किसानों के खेतों में खड़ी सोयाबीन की फसलें सूखकर पीली पड़ने लगी हैं। कई जगहाें पर अफलन की स्थिति बन रही है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। बुधवार को कुछ किसान खराब फसल लेकर कृषि विभाग कार्यालय पहुंचे और अपनी समस्या बताई। वहीं प्रशासन से फसलों का सर्वे करवाकर मुआवजा दिलाने की मंाग की।
किसानों की समस्या लेकर शहर युवक कांग्रेस अध्यक्ष अभिनव निगम के नेतृत्व में किसान तहसीलदार के पास पहुंचे। ज्ञापन देकर प्रभावित फसलों के सर्वे की मांग की। िकसानों ने बताया कि अचानक ही फसलें पीली होकर खराब हो रही हैं। अगर यही स्थिति रही तो ज्यादा नुकसान होगा। इधर कुछ किसानों ने कृषि विभाग कार्यालय पहुंचकर भी खराब फसलें जिम्मदारों को बताई और परेशानी को दूर करने की बात कही। कृषि विभाग एसडीओ एनके छारी ने बताया सोमवार को ही कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने ताल क्षेत्र के असावता, माल्या, ताल, करवाखेड़ी और आलोट तहसील के गांव रजला, पिपलियापीथा, पिपलिया सिसोदिया आदि गांवांे में फसलों का मुआयना किया। कई किसानों के खेतों में पीला मौजेक की परेशानी थी। वहीं कुछ खेतों में किसानों द्वारा पौधे की वृद्धि के लिए दिए गए टॉनिक व मिट्टी में पोषक तत्वों के असंतुलन से अफलन की स्थिति निर्मित हुई है। सोयाबीन, उड़द फसल पर एंथ्रेकनोज, पीला मोजेक, झुलसन आदि बीमारी मिली, जिसे रोकने के लिए टेबुकोनाजोल और सल्फर की 2.5 ग्राम प्रतिलीटर पानी में घोल बनाकर छिड़काव करने की सलाह दी। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में फसल बीमा कराने की आखिरी तारीख 31 अगस्त है। जो किसान वंचित हैं वे अपना फसल बीमा करा सकते हैं।
स्टाफ नहीं होने से मिट्टी परीक्षण लैब बंद
कृषि उपज मंडी प्रांगण में बनी मिट्टी परीक्षण केंद्र तीन साल पहले बनकर तैयार हुआ था लेकिन अभी तक इसका ताला नहीं खुला है। भवन जर्जर होने वाला है। स्टाफ व उपकरणों की कमी है। ठेकेदार ने एक लाख रुपए बिजली बिल जमा नहीं किया ऐसे में बिजली कनेक्शन भी काट दिया गया। प्रयोगशाला कृषि विभाग को हैंडओवर हो चुकी है। लेकिन किसानों को उसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। मामले में कृषि एसडीओ एनके छारी ने कहा स्टाफ की कमी से लैब बंद है। स्टाफ आने के बाद उसे शुरू करेंगे। जावरा-रतलाम व मंदसौर में मिट्टी का परीक्षण करवाया जा सकता है। कृषि वैज्ञानिक त्रिपाठी ने कहा मिट्टी परीक्षण होना जरूरी है लेकिन ग्रामीणों में जागरुकता का अभाव है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/ratlam/jaora/news/soybean-crop-getting-yellow-farmers-are-demanding-survey-soil-testing-lab-closed-for-3-years-127656758.html
No comments:
Post a Comment