नगर में पिछले एक सप्ताह से जलप्रदाय व्यवस्था बिगड़ गई है। चार दिन के अंतराल में नलों में पानी आ रहा है। व्यवस्था सुधारने नगर पालिका रोज ढाई लाख लीटर पानी खरीद रही है। लेकिन व्यवस्था में सुधार नहीं हाे रहा। नगर पालिका के ट्यूबवेलों का जलस्तर कम हो रहा है। वहीं बिजली कंपनी के मानसून पूर्व लाइनें दुरुस्त कर रही है। इससे जल सप्लाई व्यवस्था प्रभावित हाे रही है। अब तक दो दिन के अंतराल में जल प्रदाय हो रहा था। अब स्थिति बिगड़ती जा रही है। नपा को निजी टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है। अभी नगर पालिका रोज 5 हजार लीटर क्षमता वाले 50 टैंकर पानी खरीद रही है। लेकिन स्थिति नहीं सुधर रही। उपयंत्री रितेश यादव ने बताया बिजली बंद रहने और ट्यूबवेलों का जलस्तर कम होने से सप्लाई व्यवस्था बिगड़ी है। तीन से चार दिनों में सुधार हो जाएगा।
नगर पालिका के 32 में से 8 ट्यूबवेल सूख चुके हैं। 12 ट्यूबवेल एक इंच पानी दे रहे हैं। इनसे 4 लाख लीटर पानी मिल रहा है। सांडिया के किसान अपने ट्यूबवेल से नगर पालिका को रोज 11 लाख लीटर पानी दे रहे हैं।
टैंकरों से भी किया जा रहा जलप्रदाय
रेलवे स्टेशन के दूसरी ओर ईदगाह टेकड़ी के पास नगर पालिका टैंकरों से पानी दे रही है। रोजाना दो टैंकर पानी दिया जा रहा है। इसके अलावा नगर पालिका के टैंकरों से वार्डों में बने टाकों में पानी संग्रहित कर सप्लाई करना पड़ रहा है। सिविल टंकी में रोज 18 टैंकर पानी संग्रहित हो रहा है। इसके अलावा रामनगर में स्थित टांके में 8 टैंकर पानी जमा कर सप्लाई किया जा रहा है। आंबेडकर वार्ड, भगतसिंह वार्ड, पटेल वार्ड पंप क्रमांक दो और नेहरू वार्ड में निजी टैंकरों से पानी लाकर सप्लाई करना पड़ रहा है।
नए जलस्रोतों को तलाशने में जुटी नगर पालिका
सहायक यंत्री आरसी गव्हाड़े ने बताया चंदोरा डैम के डूब में स्थित कुएं से पानी लाया जाएगा। डूब क्षेत्र में स्थित कुएं से ग्राम सांडिया के पंप हाउस तक पाइप लाइन बिछी हुई है। इसके अलावा जिन किसानों के खेतों के ट्यूबवेल में पानी है, उनसे भी संपर्क किया जा रहा है।
सारनी : नपा 36 वार्डाें में 20 टैंकराें से कर रही पानी सप्लाई, किसी वार्ड में 8 ताे कहीं 2 टैंकर पानी
नगर पालिका क्षेत्र के 36 वार्ड में 20 टैंकरों से जल वितरण कर रही है। लेकिन पार्षदों का कहना है कि जल वितरण में नपा का जल विभाग पक्षपात पूर्ण रवैया अपना रहा है। सारनी क्षेत्र के 36 वार्डो में इन दिनाें पानी की समस्या बनी हुई है। नपा के 4 बड़े और 3 छोटे टैंकरों के साथ किराए पर जल वितरण किया जा रहा है। नपा का कहना है सभी वार्डों में पार्षदों की डिमांड पर पानी दिया जा रहा है।
वहीं पार्षदों का कहना है कि अधिकारी टालामटोली कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक 25 से 30 लाख की लागत से पानी वितरण का निजी कंपनी काे टेंडर दिया है। इसके बावजूद वार्डों में पानी की समस्या बनी हुई है। सीएमओ सीके मेश्राम ने बताया नगर में पानी के वितरण की व्यवस्था बेहतर तरीके से बनाई है। हमारे पास पानी काे लेकर काेई शिकायत नहीं आई है। नगर में जगह-जगह 5 हजार लीटर की 55 पानी की टंकी लगा रखी हैं। इन टंकी से भी नियमित पानी की सप्लाई किया जा रहा है।
इन वार्डों में पानी की समस्या ज्यादा
वार्ड नंबर 30, झुग्गी बस्ती के पार्षद अजय साखरे का कहना है कि यहां सबसे ज्यादा घनी आबादी है। 500 से ज्यादा झुग्गियां हैं। यहां केवल 3 टैंकर यानी 9 हजार लीटर पानी ही दिया जा रहा है जाे 40 से 50 घरों में मात्र 120 लीटर पानी प्रति परिवार देने में ही समाप्त हो जाता है। वहीं वार्ड 31 में 400 से ज्यादा झोपड़ियां हैं। वहां भी 3 से 4 टैंकर पानी दिया जा रहा है। वार्ड 32 में 3 टैंकर से भी काम नहीं चल रहा है। वार्ड 33 के पार्षद प्रवीण सूर्यवंशी ने बताया वार्ड में 300 से ज्यादा झोपड़ियां हैं, लेकिन केवल 1 टैंकर पानी दिया जा रहा है। जबकि वार्ड 36 में रोजाना 8 से 10 टैंकर पानी सप्लाई की जा रही है। नपा सारनी क्षेत्र के वार्डों में पानी सप्लाई को लेकर पार्षदाें ने जलसेवा प्रभारी एस. भोरपी सेे शिकायत की। इस पर उनका कहना था कि व्यवस्था बनाई जा रही है। वार्डों में अधिकारियों के आदेश पर पानी पहुंचाया जा रहा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/hoshangabad/multai/news/even-after-buying-two-and-a-half-lakh-liters-of-water-drinking-water-coming-in-the-tap-on-the-fourth-day-the-system-is-deteriorating-rapidly-people-are-getting-angry-127320624.html
No comments:
Post a Comment