तकनीकी शिक्षा संचालनालय ने मंगलवार से इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी। दो चरणों में 6 नवंबर तक प्रवेश दिया जाएगा। कॉलेज लेवल काउंसलिंग (सीएलसी) के जरिए छात्र 13 नवंबर तक प्रवेश ले सकेंगे। कोरोना संक्रमण के कारण इस बार दस्तावेज सत्यापन सहित सभी प्रक्रियाएं ऑनलाइन की जाएंगी। शहर में दो सहायता केंद्र बनाए हैं। हालांकि प्रवेश के लिए किसी भी छात्र को सहायता केंद्र नहीं जाना होगा। नोडल अधिकारियों के अनुसार चूंकि दस्तावेजों का ई-वेरिफिकेशन होगा, इसलिए छात्रों को वे सभी जानकारियां देना होंगी जिससे उनका परीक्षा परिणाम ऑनलाइन सत्यापित किया जा सके। पूरी जानकारी नहीं देने पर छात्र को आगे की प्रक्रिया के लिए अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा।
3 अक्टूबर तक रजिस्ट्रेशन, 12 को अलॉटमेंट लिस्ट जारी
काउंसलिंग के पहले चरण में छात्र 3 अक्टूबर तक रजिस्ट्रेशन और 5 अक्टूबर तक रजिस्ट्रेशन में सुधार कर सकेंगे। चॉइस फिलिंग और लॉकिंग के लिए 24 सितंबर से 7 अक्टूबर रात 11.45 बजे तक का समय छात्रों के पास होगा। 8 अक्टूबर को कॉमन मेरिट लिस्ट और 12 अक्टूबर को अलॉटमेंट लिस्ट जारी होगी। कॉलेजों में दस्तावेजों की मूल प्रति भी सत्यापित करवानी होगी। इसके लिए छात्रों के पास 16 अक्टूबर शाम पांच बजे तक का समय है।
प्रवेश पत्र अपलोड करने से ई-वेरिफिकेशन में होगी आसानी
जीएसआईटीएस में बने सहायता केंद्र के नोडल ऑफिसर डॉ. बीएस मोरे ने बताया रजिस्ट्रेशन के दौरान छात्रों को वे सभी जानकारियां देना चाहिए जिनसे उनका दसवीं और बारहवीं का रिजल्ट ऑनलाइन जांचा जा सके। सीबीएसई के छात्रों को प्रवेश पत्र अपलोड करना चाहिए। उसमें मौजूद जानकारी के आधार पर ई-वेरिफिकेशन आसानी से होता है। जिन छात्रों के दस्तावेजों का ई-वेरिफिकेशन नहीं हो पाएगा, वे आगे की प्रक्रिया के लिए अयोग्य माने जाएंगे। हालांकि वे तय तारीख से पहले वापस आवेदन कर सकेंगे।
काउंसलिंग का दूसरा चरण 13 अक्टूबर से दो चरण में शुरू होगा
काउंसलिंग का दूसरा चरण 13 अक्टूबर से शुरू होगा। जेईई मेन के साथ ही इसमें 12वीं के अंकों के आधार पर भी प्रवेश दिया जाएगा। 13 से 24 अक्टूबर तक 12वीं के आधार पर तथा 19 से 24 अक्टूबर तक जेईई मेन के आधार पर रजिस्ट्रेशन करवाए जा सकेंगे। दूसरे चरण की अलॉटमेंट लिस्ट 2 नवंबर को जारी होगी। 6 नवंबर तक प्रवेश लेना होगा। इसके बाद कॉलेज लेवल काउंसलिंग के जरिए प्रवेश दिए जाएंगे। कॉलेज लेवल काउंसलिंग के लिए 5 से 13 नवंबर दोपहर 3 बजे तक रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। 13 नवंबर शाम 5 बजे तक छात्र प्रवेश ले सकेंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/indore/news/this-time-e-verification-for-admission-in-engineering-college-two-help-centers-built-in-the-city-but-students-will-not-be-required-by-the-whole-process-online-127744497.html
No comments:
Post a Comment