भोपाल.कोरोना लॉकडाउन में फल, सब्जी और किराना सामान उपलब्ध कराने की व्यवस्था में फिर बदलाव किया गया है। नगर निगम ने पूरे शहर में 380 रूट बनाए हैं। इन पर नगर निगम की गाड़ियों से फुटकर विक्रेता सब्जी बेचेंगे। इसके साथ ही सारी किराना दुकानें सामान्य दिनों की तरह खुली रहेंगी, लेकिन इन्हें कोरोना संक्रमण से बचाव की सारी सावधानियों का पालन करना होगा।
किराना सामान की होम डिलीवरी के लिए जिला प्रशासन द्वारा की गई कोशिश पूरी तरह सफल नहीं हो पाई। अकेले ऑनडोर पर 5 हजार से अधिक कॉल आने पर उनका मोबाइल एप सर्वर डाउन हो गया। अन्य व्यापारियों ने भी कर्मचारियों की कमी जैसी बातों का हवाला देकर सभी ग्राहकों को होम डिलीवरी की सुविधा देने में असमर्थता जताई है। संभागायुक्त कल्पना श्रीवास्तव ने शुक्रवार को अफसरों और व्यापारियों के साथ बैठक के बाद नए दिशा निर्देश जारी किए हैं।
एयरपोर्ट रोड स्थित वर्धमान नगर निवासी सुभाष जैन काला ने बताया कि उन्होंने प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार अॉनडोर को वॉट्सएप पर अॉर्डर दिया। संबंधित व्यक्ति ने वह अॉर्डर देख भी लिया, लेकिन डिलीवरी नहीं की। कोलार रोड पर होम डिलीवरी व्यवस्था के फेल हो जाने से लोगों ने अन्य स्टोर पर जाकर किराना लिया।
ये हैं नए दिशा-निर्देश
- करोंद मंडी में फल-सब्जी की थोक नीलामी मंडी शेड के भीतर कम से कम 3 फीट की दूरी से होगी।
- सभी थोक व्यापारी नीलामी के समय किसान, व्यापारी व नीलामी में भाग ले रहे अन्य व्यक्तियों के बीच एक मीटर की दूरी का पालन करेंगे।
- थोक व्यापारी मास्क, ग्लव्स और सैनिटाइजर उपलब्ध कराएंगे। खुद भी इसका उपयोग करेंगे।
- नीलामी के बाद मंडी सचिव एसएस बघेल फल-सब्जी के थोक रेट एसडीएम हुजूर राजेश श्रीवास्तव को नोट कराएंगे।
- थोक नीलामी के बाद निगम के 380 रूट पर निगम के वाहनों से ही फुटकर व्यापारी शहर में सब्जी बेचेंगे।
- इन वाहनों के ड्राइवरों, क्लीनर और श्रमिकों को भी मास्क, ग्लव्स और सैनिटाइजर उपलब्ध कराए जाएंगे
- इन लोडिंग वाहनों पर एक बैनर लगाया जाएगा जिस पर सब्जी के दाम भी दर्ज होंगे।
- अन्य शहरों से आटा, दाल, चावल, अनाज भोपाल लाने वाले वाहनों को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद प्रवेश मिलेगा।
- शहर की सभी किराना दुकानें पूरे समय खुली रहेंगी।
- होम डिलेवरी वाली दुकानें सेवाएं जारी रखेंगी।
- मेडिकल दुकानों के लिए 2 प्लाई मास्क 8 रुपए, 3 प्लाई मास्क 16 रुपए और सैिनटाइजर (200 मिली) का रेट 100 रुपए तय किया गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhopal/news/now-the-vegetables-will-be-sold-through-the-vehicles-of-the-corporation-grocery-stores-will-be-open-throughout-the-day-127058942.html
No comments:
Post a Comment