शहर की चुनिंदा मास्टर प्लान की सड़कों को बनाने के लिए कॉलोनाइजर और जमीन मालिक से बेटरमेंट चार्ज लिया जाएगा। इसकी शुरूआत कोलार रोड से सनखेड़ी होते हुए मिसरोद फेज 2 को जोड़ने वाली सड़क से करने की तैयारी है। यहां सड़क 2.86 किमी की है।
प्रस्तावित सड़क को बनाने के लिए आपसी सहमति बनाने के लिए कॉलोनाइजर और जमीन मालिकों की बैठक जिला प्रशासन ने बुलाने की तैयारी कर रहा है। इस सड़क के बीच में किस-किस की जमीन आ रही है, उनकी सूची तैयार कराई जा रही है। यह निर्णय शनिवार को कलेक्टर तरुण पिथोड़े द्वारा नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, सीपीए और बीडीए के अफसरों की बैठक में लिया गया। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि चूंकि बजट के चलते मास्टर प्लान की 11 जरूरी सड़कें नहीं बन पा रही हैं, जहां पर जमीन उपलब्ध है। वहां पर इनका निर्माण कार्य चालू नहीं हो पा रहा है। यदि आपसी सहमति बनती है तो जमीन मालिक और कॉलोनाइजर दोनों को चाैड़ी सड़क का फायदा मिल जाएगा और संबंधित निर्माण एजेंसी पर वित्तीय भार नहीं आएगा। मास्टर प्लान में प्रस्तावित 11 जरूरी सड़कों का निर्माण कार्य होना है, इन सड़कों के निर्माण कार्य से शहर में रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिल सकती है। इन सड़कों के निर्माण पर करीब 1 हजार करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। इसमें 383 करोड़ सड़क निर्माण की लागत है और शेष राशि जमीन अधिग्रहण के मुआवजे की। इनके निर्माण में सबसे बड़ी अड़चन बजट व प्लानिंग की ही कमी है। 1995 में बने भोपाल मास्टर प्लान-2005 में से प्रस्तावित सड़कों में से ज्यादातर अभी तक बन नहीं पाई हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/mp/bhopal/news/mp-news-betterment-charge-will-be-made-for-making-road-of-master-plan-064526-6533566.html
No comments:
Post a Comment