Wednesday, September 23, 2020

निमाड़ पर मानसून मेहरबान, खंडवा में 5 घंटे में 26 मिमी बारिश

विदाई ले रहे मानसून ने जाते-जाते एक बार फिर निमाड़ अंचल को तरबतर कर दिया। बुधवार सुबह 11 से शाम 4 बजे तक तेज तो कभी रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी रहा। खंडवा-खरगोन शहर में सुबह 11 से शाम 5 बजे तक 26 मिमी बारिश दर्ज हुई है। बड़वानी 29 मिमी व बुरहानपुर में 39.7 मिमी बारिश शाम 5 बजे तक दर्ज हुई।
रिमझिम व हल्की बारिश का दौर दिनभर देर शाम जारी रहा। इसके अलावा ग्रामीण अंचलों में भी अच्छी बारिश हुई। अगले 24 घंटों में भी यहां बारिश होने के आसार है। बारिश के कारण पिछले 24 घंटों में दिन का तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 28.5 पर पहुंच गया। इससे लाेगाें काे गर्मी व उमस से काफी राहत मिली। बारिश के कारण आम दिनों के अपेक्षा बाजार में सन्नाटा रहा। न्यायालय सहित अन्य सरकारी कार्यालयों में भी लोगों की भीड़ कम रही। सड़कों पर गड्‌ढों में जमा हुए पानी के कारण लोगों को परेशानी हुई। गली, मोहल्लों व कॉलोनियों में सीवेज के कारण लोग परेशान हुए। मौसम वैज्ञानिक एसके नायक के मुताबिक गुरुवार को भी बारिश होगी। 30 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रदेश में धीरे-धीरे वर्षा की गतिविधियां बहुत कम हो जाने की संभावना है। जिले में अब तक 36 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है जो कि औसत बारिश से 4 इंच अधिक है।

अंचल के चारों जिलों में बारिश का कोटा पूरा
शहर औसत अब तक इंच में

खंडवा 830.6 914.6 36
बुरहानपुर 823.6 838.2 33
खरगोन 726.5 844.9 33
बड़वानी 746.3 810.3 31

निमाड़ : इसलिए हो रही वर्षा
मौसम विभाग के अनुसार कम दबाव का क्षेत्र उत्तरी छत्तीसगढ़ और उसके आसपास बना है। मानसून द्रोणिका (ट्रफ) बंगाल की खाड़ी से राजस्थान तक बनी हुई है। जो कि निमाड़ अंचल से होकर गुजर रही है। छत्तीसगढ़ में मौजूद सिस्टम भी पूर्वी मप्र की तरफ बढ़ रहा है। इस कारण बुधवार को जबलपुर, सागर, होशंगाबाद, उज्जैन, भोपाल संभाग व इंदौर संभाग के खरगोन, बुरहानपुर व अन्य जिलों में बारिश हो रही है।
खंडवा में गरज-चमक के साथ होगी बारिश : मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में खंडवा व आसपास के शहरों में गरज-चमक के साथ बारिश हाेने की संभावना व्यक्त की है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Monsoon clement on Nimar, 26 mm rain in Khandwa in 5 hours


source https://www.bhaskar.com/local/mp/khandwa/news/monsoon-clement-on-nimar-26-mm-rain-in-khandwa-in-5-hours-127748556.html

No comments:

Post a Comment