ढांडिया गांव से हरदौट के लिए जाने वाली प्रधानमंत्री सड़क के डामरीकरण के कार्य में ठेकेदार द्वारा जमकर चूना लगाया जा रहा है। सड़क बनाने के नाम पर उपयोग की जाने वाली सामग्री निर्धारित मापदण्ड के अनुरूप उपयोग नहीं की जा रही है। जिसके चलते सड़क बनने के साथ ही जगह जगह से सड़क उखड़ने लगी है।
जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने अफसरों से की है। ढांडिया से हरदौट तक पूर्व से बनी लगभग 3 किमी लंबी प्रधानमंत्री सड़क में विभाग द्वारा हाल ही में कुछ दिनों पहले से डामरीकरण का काम कराया जा रहा है। जिसका कार्य आदर्श कन्स्ट्रक्शन के ठेकेदार कर रहे हैं। इस सड़क पर डामरीकरण के नाम पर ठेकेदार द्वारा शासन को जमकर चूना लगाया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत के चलते ठेकेदार ने पूरी सड़क पर डामर की लीपापोती कर दी है।
यही बजह है कि नवनिर्मित सडक पर जगह जगह गड्ढे हो रहें हैं और साइडें टूट रही हैं लेकिन अफसर कार्रवाई करने की जगह ठेकेदार का मूल्यांकन कर भुगतान करवा रहे हैं। ग्रामीण सुनील धाकड़, अरविंद धाकड़, उमेश शर्मा, सुरेन्द्र धाकड़, पवन राय सहित अन्य ने बताया कि बनते समय विभाग के अधिकारियों को घटिया निर्माण होने की सूचना दी है। सड़क निर्माता कंपनी आदर्श कन्स्ट्रक्शन के ठेकेदार ने इस महत्वपूर्ण कार्य में विभाग के कुछ अधिकारियों को सहयोग लेकर बड़े पैमाने पर गड़बड़झाला शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने इस संबंध में स्थानीय प्रशासन सहित जिला कलेक्टर को मोबाइल पर घटिया निर्माण की तस्वीरों के साथ शिकायत दर्ज कराई है। सूत्रों की माने तो आदर्श कन्स्ट्रक्शन के ठेकेदार मनोहर लोधी पर पूर्व से प्रधानमंत्री सड़क योजना के अधिकारियों का संरक्षण है जिसके चलते वह लंबे समय से क्षेत्रभर में गुणवत्ताहीन कार्यों को अंजाम दे रहा है।
इस कंपनी के पूर्व के कार्यों की यदि जांच की जावे तो ठेकेदार की कारगुजारी सबके सामने आएगी। इस संबंध में विभाग के जीएम एसपी आर्य का कहना है कि अभी सड़क का कार्य प्रारम्भ ही किया है सड़क पर डामरीकरण के कार्य को ठीक ढंग से कराया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/mp/raisen/news/mp-news-only-after-being-built-due-to-poor-construction-the-road-started-to-crumble-072034-6503605.html
No comments:
Post a Comment