Sunday, September 27, 2020

विक्रम विवि बढ़ाएगा शोध केंद्र, पीजी कॉलेजों को भेजा पत्र, नए रिसर्च गाइड बनाने की प्रक्रिया भी शुरू

विक्रम विश्वविद्यालय में पीएचडी की रिक्त सीटें और गाइड नहीं होने के कारण सत्र 2020-21 में पीएचडी में एडमिशन को लेकर खड़े हुए संकट पर विश्वविद्यालय ने गंभीरता दिखाई है। विश्वविद्यालय अब शोध केंद्र बढ़ाने के साथ ही नए शोध निदेशक (रिसर्च गाइड) भी बनाएगा। इसके लिए प्रक्रिया शुरू करते हुए स्नातकोत्तर (पीजी) महाविद्यालयों को पत्र भी जारी कर दिया गया है।

यूजीसी गाइड लाइन लागू होने के बाद शोध केंद्र और रिसर्च गाइड की संख्या तेजी से कम हुई है। विश्वविद्यालय ने भी सीटों की रिक्तता और गाइड की संख्या का आंकलन करते हुए सूची ही तैयार नहीं करवाई। जिसके कारण मौजूदा सत्र में यह स्थिति बन चुकी है कि पीएचडी में एक भी सीट पर एडमिशन तक होना मुश्किल है।

भास्कर ने 26 सितंबर को पीएचडी की सीटें और गाइड नहीं होने के कारण बनी स्थिति का खुलासा किया था। जिसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए नए शोध केंद्र और रिसर्च गाइड बनाने की दिशा में काम शुरू कर दिया है।

विश्वविद्यालय के कुलानुशासक डॉ. शैलेंद्र कुमार शर्मा ने बताया विश्वविद्यालय की ओर से स्नातकोत्तर कॉलेजों को पत्र भेजा गया है। जिसमें यह उल्लेख है कि अगर उनके कॉलेज में शैक्षिक गुणवत्ता और आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं तो संबंधित कॉलेज प्रशासन शोध केंद्र की मान्यता के लिए विश्वविद्यालय में आवेदन करे।

विश्वविद्यालय की अकादमिक शाखा में 15 अक्टूबर तक ऑफलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। पीएचडी अध्यादेश के अंतर्गत इनके दस्तावेजों की पड़ताल के बाद विश्वविद्यालय इन कॉलेजों को शोध केंद्र की मान्यता देगा।
विक्रम में रिसर्च की मौजूदा स्थिति

  • 40: कुल शोध केंद्र
  • 108: शोध निदेशक
  • 750: शोधार्थी

रिसर्च गाइड बनने के लिए 15 अक्टूबर तक प्राध्यापक कर सकेंगे आवेदन
पिछले कई वर्षों से विश्वविद्यालय में नए रिसर्च गाइड बनाने की दिशा में कोई प्रक्रिया नहीं हुई। भास्कर द्वारा विश्वविद्यालय की रिसर्च गाइड की मौजूदा स्थिति का खुलासा किए जाने के बाद विश्वविद्यालय ने अब नए रिसर्च गाइड बनाने की प्रक्रिया भी शुरू की है। ऐसे प्राध्यापक/शिक्षक जो शोध निदेशक बनने के इच्छुक हैं, अब वह 15 अक्टूबर तक विश्वविद्यालय में आवेदन कर सकते हैं।

संबंधित प्राध्यापक/शिक्षक को यूजीसी के मापदंडों की पूर्ति करना अनिवार्य होगा। इस प्रक्रिया से निश्चित तौर पर विश्वविद्यालय में रिसर्च गाइड की संख्या बढ़ेगी और पीएचडी की सीटें भी कई संकायों में विद्यार्थियों को मिल सकेंगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Vikram University will increase research center, letters sent to PG colleges, process of making new research guides also starts


source https://www.bhaskar.com/local/mp/ujjain/news/vikram-university-will-increase-research-center-letters-sent-to-pg-colleges-process-of-making-new-research-guides-also-starts-127759346.html

No comments:

Post a Comment