शांति समिति की बैठक ... एएसआई ने शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की
पृथ्वीपुर| जेरोंन नगर के थाना परिसर में शुक्रवार को नगर व क्षेत्र के साथ थाना प्रभारी गोपाल सिंह चौहान के निर्देशन में एएसआई जय शंकर शुक्ला ने शंाति समिति की बैठक ली। जिसमें उन्होंने नागरिकता संशोधन विधेयक 2019 के पारित होने पर नगर व क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए कहा, कि इस समय किसी भी प्रकार का जुलूस, धरना प्रदर्शन रैलियों दीवार लेखन व पंपलेट वितरण, सहित डीजे व ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया। साथ ही जिले में लागू की गई धारा 144 का सभी को पालन करने को कहा गया। इस अवसर पर मातादीन पस्तोर, राकेश शर्मा, पुरुषोत्तम रावत, अशोक बिदुआ, अकबर खान, तेजराम कुशवाहा, बीरन नामदेव सहित कई लोग उपस्थित थे।
निरीक्षण ... ट्रंेचिंग ग्राउंड के पास फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट किया गया स्थापित
टीकमगढ़| नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 12 में ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास नपा की ओर से फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया गया है। इस प्लांट में नगर के आवासीय घरों, होटलों व अन्य जगहों से आए हुए सैप्टिक टैंकों के मल को निर्धारित शुल्क पर एकत्रित कर ट्रीटमेंट प्लांट में ले-जाकर मल की औपचारिक क्रियाएं की जाएंगी। फीकल स्लज प्लांट में चार स्लज ड्राइंग वेड, लीचेट पिट, प्लान्टेड वेड सहित अन्य यंत्र स्थापित किए गए हैं। जिसका नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मी गिरि ने निरीक्षण किया गया। प्लांट के कार्य करने की क्रिया के बारे में नपा उपयंत्री सृजन गुप्ता से संक्षिप्त में जानकारी ली। इस निरीक्षण के दौरान प्लांट कर्मचारियों सहित मनोज चतुर्वेदी, अमित साहू, संजीव झा, शिवकुमार यादव, विजय वाल्मीक सहित अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।
आयोजन ... भारती की कविताओं का प्रसारण आज
पृथ्वीपुर| जेरोन नगर के शासकीय उमावि में पदस्थ प्राचार्य कवि एवं साहित्यकार राजेन्द्र भारती की हिंदी कविताओं का प्रसारण आज शनिवार 21 दिसंबर 2019 को आकाशवाणी के छतरपुर केंद्र से सुबह 10 बजे प्रसारित पत्रिका कार्यक्रम में होगा। उनके साथ राजेश सुमन की बुंदेली कविता, निहाल सिंह शिवहरे झांसी की लघुकथा एवं कैलाश सोनी हमीरपुर की वार्ता भी सुनने को मिलेगी।
आदेश ... जय किसान फसल ऋण माफी योजना के गुलाबी फार्मों के 24 दिसंबर तक होंगे निराकरण
टीकमगढ़| उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास अधिकारी एसके श्रीवास्तव ने बताया है कि जय किसान फसल ऋण माफी के लिए जिला टीकमगढ़ एवं निवाड़ी के किसानों द्वारा गुलाबी आवेदन फार्म-एक एवं दो भरे गए हैं। वह अपने आवेदन के निराकरण के लिए ऋण माफी एवं बैंक से संबंधित समस्त दस्तावेज ले जाकर संबंधित बैंक में स्वयं उपस्थित होकर 24 दिसंबर 2019 तक निराकरण कराएं।
बैठक ... आयकर तथा टीडीएस पर सेमिनार 23 को
टीकमगढ़| आयकर अधिकारी ग्वालियर द्वारा जिले में आयकर तथा टीडीएस पर सेमिनार का आयोजन 23 दिसंबर 2019 को दोपहर 2.30 बजे से कलेक्टोरेट कार्यालय के सभाकक्ष में किया जा रहा है। सभी कार्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया गया है, कि वे अपने कार्यालय के संबंधित लिपिक के साथ सेमिनार में उपस्थित होना सुनिश्चित करें।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/mp/chhatarpur/news/mp-news-organization-team-of-science-friend-club-search-journey-leaves-from-school-of-astoun-village-065634-6224186.html
No comments:
Post a Comment