जिलेवासियों के लिए सेहत से जुड़ी अच्छी खबर है कि खान-पान सामग्री में मिलावटखोरी की जांच अब मोबाइल वेन में तत्काल हो सकेगी। चंबल संभाग के लिए उपलब्ध कराई गई मोबाइल वेन भिंड के अलावा मुरैना व श्योपुर जिले में खान-पान सामग्री की जांच करेगी। मोबाइल फूड लैब बेहद एडवांस खाद्य चलित ऐसी प्रयोगशाला है जिसमें तत्काल पता लगेगा कि खान-पान सामग्री में मिलावट है या नहीं। अगर आप सेहत को लेकर फिक्रमंद है तो मोबाइल फूड लैब से दैनिक जीवन में प्रयोग वस्तुओं की जांच कराकर यह जान सकेंगे कि आप जो खाद्य पदार्थ खा रहे हैं उसमें मिलावट है या नहीं। अगर मिलावट पाई जाती है तो खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा कारोबारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
यहां बता दें ज्यादा मुनाफा कमाने के लिए कारोबारी खान-पान सामग्री में मिलावट करने से नहीं चूकते हैं। मिलावट की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैंपल लेकर जांच के लिए भोपाल स्थित लैब में भेजते हैं। वहां से जांच रिपोर्ट आने में महीनों लग जाते हैं। ऐसे में मोबाइल फूड लैब में तत्काल मिलावट का पता लग सकेगा। अगर मिलावट पाई जाती है तो इससे जहां खरीदार सजग और सतर्क हो सकेंगे वहीं दूसरी ओर फूड सेफ्टी विभाग को कार्रवाई करने के लिए जांच रिपोर्ट आने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। हालांकि अभी मोबाइल लैब पर टेक्नीशियन की तैनाती नहीं हुई है फिर भी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा ही जांच की जा रही है। चंबल संभाग के लिए उपलब्ध कराई गई मोबाइल लैब महीने में दस-दस दिन चंबल संभाग के तीनों जिलों में काम करेगी।
आटा से लेकर पिज्जा बर्गर की भी लैब में हो रही जांच
एडवांस मोबाइल फूड लैब में आटा, चावल, दाल, मसाला, देशी घी, रिफाइंड आयल, सरसों तेल, दूध, मलाई, रबड़ी, खोवा, मिठाई, तैयार फूड, पिज्जा, बर्गर समेत दैनिक जीवन में प्रयोग होने वाले सभी खाद्य पदार्थों की जांच होगी। लैब में मौजूद खाद्य विश्लेषक दो से पांच मिनट के अंदर जांच कर यह बता देंगे कि खान-पान की सामग्री में मिलावट है या नहीं।
मोबाइल लैब से आसान हो जाएगा कामकाज
मोबाइल फूड लैब की उपलब्धता से कामकाज में आसानी होगी। जन सामान्य से सूचना मिलने पर कुछ ही देर में लैब बताए गए स्थान पर पहुंंचेगी। जब तक लैब टेक्नीशियन उपलब्ध नहीं है तब तक खाद्य सुरक्षा अधिकारी ही इस काम को करेंगे।
राजेश गुप्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/bhind/news/detection-of-food-ingredients-adulteration-now-from-mobile-food-lab-127885658.html
No comments:
Post a Comment