Thursday, November 5, 2020

त्योहार के लिए नहीं बनाया ट्रैफिक प्लान, बाजार में भीड़ बढ़ने से रोज लग रहा जाम

त्योहार नजदीक आते ही बाजार में भीड़ बढ़ गई है। रोजाना जाम की स्थिति बन रही है बावजूद यातायात विभाग ने अब तक व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोई प्लान नहीं बनाया। जबकि इस पूरे सप्ताह में ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग बाजार में खरीदी करने पहुंचेंगे। बाजार में सड़कों पर दुकानें लग रही हैं, वहीं दो पहिया वाहनों को खड़ा करने के लिए भी कोई निर्धारित जगह नहीं है। लिहाजा शहर की पूरी ट्रैफिक व्यवस्था गड़बड़ाई हुई है। ऐसे में जब खरीदारों की भीड़ बाजार में होती है तो वहां चलना भी मुश्किल हो जाता है। इसे देखते हुए यातायात विभाग को एक प्लान बनाने की जरूरत है। लेकिन अब तक इसकी कोई तैयारी नहीं की गई है।

शहर की प्रमुख एमएस रोड पर शहीद संग्रहालय से जेल रोड तक आधा सैकंड़ा से अधिक फड़ लगाने वाले छोटे दुकानदार बैठ गए हैं। इसके अलावा कुछ सजावट का सामान बेचने वाले भी इस मुख्य मार्ग पर दुकानदारी कर रहे हैं। ऐसे में जब भी ई-रिक्शा चालक सवारियां बैठाते हैं तो वाहनों की कतार लग जाती है और आवागमन प्रभावित हो रहा है। इसके पीछे एक वजह यह भी है जेल रोड के आसपास बाइक मैकेनिक लाइन लगाकर अपना धंधा कर रहे हैं।

जो इस मार्ग पर आवागमन बाधिक करने का प्रमुख कारण है। सदर बाजार में झंडा चौके से आगे कुछ दुकानदार सड़क पर कलई डालकर धंधा कर रहे हैं, तो कहीं ऑयल पैंट्स विक्रेताओं ने 10 से 15 फीट तक मेन सड़क पर अतिक्रमण कर लिया है। जिसके कारण बाजार में चार पहिया वाहन तो दूर, बाइक निकालते में भी आधा घंटे से अधिक वक्त लग रहा है। इसी प्रकार फाटक बाहर क्षेत्र में भी कई लोग मेन सड़क पर कलई व ऑयल पैंट्स रखकर अपना कारोबार कर रह हैं। बताया गया है कि सड़क पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों से पुलिस सुविधा शुल्क ले रही है। जिसके कारण आमजन का आवागमन प्रभावित है।

सदर बाजार में खरीददारों का निकलना मुश्किल
सदर बाजार में पार्किंग स्थल पर हाथ ठेला दुकानदारों ने कब्जा कर लिया है। ऐसे खरीद करने आ रहे लोग कहीं भी बाइक खड़ी कर रहे हैं। कई जगह सड़क के बीच में फुटपाथ कारोबारी जम गए हैं। ऐसे में खरीदारों की संख्या बढ़ने से बाजर में निकलना मुश्किल हो रहा है। इसके पीछे एक वजह यह है कि नगर निगम व यातायात पुलिस ने बाजार में कहीं भी पार्किंग स्थल निर्धारित नहीं किया। जहां पार्किंग स्थल निर्धारित है, वहीं ठेला दुकानदार खड़े रहते हैं तो कहीं फड़ वालों ने अतिक्रमण कर रखा है।

स्टेशन रोड, महामाया मंदिर रोड पर भी जाम
स्टेशन रोड पर इन दिनों इलेक्ट्रॉनिक दुकानदार, गजक विक्रेता, फल विक्रेता, होटल वालों ने अतिक्रमण कर रखा है। उधर इस मार्ग पर ई-रिक्शा चालकों का सबसे अधिक आवागमन रहता है। इस कारण इस मार्ग पर पल-पल जाम लगने के हालात निर्मित हो रहे हैं। इसी प्रकार पर महादेव नाका, रुई की मंडी, महामाया मंदिर रोड पर भी स्थानीय दुकानदारों का 5 से 10 फीट सड़क पर अतिक्रमण होने के कारण आमजन का आवागमन बाधित हो रहा है।

हम ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था कंट्रोल करने के लिए निर्धारित ट्रैफिक पॉइंट पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। त्यौहार का समय होने के कारण बाजार में भीड़ बढ़ना स्वाभाविक है। हम ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं।
आरके अहिरवार, ट्रैफिक प्रभारी



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
सदर बाजार में कलई व बर्तन दुकानदारों ने इस तरह किया सड़क पर अतिक्रमण।


source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/morena/news/no-traffic-plan-made-for-the-festival-daily-traffic-jam-due-to-increasing-crowd-127886049.html

No comments:

Post a Comment