Wednesday, January 6, 2021

अतिक्रमण में हटाए पांच निर्माणाधीन पीएम आवास, 37 स्थानों से 4200 वर्गफीट की जगह मुक्त करवाई

नगर में नप व प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ मुहिम चलाई। बुधवार सुबह 11 से शाम 5.30 बजे तक बड़ा चौराहा, झिरन्या रोड, मंडी रोड, छोटा चौराहा सहित वार्ड 6 व 9 में नाली के आगे बने निर्माण को हटाया गया। करीब 37 स्थानों की 4200 वर्गफीट सरकारी जमीन को मुक्त करवाया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने 5 मकानों को भी तोड़ा गया। हितग्राहियों व व्यापारियों ने प्रशासन की कार्रवाई का विरोध किया। अमले ने किसी की एक भी नहीं सुनी। लोगों ने नप अध्यक्ष व पार्षदों के इस्तीफे देने की मांग की है। एसडीएम ने कहा- मुख्यमंत्री के आदेश पर कार्रवाई की जा रही है। सुबह करीब 11 बजे एसडीएम ओमनारायण सिंह, तहसीलदार देवकुंवर सोलंकी, नायब तहसीलदार ममता मिमरोट, सीएमओ मनोज गंगराड़े व टीआई जगदीश गोयल के साथ मुख्य मार्ग पर पहुंचे और जेसीबी के माध्यम से अतिक्रमण तोड़े गए। शाम को वार्ड 6 व 9 में मीट मार्केट स्थित परिषद की 6 दुकानों को हटाया।

लोग बोले- जांच के बाद ही
दिए थे पीएम आवास
वार्ड 6 के मुबारिक पिता लतीफ, हुसैन पिता निबे खान व दिनेश पिता राजाराम और वार्ड 9 की सरिता कमल भालसे व नतीबाई पति राधू के पीएम आवास को तोड़ा गया। हितग्राहियों ने कहा नप ने पूरे दस्तावेज जांच कर प्रधानमंत्री आवास दिया था। इसमें बकायदा मकान की नपती परिषद के इंजीनियर ने की। इसके बाद ही राशि स्वीकृत की गई। मकानों के पट्‌टे भी है। इसके बाद भी एसडीएम ने एक भी नहीं सुनी और मकान तोड़ दिए। अब दोबारा मकान निर्माण के लिए रुपए कहां से लाएंगे।

अध्यक्ष व पार्षदों के विरोध में कराएंगे नगर बंद
व्यापारी अरविंद जायसवाल ने कहा कार्रवाई को लेकर एसडीएम का कहना है कार्रवाई सीएमओ कर रहे है। वे केवल प्रशासनिक व्यवस्था के लिए साथ है। अरविंद जायसवाल, विजय गुप्ता व उमेश गुप्ता ने बताया कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को पहले पार्षदों को इस्तीफा देने के लिए कहेंगे। इसके बाद नप अध्यक्ष दीपक ठाकुर से भी इस्तीफा देने का निवेदन करेंगे। नहीं मानने पर अध्यक्ष के खिलाफ नगर बंद किया जाएगा। पूरी कार्रवाई के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष के नदारद रहने पर भी व्यापारियों ने आक्रोश जताया।

नोटिस के बाद भी नहीं हटाए अतिक्रमण, ओटले तोड़े
सुबह 11.30 बजे मुख्य मार्ग व गांधी चौक पर नालियों पर किए गए व्यापारियों के अतिक्रमण को हटाया गया। 12 बजे जेसीबी झिरन्या रोड की ओर मुड़ी। प्रशासनिक अमले को देख लोगों ने स्वयं नालियों पर से ओटले हटाना शुरू कर दिए। लोगों के विरोध के बावजूद नालियों के ऊपर आ रहे घरों के छज्जे भी तोड़े गए। जैन मंदिर क्षेत्र के व्यापारियों ने एसडीएम व सीएमओ को दस्तावेज दिखाए। लेकिन अफसरों के आदेश मिलते ही जेसीबी ने अतिक्रमण हटा दिया। क्षेत्र के 8 व्यापारियों को सोमवार को नोटिस भी दिए गए थे। व्यापारी विजय गुप्ता, लालचंद शर्मा, निशांत जायसवाल, रामलाल सुरागे, राजू लाड़, ज्ञानेश राठौर, श्याम सेन, मधु लाड़, दीपक शर्मा आदि ने कहा नप से आवंटित दुकानों को बगैर सूचना के हटाया गया है। कार्रवाई से सरकार के खिलाफ विरोध का माहौल बनाने का प्रयास किया रहा है।

व्यापारी बोले- बिना सूचना चला दी जेसीबी
दोपहर 2.30 बजे मंडी रोड स्थित दुकानों पर कार्रवाई की गई। दुकानों के साईवान व ओटले हटाए गए। दुकानदार अभिषेक गंगराडे, गीगा भाया व राकेश भार्गव ने कहा नोटिस दिया न लाइनिंग की गई। अमले ने पहुंचकर कार्रवाई की। नाले के पास स्थित दुकानों से तो सामान भी नहीं हटा पाए व सामान सहित दुकान जेसीबी की सहायता से हटा दी गई। दोपहर 3 बजे छोटा चौराहे पर खंडवा-खरगोन मार्ग के दोनों ओर की 10 दुकानों का अतिक्रमण तोड़ा। व्यापारी सुधीर वर्मा, शेहजाद शाह, इलियास तंवर, अमरसिंह चौहान, संजय शर्मा आदि ने कहा 25 साल से दुकान चला रहे हंै। दुकानों की वजह से यातायात में दिक्कत नहीं होती। नप को बकायदा किराया देते आ रहे हैं। तीसरी बार दुकानें तोड़ दी गई। सोमवार को नप से नोटिस मिलने के बाद मंगलवार को एसडीएम, पुलिस, व नप को आवेदन दिया था।

^भू-माफियाओं पर कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को 37 स्थान की 1 करोड़ 69 लाख रुपए मूल्य की 4200 वर्गफीट जमीन मुक्त करवाई है। लीज रिनिवल नहीं करवाने पर कई व्यापारियों की दुकानें तोड़ी है। यह भी अतिक्रमण की श्रेणी में आता है। अवैध कॉलोनियों पर भी शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
ओमनारायण सिंह, एसडीएम



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Five under-construction PM houses removed in encroachment, liberating 4200 sq ft space from 37 places


source https://www.bhaskar.com/local/mp/khandwa/khargone/news/five-under-construction-pm-houses-removed-in-encroachment-liberating-4200-sq-ft-space-from-37-places-128096958.html

No comments:

Post a Comment