कैंसर अब लाइलाज बीमारी नहीं है। बशर्ते समय रहते कैंसर की पहचान हो जाए और समुचित उपचार किया जाए तो कैंसर से पीड़ित व्यक्ति स्वस्थ हो सकता है। कई प्रकार के रेडिएशन भी लोगों के शरीर पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं, इन रेडिएशन से भी दूर रहने की आवश्यकता है। यह बात बुधवार को विश्व कैंसर दिवस पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन द्वारा लाड़ो रतन भवन में आयोजित कैंसर जागरूकता टॉक-शो व हस्ताक्षर अभियान में मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता ने कही।
अध्यक्षता कर रहे टॉक शो में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन दतिया के अध्यक्ष डॉ. हेमन्त गौतम ने देश व विश्व में कैंसर से होने वाली मौतों के आंकड़े बताते हुए समुदाय को जागरूक करने की महती आवश्यकता बताई। साथ ही अपील की कि हमें तम्बाकू से बने पदार्थों के सेवन से दूर रहना चाहिए। मेडिकल कॉलेज की सहायक प्राध्यापक डॉ. अमिता शर्मा ने जानकारी देते हुए महिलाओं में बच्चेदानी के मुंह, अंडेदानी एवं ब्रेस्ट कैंसर से बचने के लिए नियमित जांच कराने की बात कही। उन्होंने बताया कि कैंसर से महिलाओं को बचने के लिए वैक्सीन के 3 डोज जो अविवाहित महिला को 9 से 45 वर्ष की उम्र में लगने से प्रतिरक्षित किया जा सकता है। कैंसर विशेषज्ञ डॉ. सीपी अवस्थी ने कहा कि स्वयं की सकारात्मकता कैंसर रोगियों को निजात दिलाने में बहुत ही सहयोगी बन सकती है। हमें अपने शरीर को प्रतिदिन कम से कम एक घंटे देने की आवश्यकता है। शरीर की नियमित मालिश भी अवश्य करें और तनाव मुक्त रहें। डॉ. विजय चौधरी ने कहा कि शरीर की कोई भी कोशिका अपना निर्धारित कार्य करना बंद कर दे तो कैंसर बन जाता है। हमें बिना देर किए जांच करना चाहिए। डॉ. मुकेश सिंह ने कहा कि आंखों में होने वाले किसी भी बदलाव पर हमें तुरन्त जांच कराकर समुचित उपचार कराना चाहिए। आंख का कैंसर गैर उपचारात्मक बताते हुए उन्होंने नियमित जांच की सलाह दी।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. हेमन्त जैन ने कहा कि समुदाय में जागरूकता लाने के लिए हम सबको प्रयास करने की आवश्यकता है। समय समय पर हम सब मिलकर दतिया जिले में इस तरह के आयोजन करते रहेंगे।
कार्यक्रम का संचालन स्वदेश ग्रामोत्थान समिति सचिव रामजी शरण राय ने किया। इस दौरान डॉ. लक्ष्मण सिंह, रोहित गुप्ता, अशोक कुमार शाक्य, पवन सिजरिया, महेन्द्र पाठक, अल्पना पुरोहित, वीरेंद्र शर्मा, सरदार सिंह गुर्जर, पीयूष राय, अभय दांगी, आयुष राय, दीक्षा लिटौरिया, बलवीर पांचाल, शिवम बघेल, बिक्की बुंन्देला आदि मौजूद रहे।
कैंसर दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते चिकित्सक।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/mp/datia/news/mp-news-cancer-is-not-an-incurable-disease-if-treated-on-time-dr-gupta-071122-6555576.html
No comments:
Post a Comment