सिटी कोतवाली थाना शिवपुरी में शुक्रवार की रात सहारा इंडिया प्रमुख सुब्रत राय, शाखा प्रबंधक शिवपुरी सहित सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस अब हर निवेशक के बयान दर्ज करेगी। बयान दर्ज होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी और कोर्ट में चालान पेश किया जाएगा। वहीं शुक्रवार की सुबह से लेकर देर रात तक एफआईआर के लिए निवेशक कोतवाली थाने में पर डटे हुए थे। इस बीच शाखा प्रबंधक शिवपुरी का फोन लगातार निवेशकों के पास आ रहा था।
उसने केस दर्ज होने से रोकने के लिए भरसक कोशिश की। उन्होंने सहारा इंडिया में अपना इस्तीफा सौंपा, उसकी फोटो भी सोशल साइट के माध्यम से निवेशकों को भेजी। लेकिन इस बार निवेशक पीछे नहीं हटे, हर तरह के दबाव को नजरंदाज करके आखिरकार मुकदमा दर्ज करा ही दिया।
निवेशक दीपक जैन, संतोष जोशी, नीरज शर्मा आदि ने बताया कि सहारा इंडिया के शिवपुरी शाखा प्रबंधक नदीम अहमद ने शुक्रवार को एफआईआर दर्ज होने से पहले तक बातचीत की। उन्होंने खुद के इस्तीफा सौंपने जाने संबंधी आवेदन भी हमें मोबाइल पर सेंड किया। चूंकि सहारा इंडिया द्वारा उनका इस्तीफा मंजूर नहीं हुआ था। किसी तरह हमें एफआईआर दर्ज कराने से रोकने की कोशिश की जा रही थी। कई सालों से हमें और दूसरे निवेशकों को यह लोग गुमराह करते आ रहे हैं। मेहनत की कमाई लौटाने में आनाकानी की जा रही है।
पैसा वापसी के लिए लोगों को आवेदन देने होंगे, पुलिस लिस्ट नाम जोड़ेगी: सहारा इंडिया से संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद सिटी कोतवाली थाना टीआई बादाम सिंह यादव का कहना है कि पहले दिन जिन निवेशकों के नाम सामने आए हैं, उन सभी के एक-एक करके बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके अलावा विवेचना के दौरान यदि अन्य निवेशक भी शिकायत करते हैं तो उसी लिस्ट में नाम जोड़े जाएंगे। आरोपियों की गिरफ्तारी कर चालान न्यायालय में पेश करेंगे। ताकि निवेशकों को उनका पैसा वापस मिल सके।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/shivpuri/news/sahara-india-branch-manager-sent-a-copy-of-his-resignation-investors-did-not-agree-case-filed-127757562.html
No comments:
Post a Comment