मुरैना/खंडवा.प्रदेश के विभिन्न शहरों में भी कोरोनावायरस के पॉजिटिव मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और अलर्ट हो गया है। हाईअलर्ट के बीच प्रदेश में उन लोगों से दहशत का माहौल बन गया है, जो हाल ही में विदेश यात्रा से लौटकर अपने काम पर लग गए। ऐसे ही कुछ लाेगाें की शिकायतें विभिन्न शहरों में पुलिस व स्वास्थ्य विभाग को मिली। मुरैना में ऑस्ट्रिया से आए ऑर्थोपेडिक सर्जन डाॅ. राकेश गुप्ता ने सेल्फ क्वारेंटाइन के बजाय नर्सिंग होम चालू कर मरीजों का इलाज शुरू कर दिया।
जानकारी लगते ही एसडीएम आरएस वाकना के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डॉक्टर सहित उनके परिजन से चर्चा की और डॉक्टर को घर में ही आइसोलेट किया। डॉक्टर की इस गंभीर लापरवाही पर उनके नर्सिंग होम से मरीजाें की छुट्टी करवाकर सील कर दिया। इधर, देश-विदेश से घूमकर आए जिलेभर के 14 लोगों को घर में ही आइसोलेट किया गया है। हालांकि किसी भी व्यक्ति में कोरोना वायरस जैसे लक्षण नहीं मिले हैं।
उधर, खंडवा में रामेश्वर रोड स्थित एक निजी अस्पताल के डॉक्टर और उनकी पत्नी को लेकर चले मैसेज के बाद लोगों ने स्वास्थ्य विभाग व थाने में शिकायत कर कहा कि डॉक्टर विदेश से लौटने के बाद बच्चों का इलाज कर रहे हैं। इराक से लौटा एक व्यक्ति सर्दी, जुकाम की दवा-गोली लेने बजरंग चौक स्थित मेडिकल दुकान पर पहुंचा। उक्त व्यक्ति की स्क्रीनिंग भी नहीं हुई।
मंदसौर : भीलवाड़ा की महिला सहित तीन संदिग्ध मरीज मिले
पशुपतिनाथ मंदिर परिसर में शनिवार सुबह भीलवाड़ा जिले की एक महिला बेहोश मिली। इसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से कोरोना सेंटर भेज दिया। सैंपल लेकर भोपाल भेजे। महिला मंदसौर में ईंट भट्टे पर काम करती है। इधर, शाम को शहर के किला क्षेत्र निवासी मां-बेटे को सर्दी-खांसी व दर्द होने पर परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्साकों ने इन्हें संदिग्ध मान तत्काल कोरोना सेंटर भेज दिया। तीनों मरीज की सैंपल रिपोर्ट रविवार शाम तक अस्पताल प्रशासन को मिल जाएगी। उधर, कलेक्टर मनोज पुष्प ने बताया भीलवाड़ा की महिला मंदसौर में किन क्षेत्रों में गई। कहां-कहां रुकी और किन-किन से संपर्क किया, उन सभी लोगों की भी जांच की जाएगी। महिला को कोरोना संदिग्ध माना है। उसकी जांच रिपोर्ट आना बाकी है।
बड़वानी : ढाई साल का बच्चा आइसोलेशन वार्ड में भर्ती
जिले में शनिवार को पहला संदिग्ध मरीज मिला, जिसे महिला अस्पताल के पीछे बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। मरीज ढाई साल का बच्चा है, जो तीन दिन पहले ही महाराष्ट्र के पुणे से लौटा था। हालत बिगड़ने पर परिजन अस्पताल लेकर आए, जिसे कोरोना वायरस संक्रमण होने की आशंका के चलते भर्ती किया गया है। सीएमएचओ डॉ. अनिता सिंगारे और नोडल डॉ. लक्ष्मी महौर ने बताया दोपहर में बच्चे को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया है। अब जांच के लिए सैंपल भेजा जाएगा। बच्चे के संपर्क में आने वाले उसके परिजन की भी स्क्रीनिंग की जाएगी। कोरोना वायरस के लक्षण पाए जाने पर, इनके भी सैंपल जांच के लिए भेजें जाएंगे और इन्हें आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/mp/indore/news/morena-doctor-returned-from-austria-seen-patient-for-9-days-instead-of-self-quarantine-127024542.html
No comments:
Post a Comment