Sunday, March 1, 2020

चेकिंग के बाद परीक्षार्थियों को मिलेगा कक्ष में प्रवेश, पिछले वर्ष से कम किया एक केंद्र


आज से शुरू होगी माशिमं की कक्षा 12वीं की परीक्षा

माध्यमिक शिक्षा मंडल की हायर सेकंडरी की परीक्षा सोमवार से शुरू होगी। 4 हजार 126 विद्यार्थी हिंदी विषय का प्रश्नपत्र हल करेंगे। विद्यार्थियों को दो बार चेकिंग के बाद परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा। हाईस्कूल की परीक्षा 3 मार्च से शुरू होगी। परीक्षाओं को लेकर बड़वाह ब्लाॅक में विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। फर्नीचर, रोल नंबर सहित पेयजल, साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाओं को पूरा किया गया।

विभाग ने परीक्षाओं के लिए अंतिम गाइड लाइन केंद्राध्यक्ष को जारी कर दी है। छात्र-छात्राओं को अपने केंद्र पर सुबह 8.30 बजे प्रवेश करना अनिवार्य है। 8.45 बजे के बाद किसी भी विद्यार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सुबह 9 बजे परीक्षा शुरू होगी लेकिन परीक्षा शुरू होने के 10 मिनट पहले अतिरिक्त समय विद्यार्थी को उत्तर पुस्तिका में नाम, रोल नंबर व अन्य जानकारी भरने के लिए दिया जाएगा। 5 मिनट पहले प्रश्न पत्र दिया जाएगा। परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट बाद कोई भी परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएगा। ब्लाॅक परीक्षा प्रभारी यतिंद्र जोशी ने बताया ब्लाॅक में 15 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें कक्षा 10वीं के 4964 विद्यार्थी व कक्षा 12वीं के 4126 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। शासकीय हाईस्कूल ढकलगांव को इस वर्ष केंद्र नहीं बनाया गया है।

जिला प्रशासन ने बनाए उड़नेदस्ते, रखेंगे नकल पर नजर

जिला प्रशासन द्वारा नकल पर अंकुश लगाने व परीक्षाओं को सुचारू रूप से कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को दायित्व सौंपकर उड़नदस्तों का गठन किया गया है। इसमें एसडीएम मिलिंद ढोके व बीईओ सुदामा सोलंकी संयुक्त रूप से ब्लाॅक के केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। डिप्टी कलेक्टर व प्रभारी तहसीलदार राहुल चौहान, नायब तहसीलदार राहुल सोलंकी, सनावद तहसीलदार व परियोजना अधिकारी बड़वाह व सनावद सहित पांच दल बनाए गए हैं। बीईओ ने बताया किसी भी केंद्र पर विद्यार्थी नकल करते हुए पकड़ा जाता है तो उसकी परीक्षा निरस्त कर दी जाएगी। सामूहिक नकल का मामला आता है तो केंद्राध्यक्ष के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/mp/khargon/news/mp-news-after-checking-the-candidates-will-get-admission-in-the-room-a-center-reduced-from-last-year-063530-6755076.html

No comments:

Post a Comment