नीमच में लगातार कोरोना का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। बुधवार को 116 लोगों की रिपोर्ट में से 7 नए संक्रमित मिले। इधर, इंदौर रेफर किए गए एक बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। अंतिम संस्कार इंदौर में ही किया गया। इनके परिवार के कई लोग पॉजिटिव होने से क्वारंटाइन हैं।
बुधवार रात 9 बजे मिली रिपोर्ट में जो 7 पॉजिटिव मिले हैं इनमें तीन पुरुष व तीन महिलाओं के साथ एक सात साल का बच्चा भी संक्रमित है। नए मरीज घंटाघर व मेहनोत नगर क्षेत्र के होने से नया कंटेनमेंट जोन नहीं बनाया। मेहनोत नगर निवासी डॉक्टर के पिता राजेंद्र प्रधान (75) काे किडनी की बीमारी से पीड़ित होने पर सात मई को जिला अस्पताल में भर्ती किया था। जहां सैंपल लेने के बाद हालत गंभीर होने पर इंदौर रेफर किया था। जांच में कोरोना की पुष्टि हुई थी। बुधवार को उनका निधन हो गया। नीमच में अब तक पॉजिटिव की संख्या 46 हो गई है। अब तक शहर की करीब पांच फीसदी आबादी कंटेनमेंट क्षेत्र की जद में है।
रतलाम में दो नए क्षेत्रों तक पहुंचा संक्रमण
रतलाम में अब नए क्षेत्रों तक संक्रमण फैलने लगा है। भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल और रिसर्च की लैब से बुधवार को मिली रिपोर्ट में तीन लोग पॉजिटिव मिले। इसमें एक मरीज अंबिका नगर का रहने वाला है जो अहमदाबाद से 8 मई को रतलाम आया था। 9 मई को बुखार आया तो जिला अस्पताल में पहुंचा। युवक को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था। वहीं नयागांव गणेश नगर निवासी एक अन्य परिवार में 40 वर्षीय महिला व उसका 18 वर्षीय बेटा भी पॉजिटिव मिले हैं। इन्हें संदिग्ध मानते हुए 9 मई से ही क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था। शहर में दो दिन में पांच पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं। शहर में अब तक कुल 28 पॉजिटिव हो गए हैं। इनमें से 19 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। वहीं 9 मरीजों का मेडिकल कॉलेज में इलाज हो रहा है। फिलहाल इलाजरत लोगों में कोई भी गंभीर नहीं है।
मंदसौर जिले में 50 वर्षीय महिला मिली पॉजिटिव
कोरोना संक्रमण को लेकर बुधवार रात जिले के 22 सैंपलों की रिपोर्ट आई है जिसमें 4 की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इनमें 3 संक्रमितों की दूसरी बार रिपोर्ट पॉजिटिव आई है वहीं एक नया केस 50 वर्षीय महिला का है। यह भी गुदरी स्थित परिवार से जुड़ी है। इस तरह जिले में कुल पाॅजिटिव की संख्या 57 हो चुकी है। वहीं गुदरी स्थित परिवार से जुड़े पॉजिटिव की संख्या 47 हाे गई है। बाकी बचे 18 सैंपल निगेटिव आए हैं। इनमें 5 पूर्व के पॉजिटिव केस भी शामिल हैं। अब इन्हें गुरुवार को डिस्चार्ज किया जाएगा। शहर के अन्य इलाकों में पाए गए 7 पॉजिटिव पूर्व में स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। इस तरह जिले में अब कोरोना से जंग जीतने वालों की संख्या 12 हो जाएगी। इनमें गुदरी स्थित परिवार के 5 संक्रमित भी शामिल हैं। वहीं 4 लोगों की मौत हो चुकी है जिसमें एक मृतक गुदरी इलाके का ही था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/ratlam/neemuch/news/neemuch-resident-doctors-corona-positive-father-dies-in-indore-7-new-infected-also-found-127299531.html
No comments:
Post a Comment