पैदल चलकर आ रहे भूख-प्यास से बेहाल मजदूरों के लिए पुलिस ने लंगर शुरू किया है। यहां हर दिन दो से ढाई हजार लोगों के लिए खाना बन रहा है। पूड़ी और सब्जी के साथ प्याज भी दी जा रही है। ताकि गर्मी में इन्हें लू न लग जाए। पूड़ी और सब्जी के अलावा दलिया और खिचड़ी भी बन रही है। शहर के करीब दस थानों के पुलिस अधिकारी और कर्मियों के सहयोग से पनिहार टोल प्लाजा और निरावली चेक पोस्ट पर यह लंगर चल रहा है। पुलिसकर्मी आसपास के गांव वालों की मदद से खुद ही खाना बना रहे हैं। यह नजारा शहर में पहली बार दिख रहा है, जब चोर-लुटेरों को पकड़ने वाली पुलिस अपने हाथ से खाना बनाकर गरीबों की बढ़-चढ़कर मदद कर रही है। लोगों को इलेक्ट्रॉल पाउडर, पानी की बोतल, मास्क और सेनिटाइजर भी दिया जा रहा है।
पनिहार टोल प्लाजा: यहां चार दिन पहले लंगर शुरू हुआ। एएसपी सतेंद्र तोमर के नेतृत्व में टीआई कंपू विनय शर्मा, टीआई कोतवाली विवेक अष्ठाना, टीआई जनकगंज प्रीति भार्गव, एसओ गिरवाई शत्रुघन मिश्रा, एसओ पनिहार जितेंद्र मावई और इनका पूरा स्टाफ यहां लगा हुआ है। पुलिसकर्मी आटा, तेल और आलू की व्यवस्था खुद कर रहे हैं। आपस में पैसा एकत्र किया है और कुछ सामाजिक संस्थाओं से भी मदद ली है। पनिहार और आसपास के गांव में रहने वाले किसान सब्जियों की व्यवस्था कर रहे हैं। पुलिसकर्मी और ग्रामीण ही खाना बना रहे हैं। इसके बाद पैकेट में भरकर भोजन को मजदूरों को बांटा जा रहा है।
निरावली चेक पोस्ट: निरावली पर एक ढाबा ही पुलिस ने अपने अंडर में ले लिया है। यहीं मजदूरों के लिए खाना तैयार कराया जा रहा है। सीएसपी रवि भदौरिया के नेतृत्व में टीआई पुरानी छावनी राजीव गुप्ता, टीआई महाराजपुरा आसिफ मिर्जा बेग, टीआई हजीरा आलोक परिहार, टीआई गोला का मंदिर हीरा सिंह चौहान की एक टीम बनी है। यह टीम यहां कच्चे राशन से लेकर खाना बनाने तक की जिम्मेदारी ली हुई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/news/food-is-being-prepared-for-two-thousand-people-here-every-day-127310322.html
No comments:
Post a Comment