शहर के विवेकानंद चौराहा के सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही को लेकर मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा नगर पालिका कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया गया। दोपहर 12 बजे से शुरू हुआ धरना कार्यक्रम एक घंटे तक जारी रहा। इस दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा नगर पालिका प्रशासन एवं ठेकेदार के विरोध में जमकर नारेबाजी की गई।
धरने की जानकारी लगते ही कोतवाली टीआई एचआर पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सीएमओ से बात की तो पता चला कि वह कलेक्टोरेट जनसुनवाई में हैं। इसके बाद नगर पालिका अधीक्षक अरविंद राजपूत मौके पर पहुंचे और ज्ञापन देने की बात कही, लेकिन एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने उन्हें ज्ञापन देने से मना कर दिया और कहा कि जब तक सीएमओ नहीं आएंगे, तब तक हम लोग यहीं पर धरना देंगे। करीब एक घंटे बाद एक बजे सीएमओ कपिल खरे धरना स्थल पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं से बात की।
जिला संयोजक शिवेंद्र तिवारी ने बताया कि स्वामी विवेकानंद चौराहा लंबे समय से उपेक्षित पड़ा है। चौराहे का निर्माण होने के कुछ दिनों बाद ही वहां पर लगे टाइल्स उखड़ गए हैं। इस संबंध में कई बार नगर पालिका प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अवगत कराया गया लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। उक्त चौराहे को लेकर अभी तक कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया गया। जिससे युवाओं में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि यदि तीन दिवस के अंदर चौराहे का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो विद्यार्थी परिषद दोबारा आंदोलन करेगी। इस मौके पर नीलेश राठौर, राहुल कुमार, मेघना सोनी, आरती पटेल, शारदा असाटी, सत्यम रजक, सौरभ राही, भूपेंद्र राय, हरिओम सोनी, बंटी मुंडा, दिलीप सुमन, सत्यम दहिया, चंचल तिवारी, र|ेश, रशु, सूर्या, दीपेश, राहुल सहित अन्य युवा मौजूद थे।
सीएमओ ने कहा-विवेकानंद चौराहे पर सेल्फी लेते हैं युवा, इसलिए उखड़े टाइल्स
5 दिन के अंदर काम शुरू कराने का अाश्वासन
इस दौरान सीएमओ कपिल खरे ने कहा कि ठेकेदार का कहना है कि जिस समय चौराहे के पास निर्माण कार्य हुआ था, उसके कुछ ही दिनों में बच्चे एवं युवाओं द्वारा वहां जाकर सेल्फी लेना शुरू कर दी गई थी। जिससे टाइल्स उखड़ गए। इस बात को लेकर शिवेंद्र तिवारी ने कहा कि केवल सेल्फी लेने से टाइल्स नहीं टूटते। बाद में सीएमओ ने आश्वासन दिया कि 5 दिन के अंदर विवेकानंद चौराहे का सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पुनः चालू कराया जाएगा। जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने आंदोलन स्थगित किया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/mp/damoh/news/mp-news-abvp-protests-against-development-and-beautification-of-vivekananda-square-cmo-said-cmo-will-start-work-in-five-days-080552-6548223.html
No comments:
Post a Comment