Tuesday, December 1, 2020

खरीद केंद्रों पर चुप्पी साधी; किसान: साहब, आठ दिन से खड़े हैं, हमारे बाद आए लोगों का बाजरा तौल दिया

समर्थन मूल्य पर बाजरा खरीदी में सोसाइटियों पर सोसाइटियों व दलालों की सांठगांठ की शिकायतें लगातार चल रही हैं। मुरैना में तो बाजरा की तौल को लेकर हुए झगड़े में फायरिंग तक हो गई, जिसमें 3 से अधिक लोग घायल हो गए। लेकिन जिलास्तर से लेकर भोपाल तक के अफसर इन कमियों को छिपाने में लगे हुए हैं।

ताजा वाकया मंगलवार का है, जब खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मध्यप्रदेश प्रमुख सचिव श्री फैज अहमद किदवई मुरैना प्रवास पर आए और वे मुरैना गल्ला मंडी वेयर हाउस, जींगनी सहित आधा दर्जन से अधिक खरीद केंद्रों का निरीक्षण करने पहुंचे। जींगनी सोसाइटी पर मौजूद किसान ने उनसे कहा कि साहब हम लोग 8-8 दिन से यहां खड़े लेकिन हमारे बजाय बाद में आए लोगों का बाजरा तौला जा रहा है। इस पर प्रमुख सचिव ने जिले के अफसरों को तो छोडि़ए सोसाइटी प्रबंधक से भी सवाल-जबाव नहीं किया। उल्टे किसान को सिर्फ आश्वासन दे गए कि आप चिंता मत करो, 5 तारीख भी निकल जाएगी तो भी तुम्हारा बाजरा तौला जाएगा।

हर खरीद केंद्र पर एक ही शिकायत, हमसे पहले तौल रहे दलालों का बाजरा
मुरैना गल्ला मंडी, जींगनी सहित जितने भी खरीद केंद्र पर पीएस श्री किदवई पहुंचे, हर किसान ने एक ही शिकायत बताई, साहब हमें 5 से 10 दिन हो गए लेकिन बाजरा नहीं तौला जा रहा, हमसे बाद में आए लोगों की तौल हो रही है। श्री किदवई सीडब्ल्यूसी-2, मार्केटिंग गल्ला मंडी, खरीदी केंद्र जींगनी, खरीदी केंद्र बड़ागांव, खड़ियाहार और पोरसा स्थित खरीदी केंद्र कसमढ़ा पहुंचे। इस दौरान उनके साथ कलेक्टर अनुराग वर्मा, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, अपर कलेक्टर, एसडीएम, फूड कंट्रोलर बीएस तोमर, नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंधक अरुण जैन सहित अनेक अफसर मौजूद थे।

किसान की शिकायतें अनसुनी, अफसरों को निर्देश-सोसाइटी संचालकों ने गड़बड़ी की तो होगी कार्रवाई
खरीद केंद्रों का निरीक्षण करने पहुंचे प्रमुख सचिव किदवई को हर सोसाइटी पर किसानों ने गड़बड़ी व मनमानी कर धांधली की शिकायत की गई लेकिन पीएस ने इस मामले में चुप्पी साध ली। हालांकि नई कलेक्टोरेट में हुई बैठक में उन्होंने अफसरों को दिए निर्देश में जरूर कहा कि अगर किसी सोसाइटी संचालक द्वारा गड़बड़ी की शिकायत पाई जाती है तो उसके विरुद्ध ठोस कार्रवाई होगी। सवाल यह है कि सोसाइटी संचालकों की गड़बडिय़ां उनके तक पहुंचाएगा कौन।

यह निर्देश भी दिए

  • एक दो दिन में 30 से 35 सोसाइटियों पर पंजीकृत किसानों का बाजरा खरीद लिया जाएगा।
  • 10 से 15 सेंटर ऐसे बचेंगे, जहां बैकलॉक दिख रहा है, उनका बाजरा 5 दिसंबर के बाजरा भी खरीदा जाए।
  • किसी किसान का बाजरा छूटना नहीं चाहिये। जिसका पंजीयन हुआ है, उसका बाजरा अवश्य लिया जाए।


Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
पीएस के सामने हाथ जोड़कर बाजरा न तुलने की शिकायत करता एक किसान।


source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/morena/news/silence-at-procurement-centers-farmer-sir-have-been-standing-for-eight-days-weighed-the-millet-of-those-who-came-after-us-127968491.html

No comments:

Post a Comment