Wednesday, April 8, 2020

दावा- आप घर में रहिए, सब्जियां और किराना घर पहुंचेगा, असलियत- होम डिलीवरी नहीं, अब आटा-दाल का संकट

(गाैरव शर्म,दीपेश शर्मा)ऑनडोर पर सुबह 8 से 10 के बीच आर्डर करने की सूचना दी गई। कहा गया कि उस दिन या अगले दिन डिलीवरी हो जाएगी। विजय नगर निवासी चेतन रायकवार ने कहा उन्होंने फोन लगाया तो तीन में से एक फोन कस्टमर केयर पर लग रहा था लेकिन बात नहीं हो पाई। वहीं, दूसरी ओर एक नंबर बमुश्किल लगा, उस पर कहा गया कि ऑर्डर ऑनलाइन कीजिए। कार्ट में सामान की लिस्ट भी आ गई, पर प्रोसिड करने के बाद होम डिलीवरी में टाइम स्लॉट नहीं मिला।

एप पर डिलीवरी आठ दिन अनअवेलेबल

होम डिलीवरी के लिए दिए गए नंबरों में से एक ही लगा। उधर से कहा गया कि आप एप डाउनलोड कर लीजिए। उससे होम डिलीवरी हो जाएगी। एप लोड करने के बाद एरिया पिन कोड डाला तो लिस्ट दिखी। जरूरी सामान को सिलेक्ट किया। सब होने के बाद होम डिलीवरी के ऑप्शन पर क्लिक किया तो अगले एक सप्ताह तक डिलीवरी अनअवेलेबल बताई। इसके आगे का कोई अाॅप्शन नहीं था। विनय नगर निवासी अंकित जिंदल का कहना है कि चार दिन से वे परेशान हो रहे हैं।

किराना एसोसिएशन ने कहा- मिलें जल्द शुरू हों
व्यापारियों का कहना है कि शहर में मीडियम रेंज के दाल-चावल का स्टॉक काफी कम है, जबकि ज्यादातर लोग यही खाते हैं। सियागंज किराना एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश खंडेलवाल का कहना है कि शकर, तेल का भरपूर स्टॉक है। इसमें कमी नहीं है। हालांकि अब आटा, तेल, दाल मिलों को शुरू करवाना चाहिए। ऐसा नहीं किया तो कुछ समय बाद बहुत परेशानी होगी।

दुकानदार बोले- दाल चावल महंगे हुए
कॉलोनियों की किराना दुकानें प्रशासन ने बंद करवा रखी है। हालांकि संचालक घरों से सामान डिलीवरी कर रहे हैं। ऐसे दुकान संचालक भी परेशान हैं। उनका कहना है कि चावल 10-15 और दालें 25 से 40 रुपए तक महंगी हो गई हैं। बिस्किट से लेकर हल्दी, मिर्ची, नमक तक की कमी हो गई है।

किसानों का दर्द : आलू खेत में सड़ा, सब्जियाें भी खराब
सख्ती के कारण किसानों ने शहर में सब्जियां लाना बंद कर दिया है। इससे उन्हें नुकसान उठाना पड़ रहा है। कैलोद करताल के एक किसान का 150 किलो आलू खेत में ही सड़ गया। यही स्थिति कई गांवों की है। सब्जियां भी खराब हो रही हैं। एक सब्जी व्यापारी के अनुसार अब लॉकडाउन खुलने के बाद ही वे सब्जी लाएंगे। सब्जियों की ऑनलाइन डिलीवरी करने वाली एजेंसियों के पास भी स्टॉक खत्म हो चुका है।

सीधी बात : बीबीएस तोमर, एडीएम

रोज 30 हजार बुकिंग, लोगों से अपील- जरूरी सामान ही ऑर्डर करें
ग्रॉसरी स्टोर्स, किराना दुकानों से कितने घरों में होम डिलीवरी करवाई गई?
मंगलवार को 20 हजार घरों में सामान भेजा था। हर दिन 30-35 हजार आॅर्डर बुक किए
जा रहे हैं।


लोगों के नंबर नहीं लग रहे। वे परेशान हो रहे हैं। होम डिलीवरी नहीं हो रही है। ऐसा क्यों?
होम डिलीवरी तो की जा रही हैं।


इस स्थिति से कैसे निपटेंगे? लोग परेशान हैं।
जोमैटो और अन्य कंपनियों से इन मेगा स्टोर्स का टाईअप करा रहे हैं, जो उनसे सामान लेकर घरों तक पहुंचाएंगी। कंपनियों के पास स्टॉक की कमी नहीं है। लोगों से भी अपील है कि वे जरूरी सामान ही ऑर्डर करें।

दुकानदार बोले- निगम ने बिना पूछे जोड़ा नाम, हमारे पास लेबर नहीं, कैसे भेजें सामान

