी दे रहे होमगार्ड सैनिक ने जहरीला पदार्थ खाकर अात्महत्या कर ली। वह पेट की गंभीर बीमारी से परेशान था। उसकी आंत में कोई बीमारी होने से अहमदाबाद में दो बार ऑपरेशन हो चुका था। फिर भी कभी-कभी अचानक असहनीय दर्द उठ रहा था। संभवत: इसी कारण उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम रोजाना निवासी अरुण राव (27) का चयन सिंहस्थ 2016 के दौरान होमगार्ड में हुआ था। अभी वह जावरा यातायात पुलिस में ड्यूटी दे रहा था। बुधवार को उसकी ड्यूटी रतलामी गेट चौराहे पर थी। शाम 4.30 बजे वह बाइक से घर पहुंचा। वहां जाते ही उसने बाहर नाली में उल्टी कर दी। पहले परिजन व पड़ाेसी समझे कि इसे पेट की समस्या है, इसलिए उल्टी हुई होगी लेकिन दूसरी बार ऐसा हुआ और बदबू आई तो मां कलाबाई उर्फ इंद्राबाई व चचेरे भाइयों ने कारण पूछा। इस पर उसने सल्फास खाने की बात कही। उसे जीप में राठौर नर्सिंग हाेम ले गए। वहां से रतलाम रेफर किया। जहां रात 8 बजे इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वह ड्यूटी से ही सल्फास खाकर घर पहुंचा होगा, तभी जाते ही उल्टी हुई और तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए। सूचना पर रात 10 बजे यातायात इंचार्ज कैलाश बघेल व स्टाफ रोजाना उसके घर पहुंचे। वहां मां कलाबाई को ढांढस बंधाया। यातायात इंचार्ज बघेल ने कहा अरुण शांत स्वभाव का था और कभी-कभी पेट दर्द के बारे में जानकारी देता था। बुधवार को उसने अच्छे से ड्यूटी की और कोई परेशानी नहीं बताई। अरुण के चचेरे भाई पप्पू राव ने बताया डेढ़ साल पहले अहमदाबाद में आंत का ऑपरेशन हुआ। इसमें इंफेक्शन होने पर उसके छह महीने बाद फिर से दूरबीन पद्धति से आॅपरेशन हुआ लेकिन पूरी तरह आराम नहीं िमला। आशंका है असहनीय दर्द के कारण ही उसने यह कदम उठाया होगा। ड्यूटी पर भी दर्द उठने से वह परेशान रहता था।

पिता का 15 साल पहले निधन हो चुका, मां का इकलौता सहारा था
अरुण के पिता मदनलाल राव का 15 साल पहले ही बीमारी के चलते निधन हो गया है। इसकी एक बहन है जिसकी शादी हो चुकी है। घर पर यह मां कलाबाई के साथ अकेला रहता था। मां का इकलौता सहारा भी छिन गया। इससे मां बेसुध है। गुरुवार सुबह रतलाम जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव रोजाना लाएंगे और यहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। अरुण ने पूरे लॉकडाउन और कोविड संक्रमण के दौरान भी एक कोरोना योद्धा के तौर पर ड्यूटी दी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/local/mp/ratlam/jaora/news/traffic-home-guard-soldier-suffering-from-stomach-disease-consumed-sulfas-while-on-duty-died-127656756.html

No comments:

Post a Comment