Wednesday, January 6, 2021

विरोध के बाद तर्क- ट्रैफिक सुधारने हटाया अतिक्रमण; दुकानों की शटर से डेढ़ फीट दूर रख सकते हैं बोर्ड या डिस्प्ले का सामान

सड़क पर रखे सामान पर प्रशासन की सख्ती और दो दिन के लिए दुकानें सील करने के मुद्दे पर बुधवार को व्यापारियों व अधिकारियों ने आमने-सामने बात की।संयुक्त व्यापार संघ की आपत्ति सामने आने पर नया मोड़ यह आया कि प्रशासन ने इसे अतिक्रमण हटाने की मुहिम मानने से ही इंकार कर दिया। एसडीएम मदन रघुवंशी ने कहा कि यह अतिक्रमण हटाने की नहीं बल्कि यातायात व्यवस्था ठीक करने की मुहिम है। बाजार में आम लोग व ग्राहक कैसे आएं-जाएं, यह आप सोचें।

उन्होंने सवाल किया आप बताइए क्या अतिक्रमण में बाजार की कोई दुकान तोड़ी है क्या? एसडीएम ने यह कहते हुए व्यापारियों को राहत दी कि व्यापार संघ में जो सुझाव रखे हैं वह सब प्रशासन को मंजूर हैं। उन्होंने सीएमओ हेमेश्वरी पटले की मौजूदगी में घोषणा की कि दुकानों की शटर से डेढ़ फीट की दूरी तक बोर्ड या डिस्प्ले का सामान रखा जा सकता है। जमीन से ऊंचाई पर बना शेड तीन फीट से अधिक बाहर न हो। इस नियम का उल्लंघन कोई भी दुकानदार ना करे। पत्रकार भवन में हुई बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि अगर कोई व्यापारी यह नियम तोड़ेगा तो प्रशासन दुकान सील करने की कार्रवाई करेगा।

संयुक्त व्यापार महासंघ अध्यक्ष दीपक अग्रवाल ने कहा कि प्रशासन और व्यापारी दोनों पक्षों की बातचीत के बाद स्पष्ट निर्णय लिए गए हैं जिससे व्यापारियों का असमंजस खत्म होगा। बैठक में व्यापारियों को आश्वस्त किया गया कि पक्की दुकानों की मरम्मत सीएमओ से अनुमति लेकर अपने खर्चे से करवा सकते हैं। दुकानों का कचरा बाजार की सड़क पर नहीं आए, इसके लिए कचरा गाड़ी रात 9 बजे तक सुलभ कांप्लेक्स के पास खड़ी रखी जाएगी।

बाजार की यातायात व्यवस्था के लिए ये नियम लागू

  • दुकानों के सामने वाहन घंटों तक खड़े नहीं रहेंगे। दुकानदारों व उनके कर्मचारियों के वाहन मिड वे पार्किंग में रखे जाएं।
  • जयस्तंभ चौक को नो पार्किंग जोन घोषित किया गया। यहां कोई भी वाहन की पार्किंग नहीं होगी।
  • बाजार में लोडिंग ऑटो के आने-जाने की अनुमति सुबह 10 बजे तक रहेगी।
  • किराना दुकानों से खरीदा गया सामान ले जाने के लिए सवारी ऑटो के लिए कोई पाबंदी नहीं है।
  • बाजार में बीच रोड पर हाथ ठेलों की जगह निर्धारित की जाएगी। फल के ठेले सब्जी मंडी में भेजे जाएंगे।


Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
बाजार में सड़क पर रखा सामान।


source https://www.bhaskar.com/local/mp/hoshangabad/itarsi/news/arguments-after-protests-traffic-rectification-removed-encroachment-can-keep-the-board-or-display-goods-one-and-a-half-feet-away-from-the-shutter-of-the-shops-128096939.html

No comments:

Post a Comment