निगम द्वारा शुरू की गई डोर-टू-डोर किराना पहुंचाने की व्यवस्था चौपट होती जा रही है। ऑर्डर की संख्या लगातार बढ़ रही है और लोगों के घरों तक किराना नहीं पहुंच रहा है। कई किराना वालों के नाम तो उनकी बिना मंजूरी के लिस्ट में डाल दिए गए। उनके पास न लेबर हैं और न माल पहुंचाने की व्यवस्था। जो किराना वालेदुकान खोल रहे हैं वहां आसपास के लोग किराना लेने टूट पड़ते हैं। कुछ दुकानें बंद कर भाग गए तो कुछ ने पुलिस का सहारा लिया है।
पागनीसपागा पानी की टंकी के सामने स्थित ज्योति किराना स्टोर। इन्हें जोन 12 के रूट नं. 7 और 8 में जबरन कॉलोनी, जूनी इंदौर, आलापुरा, पैलेस कॉलोनी, पागनिसपागा सहित 10 क्षेत्र के लोगों के ऑर्डर सप्लाय करना है। भास्कर संवाददाता मौके पर पहुंचे तो दुकान का ताला लगा था। दुकानदार शिव तोलानी से मोबाइल पर बात हुई तो उन्होंने बताया मुझसे पूछे बिना ही निगम ने मेरा नाम लिस्ट में जोड़ दिया। हमारे पास घर-घर किराना पहुंचाने की कोई व्यवस्था नहीं है। वैसे भी जबरन कॉलोनी की बस्ती में किराना पहुंचाने का रिस्क कैसे लेंगे। जूनी इंदौर ब्रिज के पास मेन रोड पर स्थित राजा ट्रेडिंग कंपनी के पास रूट नं. 23 का जिम्मा है। यहां पड़ने वाली आठ कॉलोनियों से ऑर्डर दिए जा रहे हैं। दुकानदार शेखर टकरानी ने बताया रोज 40 से 45 ऑर्डर आ रहे हैं। हम 4 से 7 से बीच ही सप्लाय कर पाते हैं, क्योंकि सारे लेबर छुट्टी पर चले गए और हमारे पास सामान पहुंचाने की कोई व्यवस्था नहीं है।


होल सेलर के पास भी नहीं स्टाफ
सीपी शेखर नगर गार्डन के सामने स्थित अंबिका एजेंसी के संचालक राजकुमार ने बताया कि हम किराना व्यापारियों को होलसेल में सामान सप्लाय करते हैं। एक ही ऑटो है और 30 में से 20 ऑर्डर ही पूरे कर पा रहे हैं, क्योंकि हमारे पास लेबर ही नहीं है। विष्णुपुरी स्थित बलजीत प्रोविजन के बलजीत सिंह ने बताया दो दिन बंद रखने के बाद बुधवार से ही डिलीवरी शुरू की है। कई ऐसे रूट की जानकारी निगम ने दे दी है, जिसकी हमें जानकारी ही नहीं है। इसके अलावा मोबाइल नंबर भी 9 डिजिट के ही लिखकर ले आए हैं, जिससे पता ढूंढने में परेशानी हो रही है।

ऑर्डर की पैकिंग के लिए दुकान खोलो तो लोग आकर जबर्दस्ती मांगते हैं सामान
सिंधी कॉलोनी स्थित अपना प्रोविजन के पास रूट नं. 5 और 6 में नौलखा रोड, फिल्म कॉलोनी, गाड़ी अड्‌डा, हरिजन कॉलोनी, आरएनटी मार्ग सहित 19 क्षेत्रों में किराना सप्लाय की जिम्मेदारी है। दुकान मालिक जेठालाल आहूजा ने बताया हमें 150 ऑर्डर प्रतिदिन मिल रहे हैं। लगभग 100 ही पूरे हो पा रहे हैं। सबसे बड़ी समस्या लोगों की है। दुकान खुली देख ही लोग जबर्दस्ती घुस आते हैं। हम उन्हें संभालें या ऑर्डर पैक करें। इस पर थाने से दो जवान दुकान की सुरक्षा के लिए लगाए गए हैं। पुलिस की लाठियां खाने के बाद भी लोग नहीं मानते।

व्यवस्था सुधारने हर जोन में नोडल अधिकारी
डोर टू डोर किराना व्यवस्था सुधारने के लिए निगमायुक्त ने सभी 19 जोन में जोनल अधिकारी के अलावा एक-एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त कर दिया है। नोडल अधिकारी संबंधित जोनल अधिकारी से समन्वय रखते हुए आवंटित जोन के अंतर्गत डोर टू डोर किराना सामग्री वितरण की प्रक्रिया करेंगे।

सीधी बात : अपर आयुक्त शृंगार श्रीवास्तव

शुरुआती दौर में समस्याएं आती हैं, हम सुधार कर रहे हैं : अपर आयुक्त


कई दुकानें बंद हैं। लोगों के घरों तक ऑर्डर पहुंच नहीं रहे हैं। ऐसा क्यों?
ऐसा कुछ प्रकरणों में हो सकता है, लेकिन ज्यादातर दुकानों से सप्लाय जारी है।
दुकानदारों के नाम बिना पूछे जोड़े गए, जबकि उनके पास लेबर नहीं है। यह सच है क्या?
सभी से बात करके ही नाम जोड़ा है। जिन्हें समस्या आ रही है उसका समाधान किया जा रहा है।
सामान की डिलीवरी दो से तीन दिन बाद भी क्यों नहीं हो रही? लोग परेशान हैं।
पहले दिन हमने 9 हजार लोगों को डिलीवरी दी। दूसरे दिन 16 हजार, फिर 25 हजार। धीरे-धीरे आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। शुरुआती दौर में समस्याएं आती हैं। हम लगातार किराना दुकानों की संख्या बढ़ा रहे हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
सिंधी कॉलोनी में लोग दुकान पर पहुंचे तो पुलिस ने पीटा।


source https://www.bhaskar.com/local/mp/indore/news/claim-you-stay-at-home-vegetables-and-grocery-will-reach-home-reality-no-home-delivery-now-the-crisis-of-flour-and-lentils-127133279.html

No comments:

Post a Comment