Wednesday, May 20, 2020

गेहूं खरीदी केंद्रों पर चल रही धांधली के विरोध में परेशान किसानों ने घेरा एसडीएम कार्यालय

गेहूं उपार्जन केंद्रों पर चल रही धांधली के विरोध में किसानों ने बुधवार को एसडीएम कार्यालय का घेराव कर लिया। कार्यालय में एसडीएम आरए प्रजापति मौजूद नहीं थे फिर तहसीलदार नागेश्वर पनिका को ज्ञापन देकर पूरी व्यथा बताई। किसानों की मांग थी कि फतेहपुर, हरगोविंद पुरा, पिपाड़ी आदि केंद्रों पर किसानों की उपज तौलने के लिए उन्हें परेशान किया जा रहा है। ऐसे केंद्र प्रभारी व सचिवों के खिलाफ जांच कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए, जिससे किसानों को अनाज बेचने के लिए परेशान न होना पड़े।
किसान कांग्रेस नेता आशीष गुर्जर ने तहसीलदार से कहा कि किसानों पर मैसेज नहीं पहुंच रहे हैं। जिससे उन्हें तौल के लिए कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता है। कुछ किसान ऐसे भी हैं जिनके पास मैसेज तो आए पर उनका पूरा अनाज नहीं तौला गया। इतना ही नहीं जिन किसानों ने 10 से 15 दिन पहले अनाज बेचा है उनका खाते में अभी तक पैसा नहीं आया है। इन सभी समस्याओं को गंभीरता से सुलझाने का प्रयास करना होगा।
पल्लेदारों ने तौल बंद कीःगोहद में हरगोविंद पुरा के खरीदी केंद्र पर पल्लेदारों ने तौल बंद कर दी। हम्मालों ने सचिव अशोक सिंह तोमर पर मजदूरी न देने का आरोप लगाते हुए काम बंद कर दिया है। जिससे नंबर लगाकर लाइन में खड़े किसान दिन भर परेशान होते रहे। बिरखड़ी के किसान परशुराम पर 30 अप्रैल को मैसेज आया था जिसके बाद जब वह केंद्र पर गेहूं लेकर पहुंचे तो सचिव ने केवल 140 क्विंटल अनाज ही लिया। बाकी 100 क्विंटल तुलवाने के लिए वह पिछले 19 दिन से चक्कर काट रहे हैं। खरीदी केंद्र पर चल रही सचिव की लापरवाही से किसान बेहद परेशान हैं।

किसान बोले- ओला का मुआवजा नहीं मिला
किसानों ने कहा है कि ओलावृष्टि का आंकलन कर लिया गया है और बैंक के कागजात भी जमा हो गए हैं। हालांकि कुछ पटवारियों के अपने हल्के में न जाने की वजह से किसानों के कागज जमा नहीं हो पाए हैं। इसके बावजूद जिन किसानों के केवायसी कंप्लीट हैं उनके खातों में भी मुआवजा की राशि नहीं डाली जा रही है। तहसीलदार से कहा है कि पटवारियों को आदेशित कर अपने हल्के पर रुकने के लिए कहें। तहसीलदार पनिका ने किसानों के साथ हो रहे अन्याय को रोकने का भरोसा दिया है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक उपाध्यक्ष सतेंद्र सिंह तोमर, केशव देसाई, राममुनेश तोमर, अजीत शर्मा, जयनारायण मिश्रा, एडवोकेट राघवेंद्र सिंह तोमर मौजूद थे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Distressed farmers cordon SDM office in protest against the rigging at wheat procurement centers


source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/gohad/news/distressed-farmers-cordon-sdm-office-in-protest-against-the-rigging-at-wheat-procurement-centers-127324158.html

No comments:

Post a Comment