कांग्रेसियों ने नपाध्यक्ष और सीएमओ पर केस दर्ज करने दिया ज्ञापन
भास्कर संवाददाता | हरदा
खेड़ीपुरा में मुक्तिधाम के पास फेंके जा रहे कचरे को नगरपालिका ने यदि 15 दिन में कहीं और डंप करना शुरू नहीं किया तो नपाध्यक्ष सुरेंद्र जैन के घर का घेराव किया जाएगा। कचरे की गाड़ियां भी उनके घर के सामने खड़ी कराएंगे। जिससे वे उन लोगों की परेशानी महसूस कर सकें, जो रोज कचरे की बदबू व धुआं सहन कर रहे हैं। यह बात पूर्व विधायक डॉ. आरके दोेगने ने कही। इस दौरान कांग्रेसियों ने सिविल लाइन थाने में आवेदन दिया।
इसमें नपाध्यक्ष सुरेंद्र जैन व सीएमओ जीएस यादव को इस अव्यवस्था के जिम्मेदार ठहराते हुए प्रकरण दर्ज करने की मांग की।
डॉ. दोगने ने कहा कि जहां रोज 28 टन कचरा फेंका जा रहा है, उसी के बाजू में बहुत गहरी खाई है। यदि नपा उसमें अब तक कचरा और ऊपर से फिनाइल डालती तो वह गड्ढा भर जाता। इससे भविष्य में वहां किसी मवेशी के गिरने की आशंका भी खत्म हो जाती। उन्होंने कहा कि यदि नपा ने 15 दिन में कचरा फेंकने की जगह नहीं बदली और मुक्तिधाम पहुंच मार्ग को इससे मुक्त नहीं किया तो कांग्रेसी उनके घर के सामने ही घेराव कर प्रदर्शन करेंगे। पार्षद सईद खान ने कहा कि जल्द ही नपा ने समस्या का समाधान नहीं किया तो वे फिर से जनहित में कचरे के ढेर पर लगातार धरना देंगे।
इधर सिविल लाइन थाने में पहुंचे कांग्रेसियों ने कचरा के दुर्गंध व धुएं से लोगों को हो रही परेशानी का नपाध्यक्ष व सीएमओ को जिम्मेदार बताते हुए केस दर्ज करने की मांग की। इस संबंध में सिविल लाइन थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले ने कहा कि ज्ञापन मिला है। वे डीपीओ से राय लेंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/mp/harda/news/mp-news-if-the-garbage-is-not-dumped-anywhere-else-then-after-15-days-the-congress-will-besiege-the-house-of-the-president-084122-6085303.html
No comments:
Post a Comment