हाई कोर्ट की डिविजन बेंच ने शुक्रवार को कलेक्टर व निगमायुक्त को सरकारी, सार्वजनिक उपयोग की सड़कों पर रहवासियों द्वारा लगाए गए निजी गेट सख्ती से हटाने के आदेश दिए हैं। कोर्ट के आदेश के बाद भास्कर ने पड़ताल की तो पता चला जहां-जहां नेताजी की चल रही है, वहां अनलॉक के दो माह बाद भी आम रास्ते बंद हैं। पश्चिम क्षेत्र के महेश नगर का गेट अब तक बंद है। कॉलोनी का यह रास्ता राज मोहल्ला को पंचकुइया से सीधे जोड़ता है।
महेश नगर में भाजपा के पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता और कांग्रेस नेता कमलेश खंडलेवाल के घर हैं। खंडेलवाल का कहना है कि मैं अभी कॉलोनी में शिफ्ट नहीं हुआ हूं। कुछ समय पहले कॉलोनी का गेट गुप्ता की देखरेख में ही बंद हुआ था। वहीं, गुप्ता का कहना है कि इस संबंध में आप रहवासी संघ के अध्यक्ष संतोष मानधन्या से बात करें। मैंने गेट बंद नहीं कराया। मानधन्या से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि मैं अब रहवासी संघ का अध्यक्ष नहीं हूं।
लॉकडाउन के समय से मैं इंदौर से बाहर था। गेट बंद होने की जानकारी नहीं है। उधर, शहर के पूर्वी क्षेत्र में नेहरू नगर से लगे आंबेडकर नगर में भी काॅलोनी का रास्ता रुका हुआ है। ऐसे में रहवासियों के साथ वाहन चालक मुख्य मार्ग से घूमकर आने-जाने को मजबूर हैं। यहां भाजपा के पूर्व पार्षद चंदूराव शिंदे का घर है। शिंदे का इस संबंध में कहना है हाई कोर्ट का आदेश आया है तो सुबह तक रास्ता खुलवा देगें। लोगों को आवाजाही में परेशानी नहीं होगी।
लोगों ने रोड तक खुदवा दी, ताकि कोई गुजर न सके
कोर्ट ने अधिकारियों से पूछा कि क्या सरकारी रोड पर इस तरह गेट लगाए जा सकते हैं? अफसरों ने इससे इनकार किया तो कोर्ट ने कहा- इन्हें हटाया जाए। वहीं नगर निगम ने सुनवाई से पूर्व ही एक गेट को हटा दिया था। इसके बाद रहवासियों ने रोड खुदवा दी ताकि बाहरी लोग रोड का उपयोग न कर सकें। जस्टिस सतीशचंद्र शर्मा की अध्यक्षता वाली खंडपीठ के समक्ष इस मामले की सुनवाई हुई। अधिवक्ता रवींद्रसिंह छाबड़ा ने यह याचिका दायर की। मालूम हो, बिचौली मर्दाना से बायपास जाने वाली रोड, प्रगति विहार, अनुराग नगर, गुलाबबाग, रेडियो काॅलोनी में भी सार्वजनिक रोड पर रहवासियों ने अपनी गली पैक करने के लिए गेट लगवा दिए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/indore/news/where-netaji-is-running-even-after-two-months-of-unlock-common-routes-are-closed-127844004.html
No comments:
Post a Comment