Thursday, November 28, 2019

शिविर में 2.15 घंटे मंत्री और 3.15 घंटे देरी से आए कलेक्टर, 13 गांवों से 150 आवेदन आए ताे श्रम मंत्री बोले- समस्याएं घटी हैं

बमोरी ब्लॉक के सबसे बड़े समुदायों में से एक सहरिया आदिवासियों से जुड़ा एक बड़ा मामला शिविर में सामने आया। करीब 25 सहरिया लोगों का समूह राशन न मिलने की शिकायत लेकर पहुंचा था। उनका कहना था कि खाद्यान्न पर्ची जारी न होने की वजह से उन्हें गेहूं व अन्य राशन नहीं मिल पा रहा है। जबकि नियमानुसार इस समुदाय के लोगों को यह छूट है कि अगर उनके पास राशन कार्ड भी नहीं है तो वे सिर्फ अपना जाति प्रमाणपत्र दिखाकर अनाज प्राप्त कर सकते हैं। यह सुविधा सिर्फ इसी समुदाय के लोगों को है। शिविर में मौजूद अधिकारी भी इस समस्या को लेकर चौंक गए थे। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी लोगों को अगले माह से ही अनाज मिलने लगेगा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बुधवार रात ही उन्हें शिविर की जानकारी मिली थी

भास्कर संवाददाता | बमोरी

आपकी सरकार आपके द्वार श्रृंखला के तहत गुरुवार को बमोरी विधानसभा व गुना ब्लॉक के रहपुरा में शिविर आयोजित किया गया। इस श्रृंखला के अब तक हुए शिविरों के मुकाबले इसमें सबसे कम आवेदन आए। 4 घंटे चले शिविर में मुश्किल से 150 के करीब समस्याएं आईं। जबकि यहां खुद श्रम मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया के अलावा कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार, सीएमएचओ जैसे आला अधिकारी मौजूद थे।

आवेदनों की कम संख्या को मंत्री ने भी नोटिस किया। उनका तर्क था कि चूंकि इस तरह शिविर लगातार हो रहे हैं, इसलिए लोगों की समस्याएं अब भी कम होती जा रही था। हालांकि इसकी कुछ और वजह भी रहीं। एक तो यह शिविर अचानक तय हुआ। पहले इसे इसी पंचायत के सुआटोर गांव में 25 नवंबर को होना था। पर इसे निरस्त कर दिया गया। इसके बाद नई तारीख के साथ जगह भी बदल दी गई। लोगों को इसकी जानकारी समय पर नहीं मिल पाई। क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उन्हें बुधवार रात को जानकारी मिली थी। इसलिए वे ज्यादा लोगों तक अपनी पहुंच नहीं बना पाए। यह शिविर 12 से 14 गांव के बीच लगाया जाता है।

नहीं आना भी एक सवाल... कार्यकर्ताओं ने गांव में जाकर लोगों से पूछा-आवेदन देना है क्या, ताे बोले नहीं

शिविर में समय पर नहीं पहुंच पाए मंत्री और आला अधिकारी

यह शिविर दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक आयोजित होना था। श्रम मंत्री दोपहर सवा दो के आसपास पहुंच पाए। वहीं कलेक्टर को पहुंचने में और एक घंटा लग गया। इस दौरान ज्यादातर लोग अपने आवेदन उन अधिकारियों को दे चुके थे, जो पहले वहां पहुंच गए थे। बाद में कार्यकर्ताओं को कहा गया कि वे गांव व शिविर स्थल पर मौजूद लोगों से बात करके यह पता लगाएं कि उनमें से कितनाें को अभी और आवेदन देना है।

बड़ा मामला : नियम के अनुसार सहरिया आदिवासियों को बिना कार्ड राशन मिलना चाहिए, उनसे मांगी जा रही खाद्यान्न पर्ची

बमोरी में लगे आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों के आवेदन लेते श्रम मंत्री महेंद्र सिसौदिया।

इन मांगों पर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

ग्राम पंचायत कलेशरी में अस्पताल

सुआटोर मेंे पशु चिकित्सालय

सुआटोर से रहेपुरा रोड पर पुलिया (इसके लिए 2 लाख मंजूर)

अजीतेखेड़ा में गौशाला

ग्राम पंचायत बिट्‌ठलपुरा में तालाब

पूर्व सरकार पर कटाक्ष : शिवराज ने किए थे 36000 झूठे वादे, हमने वचन पत्र के लिए बनाई मंत्रियों की कमेटी

श्रम मंत्री ने इस मौके पर पूर्व शिवराज सरकार पर हमला किया। उन्होंने आरोप किया कि पूर्व सीएम ने अपने कार्यकाल के दौरान 36000 वादे किए थे, जिनमें से अधिकांश कभी पूरे नहीं हुए। जबकि कांग्रेस ने 5 साल के लिए जो वचन पत्र दिया है, उस पर अमल के लिए मंत्रियों की कमेटी बनी है। हम समय सीमा में एक-एक वादा पूरा करके दिखाएंगे।

निहालदेवी पर बनेगी धर्मशाला, 100 साल पुराने विलास तालाब का गहरीकरण मंजूर

इस मौके पर श्रम मंत्री ने कहा कि निहालदेवी मंदिर पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धर्मशाला का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मांग क्षेत्र के लोगों द्वारा की जा रही है। उन्होंने मंदिर ट्रस्ट की अध्यक्ष व एसडीएम शिवानी गर्ग को कहा कि वे जल्द से जल्द काम शुरू करवाएं। इसके अलावा क्षेत्र के विलास तालाब के गहरीकरण की मांग पर कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार ने मौके पर मौजूद इंजीनियरों को तुरंत सर्वे करने निर्देश दिए। शिविर में तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, सीईओ राकेश शर्मा, सीएमएचओ पी. बुनकर, डीईओ आरएन उपाध्याय आदि मौजूद थे। वहीं कांग्रेस नेताओं ब्लॉक अध्यक्ष मुरारीलाल धाकड़, वीर बहादुर सिंह यादव,गोवर्धन मीना, रामनाथ परांठ, विजय प्रताप, अर्जुन परमार, पवन यादव, कपिल सोनी, रमेश पटेलिया आदि उपस्थित रहे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Guna News - mp news 215 hours minister and 315 hours late collector 150 applications came from 13 villages


source https://www.bhaskar.com/mp/guna/news/mp-news-215-hours-minister-and-315-hours-late-collector-150-applications-came-from-13-villages-082545-6053716.html

No comments:

Post a Comment