कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर कुछ निजी हॉस्पिटल संचालक सजग नहीं हैं। सिंधी कॉलोनी स्थिति हिंदुजा हॉस्पिटल से रैफर चार दिन के भीतर ही तीन मरीज पॉजिटिव आ गए। रविवार दोपहर हॉस्पिटल पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्टाफ के 35 सदस्य और 25 मरीजों के सैंपल लेकर मौके पर रैपिड टेस्ट किया। इसमें हॉस्पिटल के पांच कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिले।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने हॉस्पिटल के मरीजों को शिफ्ट कराने के बाद उसे सील कर दिया। वहीं प्रशासन ने संक्रमित मरीजों के बाद स्टाफ के पॉजिटिव मिलने पर हॉस्पिटल को 21 दिन के लिए कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया। सोमवार को हॉस्पिटल की बैरिकेडिंग की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक तीन व पांच सितंबर को हॉस्पिटल में भर्ती पदमनगर के दो व इंदौर रोड जीनिंग फैक्ट्री निवासी एक मरीज जिला अस्पताल रैफर हुआ था। अस्पताल के कोरोना संदिग्ध वार्ड में भर्ती तीनों ही मरीज पॉजिटिव निकले। हॉस्पिटल से आए तीनों ही मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर कलेक्टर द्विवेदी ने रविवार को सीएमएचओ, जिला महामारी विशेषज्ञ और जिला अस्पताल के आरएमओ को छापा मारकर स्टाफ व मरीजों की सैंपलिंग के निर्देश दिए।
सीएमएचओ डॉ.डीएस चौहान, जिला महामारी विशेषज्ञ डॉ.योगेश शर्मा, जिला अस्पताल के आरएमओ डॉ.एसएस राठौर के साथ पहुंची सैंपलिंग टीम ने सबसे पहले हॉस्पिटल की ऊपर मंजिल पर बने वार्ड जहां पर संक्रमित मरीज रखे थे, वहां के मरीजों के सैंपल लिए। इस दौरान कुछ स्टाफ सदस्य सामने व पीछे के रास्ते से निकलकर घर चले गए।
आदेश : निजी अस्पताल दो घंटे में दें जानकारी
इधर, हिंदुजा हॉस्पिटल में संक्रमित मरीजों के भर्ती होने के बाद की गई सीलिंग की कार्रवाई पर एडीएम नंदा भलावे ने सभी निजी हॉस्पिटल के लिए आदेश जारी किए। आदेश के मुताबिक निजी हॉस्पिटल में भर्ती होने वाले सभी मरीजों की जानकारी 2 घंटे के भीतर कोरोना कंट्रोल रूम को देना अनिवार्य कर दिया। ऐसा नहीं करने वाले हॉस्पिटल संचालकों के विरूद्ध धारा-188 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
हॉस्पिटल सील किया
हिंदुजा हॉस्पिटल से जिला अस्पताल में आए संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव निकली। हिंदुजा हॉस्पिटल के स्टाफ व मरीजों के सैंपल के बाद अस्पताल सील कर दिया गया। -डॉ.डीएस चौहान, सीएमएचओ
आज करेंगे बैरिकेडिंग
हिंदुजा हॉस्पिटल के पांच स्टाफ सदस्यों के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर अस्पताल सील कर दिया गया। सोमवार को हॉस्पिटल की बैरिकेडिंग की जाएगी, ताकि कोरोना वायरस का संक्रमण न फैले। -डॉ.संजीव केशव पांडे, एसडीएम
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/khandwa/news/five-members-of-staff-met-corona-positive-hinduja-hospital-seal-the-collector-had-given-instructions-for-sampling-of-staff-and-patients-by-conducting-raids-127693846.html
No comments:
Post a Comment