Sunday, November 24, 2019

पांचवीं और आठवीं की बोर्ड पैटर्न पर होगी परीक्षा, मुनादी कर दे रहे हैं सूचना

बेगमगंज|इस साल से कक्षा पांचवी और आठवीं की परीक्षा बोर्ड पैटर्न पर होगी। इस परीक्षा की सूचना देने के लिए शिक्षा विभाग गांव-गांव में ढोंडी पिटवा रहा है, ताकि अब पालक इस मुगालते में न रहे कि बच्चे आठवीं तक पास हो जाएंगे। प्रदेश सरकार ने बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए इसी सत्र से पांचवी व आठवीं को बोर्ड कर दिया है। इसलिए अपने बच्चों को जो होमवर्क दिया जा रहा है, उस पर विशेष ध्यान दें। स्कूल के बाद बच्चों को घर पर भी पढ़ने के लिए कहें ताकि वे पांचवी व आठवीं बोर्ड की परीक्षा पास कर सकें।

निशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 में सरकार के द्वारा किए गए संशोधन के अनुरूप स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा वर्तमान में अकादमिक सत्र 2019-20 में कक्षा पांचवी और आठवीं के बच्चों का वार्षिक मूल्यांकन बोर्ड पैटर्न पर किया जाएगा। बोर्ड पैटर्न पर होने वाली परीक्षा की तैयारियां शिक्षकों द्वारा शुरू कर दी गई है। अभी स्कूल स्तर पर टेस्ट लिए जा रहे है, जिसमें बच्चों द्वारा हल किए गए प्रश्नों की कापियाें को शिक्षकों द्वारा जांचा जाएगा। जिसमें सामने आई गल्तियों में सुधार के लिए बच्चों को समझाया जाएगा, ताकि बच्चों को वार्षिक परीक्षा में प्रश्नपत्र हल करते समय किसी प्रकार का भय ना रहे और वह आत्मविश्वास के साथ समय सीमा में प्रश्नपत्रों को हल कर सकें। इस संबंध में बीआरसी बीएस खंगार का कहना है कि सभी पालकों को सूचना दी गई है कि अब पांचवीं आठवीं की परीक्षा बोर्ड पैटर्न पर होगी। इसके लिए गांव-गांव में विभिन्न माध्यमों से सूचना दी जा रही है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/mp/raisen/news/mp-news-examination-will-be-done-on-board-pattern-of-fifth-and-eighth-informing-munadi-064039-6021624.html

No comments:

Post a Comment