Tuesday, November 19, 2019

दावेदारों के बारे में बोले भाजपा जिलाध्यक्ष- कोई अच्छा दावेदार नहीं

भारतीय जनता पार्टी के 13 मंडल में से 12 के अध्यक्ष की ताजपोशी के बाद अशोकनगर मंडल अध्यक्ष का मामला अटक गया है। इस मामले को लेकर जहां भाजपा के जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह रघुवंशी ने शहर मंडल अध्यक्ष की दावेदारी कर रहे कार्यकर्ताओं में से किसी को भी अच्छा दावेदार न मानने की वजह से घोषणा रुकने की बात कही है। वहीं इस मामले में दो पूर्व जिलाध्यक्षों द्वारा बोला गया है कि शहर के कार्यकर्ताओं में प्रदेश का नेतृत्व करने की क्षमता है। मंडल अध्यक्ष की दावेदारी करने वाले सभी कार्यकर्ता बहुत अच्छे हैं।

अशोकनगर शहर मंडल के अध्यक्ष की घोषणा मंगलवार को भी नहीं हो सकी। वहीं इस मामले में एक दिन पहले भाजपा जिलाध्यक्ष के बयान से मंडल अध्यक्ष के लिए दावेदारी न कर पाए कार्यकर्ताओं की उम्मीद जाग गई है तो दावेदारी करने वाले कार्यकर्ताओं का मनोबल कम हुआ है। सोमवार को भास्कर से बातचीत करते हुए जिलाध्यक्ष श्री रघुवंशी ने शहर अध्यक्ष के लिए दावेदारी कर रहे कार्यकर्ताओं को अच्छा न बताते हुए पुराने मंडल अध्यक्ष की उम्र अधिक होना बताया था। इस मामले में हमने रायशुमारी में निकलकर आए नामों से बातचीत की तो उन्होंने इस मामले में कुछ भी कहने से इंकार कर दिया जबकि पूर्व जिलाध्यक्ष और चुनाव सहायक नीरज मानोरिया ने कहा कि सभी सक्षम और सक्रिय कार्यकर्ता हैं। प्रदेश नेतृत्व ने अशोकनगर को होल्ड कर रखा है। वहीं जिलाध्यक्ष ने जो कहा वह मेरी जानकारी में नहीं है। पूर्व जिलाध्यक्ष जयकुमार सिंघई ने कहा कि अशोकनगर के कार्यकर्ताओं में प्रदेश का नेतृत्व करने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं के नाम रायशुमारी में सामने आए वे सभी अच्छे हैं।

यहां सभी दावेदार अच्छे

अशोकनगर विचाराधीन है। यहां सभी दावेदार अच्छे थे और मंडल अध्यक्ष की घोषणा पर विचार किया जा रहा है। राजनीतिक निर्णय करते समय कई तरह के विचार करना पड़ता है। किसी कारण वश नाम रोका गया है। प्रदेश से बातचीत कर जल्दी घोषणा होगी। -बंशीलाल गुर्जर, प्रदेश महामंत्री भाजपा और चुनाव प्रभारी



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/mp/ashoknagar/news/mp-news-bjp-district-president-said-about-the-claimants-no-good-contenders-063643-5982664.html

No comments:

Post a Comment