जिले की स्वास्थ्य सुविधाएं सुधरने का नाम नहीं ले रही हैं। जिला अस्पताल मुरार जहां एक मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. डीके शर्मा के भरोसे है, वहीं यहां हाल ही में पदस्थ रेडियोलॉजिस्ट की पीसीपीएंडडीटी एक्ट में पुरानी शिकायत पर जांच शुरू होने के कारण उन्हें जांच करने से मना कर दिया है। लिहाजा जिला अस्पताल में अब अल्ट्रासाउंड भी बंद हैं। इस कारण मरीज परेशान हो रहे हैं। सिविल सर्जन और सीएमएचओ ने क्षेत्रीय संचालक से लेकर शासन तक को डॉक्टरों की नियुक्ति के लिए पत्र लिखा था लेकिन अभी तक डॉक्टरों की नियुक्ति नहीं हुई है। यही कारण है कि सिविल अस्पताल में सेवानिवृत्त रेडियोलॉजिस्ट से प्रति अल्ट्रासाउंड के हिसाब से भुगतान कर रहे है।
लधेड़ी व सिविल अस्पताल में डॉक्टरों की कमी
केबिनेट मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के विधानसभा क्षेत्र में संचालित लधेड़ी हॉस्पिटल में तो डॉक्टरों की काफी कमी है। वे सिविल और लधेड़ी हॉस्पिटल के लिए डॉक्टरों की नियुक्ति के लिए भोपाल बैठे वरिष्ठ अधिकारियों से कह चुके हैं लेकिन स्थिति जस की तस है। जिला अस्पताल में मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. एसके शर्मा के सेवानिवृत्त होने के बाद यहां डॉ. डीके शर्मा ही बचे हैं। वे मेडिसिन विभाग को संभालने के साथ ही कैंसर के मरीजों को भी देखते हैं। अल्ट्रासाउंड भी नहीं हो रहे हैं।
हड्डी के ऑपरेशन के लिए उपकरण नहीं
सिविल अस्पताल हजीरा में आर्थोपेडिक के डॉक्टर सप्ताह में सिर्फ चार दिन ही मिलते हैं। ऑपरेशन थिएटर होने के बाद भी उपकरण न होने के कारण ऑपरेशन नहीं हो पा रहे हैं।
3 साल में सिर्फ 36 प्रसव
पूर्व विधायक जयभान सिंह पवैया ने 2017 में लधेड़ी हॉस्पिटल में प्रसव सुविधा शुरू कराई थी। यहां वर्ष 2017-18 में 22 प्रसव, 2018-19 में 8 और मार्च 2019 से लेकर अभी तक सिर्फ 6 प्रसव ही हो पाए हैं। अस्पताल में संसाधनों और स्टाफ की कमी होने के कारण यहां प्रसूताओं को बेहतर उपचार नहीं मिल पा रहा है। गुरुवार को अस्पताल की ओपीडी में सिर्फ डॉ. प्रेम बाथम ही मौजूद रहे। जबकि डॉ. जितेंद्र निगोटिया व पायल निगोटिया 8 फरवरी तक छुट्टी पर चल रहीं है। गायनिक की डॉ. साधना पांडेय ट्रेनिंग पर गई हुईं हैं। इस कारण प्रसूताओं को बिना उपचार के ही लौटना पड़ा।
सिविल अस्पताल में ऑर्थोपेडिक कक्ष में लगा ताला।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/mp/gwalior/news/mp-news-ultrasound-closed-in-district-hospital-patients-are-getting-worried-due-to-lack-of-doctors-072542-6509505.html
No comments:
Post a Comment