Tuesday, February 4, 2020

सीरियलों के नाम पर बिना बैच और पैकिंग डेट के बेचे जा रहे थे रिंग फिंगर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने नष्ट कराए


खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को जिले के अलग-अलग स्थानों छापामार कार्रवाई करते हुए खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इस दौरान दमोह में अंजनी फूड्स की फैक्ट्री से विभिन्न भ्रामक नाम के बिना बैच नंबर एवं पैकिंग डेट वाले रिंग फिंगर के 1200 पैकिटों को विनष्टीकरण कराया गया।

मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति राय एवं माधवी बुधौलिया ने दमोह, हटा एवं बटियागढ़ में अलग-अलग स्थानों पर निरीक्षण करते हुए विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच लिए हैं। वहीं दमोह में निरीक्षण की कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश अहिरवाल ने हिरदेपुर, सागर नाका, सागर रोड स्थित अंजनी फूड्स की रिंग फिंगर्स, पास्ता, नूडल्स निर्माण यूनिट का निरीक्षण किया। मौके पर पास्ता, नूडल्स एवं रिंग फिंगर्स के निर्माण में उपयोग होने वाले स्पाइसी मिक्स मसाला टेस्ट मेकर एवं अंजनी स्कूल टाइम पास पास्ता का नमूना जांच लिया गया है। इस दौरान परिसर में कार्यरत कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र बनवाने के निर्देश दिए गए। साथ ही हेड कवर, एप्रन एवं हैंड ग्लव्स का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। परिसर में पेस्ट कंट्रोल प्रबंधन, वेस्ट डिस्पोजल व्यवस्था दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए।

मौके पर मोटू पतलू, भाभी जी घर पर हैं, चलती का नाम गाड़ी, अली बाबा चालीस चोर, पबजी आदि विभिन्न नाम से तैयार हो रहे रिंग फिंगर के बिना बैच नंबर, पैकिंग डेट, एक्सपायरी डेट एवं निर्माता का अपूर्ण पता वाले लगभग 1200 पैकिटों को मौके पर विनष्टीकरण करवाया गया है। जिनकी कीमत करीब 6 हजार रुपए है।

मौके पर विक्रेता को बैच नंबर एवं पैकिंग डेट अंकित किए गए रिंग फिंगर का निर्माण करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं हटा में प्रीति राय ने हटा में दिगंबर किराना एवं अग्रसेन किराना से मूंग दाल एवं पोहा के नमूने लिए। इसी तरह माधवी बुधौलिया ने बस स्टैंड, बटियागढ़ स्थित हिंगलाज ट्रेडर्स से अमूल स्प्रे मिल्क पाउडर का नमूना लिया है। इन खाद्य पदार्थों के नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/mp/damoh/news/mp-news-ring-finger-were-being-sold-in-the-name-of-serials-without-batch-and-packing-date-destroyed-by-food-safety-officer-080548-6548224.html

No comments:

Post a Comment