खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ईदगाह हिल्स स्थित राज्य खाद्य पदार्थ परीक्षण प्रयोगशाला में अब खाद्य पदार्थों में कीटनाशक, धातुएं और बैक्टीरिया समेत अन्य माइक्रो बायोलॉजिकल जांचें हो सकेंगी। इसके लिए यहां पर लेबोरेटरी को अपग्रेड किया गया है, मशीनें इंस्टॉल कर दी गई हैं। सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट ने अपग्रेड की गई लेबोरेटरी का शुभारंभ किया।
दरअसल, राज्य खाद्य पदार्थ परीक्षण प्रयोगशाला के स्थान पर मॉडर्न फूड लैबोरेटरी बनाने का काम दो साल से चल रहा था, एफएसएसएआई ने लैब में साढ़े 8 करोड़ के उपकरण सॉफ्टटेल योजना के तहत खरीदकर दिए हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया एक महीने उपकरणों का ट्रॉयल रन चलेगा। इसके बाद जांच की व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी। प्रदेश में सप्लाई हो रहे दूध, मावा, घी और पेय पदार्थों, सब्जियों की माइक्रोबायलॉजिकल, केमिकल और हैवी मेटल जांच अभी तक नहीं हो पाती थी। अब यह जांच यहां पर हो सकेगी। यहां पर सब्जियों में उपयोग होने वाले रासायनिक रंगों की जांच भी हो सकेगी।
14 दिन में मिलेगी रिपोर्ट : आम आदमी को खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका होने पर संबंधित खाद्य पदार्थ को एक पैकेट में भरकर उसे लैब पर ले जाना होगा। यहां पर उसे 10 रुपए की रसीद कटवाना होगी। इसके बाद संबंधित व्यक्ति द्वारा दिए गए सैंपल की जांच की जाएगी। यहां पर माइक्रोबायलॉजिकल, केमिकल और हैवी मेटल की जांच 3 से 4 दिन में हो जाएगी, किंतु रिपोर्ट नियमानुसार 14 दिन के भीतर ही मिलेगी।
मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने पर ये है सजा का प्रावधान
मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने पर खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम-2006 के तहत मिलावट करने वाले पर अधिकतम 2 लाख रुपए जुर्माना और आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है।
इंजेक्शन लगाकर बढ़ाते हैं तरबूज का आकार, पपीते, केले में कबाइट
बाजार में बिकने वाला आम, केला और पपीता को पकाने के लिए कई व्यापारी कार्बाइड करते हैं, जबकि यह पूरी तरह से प्रतिबंधित है। इसी तरह तरबूज को भी ज्यादा लाल दिखाने के लिए इंजेक्शन के माध्यम से लाल रंग उसके अंदर पहुंचाते हैं। इससे तरबूज बिलकुल लाल दिखाई देता है। इसी तरह सेब के बाहरी हिस्से में व्यापारी वैक्स कोटिंग करते हैं। इससे फल ज्यादा चमकदार दिखाई देता है और ज्यादा दिन तक ताजा दिखता है। नियमानुसार वैक्स की कोटिंग होने पर फल के ऊपर वैक्स होने की जानकारी डिस्प्ले करना अनिवार्य है।
किन-किन सब्जियों की होती है रंगाई
मंडियों में सब्जियों को ताजा दिखाने के लिए उनकी रंगाई की जाती है। उसमें काॅपर सल्फेट का प्रयोग किया जाता है। रंगे जाने वाले सब्जियों में आलू, करेला, भिंडी, बैगन, मटर, लौकी, गिलकी शामिल हैं। इसी तरह कद्दू समेत अन्य हरी सब्जियों का आकार बढ़ाने के लिए ऑक्सीटोसिन के इंजेक्शन का प्रयोग किया जाता है। सब्जियों में सबसे ज्यादा पसंदीदा सब्जी आलू होता है। आलुओं को ताजा दिखाने के लिए पीले रंग से रंगकर उसे ताजा दिखाने का प्रयास किया जाता हैं।
सागर लैब के साइंटिस्ट्स ही होंगे शिफ्ट
फोरेंसिक एक्सपर्ट की अभी कमी है। डीएनए सैंपलों की जांच सागर लैब में प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। इसके लिए 9 साइंटिस्ट काम कर रहे हैं। इनमें अन्य एक्सपर्ट भी शामिल हैं। भोपाल लैब शुरू होने पर वर्तमान में मौजूद 9 साइंटिस्ट में से ही कुछ को भोपाल लैब शिफ्ट किया जाएगा। लगभग 45 साइंटिस्ट की कमी पूरी करने के लिए जल्द भर्ती भी निकाली जा रही है। इसमें की विषय के एक्सपर्ट की भर्ती की जानी है।
सागर में अभियान चलाकर की जा रही है जांच
सागर लैब में डीएनए जांच के लिए अभी 5500 से ज्यादा सैंपल पेंडिंग हैं। लैब में अभियान चलाकर डीएनए इन सैंपलों की जांच की जा रही है, जिससे पेंडिंग सैंपलों की जल्द से जल्द जांच हो सके। लंबे समय तक सैंपल की जांच नहीं हो पने से अपराधी को कोर्ट में इसका लाभ मिलता है।
... और उधर, प्रदेश की दूसरी डीएनए लैब 19 फरवरी से राजधानी में हो जाएगी शुरू
भास्कर न्यूज | भोपाल
राजधानी भोपाल में 19 फरवरी को डीएनए लैब अपना काम करना शुरू कर देगी। यह प्रदेश की दूसरी डीएनए लैब होगी। अब तक सागर स्थित लैब में ही डीएनए की जांच होती थी। सागर लैब में फिलहाल 5500 से ज्यादा डीएनए सैंपल जांच के लिए लंबित हैं। प्रदेश की दूसरी लैब भदभदा स्थित फोरेंसिक साइंस लैब में बनाई गई है।
भोपाल डीएनए लैब का 26 जनवरी को मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा शुभारंभ किया जाना था, लेकिन उपकरण खरीदी और उनकी डिलेवरी में देरी होने से लैब शुरू नहीं हो सकी थी। मध्यप्रदेश पुलिस हाउसिंग काॅर्पोरेशन द्वारा डीएनए लैब की बिल्डिंग तैयार की गई है। इसके बाद लैब के उपकरणों की खरीदी हुई है। लैब पूरी तरह बनकर तैयार है। अब संभवतः 19 फरवरी को मुख्यमंत्री द्वारा लैब का शुभारंभ किया जा सकता है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/mp/dhar/news/mp-news-now-check-the-adulteration-of-milk-fruits-vegetables-and-beverages-for-just-rs-10-i-will-be-in-071031-6594254.html
No comments:
Post a Comment