कोरोना जैसे खतरनाक वायरस से लड़ने के लिए आपका घर में रहना बहुत जरूरी है। आप घर पर ही रहें, इसके लिए जरूरत का सामान आपको घर पर मिलेगा। चाहे राशन हो, दवाई हो या फिर डॉक्टर की जरूरत। हर सुविधा आपके घर तक पहुंचेगी, ऐसी व्यवस्था पुलिस और प्रशासन ने मिलकर शहर में की है। ताकि इस लड़ाई में हम जीतें, कम से कम लोगों को घरों से बाहर निकलना पड़े और लॉकडाउन पूरी तरह सफल हो।
यह व्यवस्था पूरी प्लानिंग के साथ की गई है। 22 मार्च के बाद से पुलिस और स्मार्ट सिटी के कंट्रोल रूम में जनता की मदद के लिए शुरू कराई गई हेल्पलाइन पर करीब 3267 कॉल आए। इनमें आने वाली शिकायतों की अफसरों ने रोज समीक्षा की और यह पता लगाया कि लाेगाें काे घर पर सबसे ज्यादा जरूरत किन सुविधाओं की है, इसी आधार पर पहले राशन, दवाई और फिर धीरे-धीरे सब्जी, दूध व चिकित्सा सुविधा तक घर पर ही उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई। यानि अब हमें घर से बाहर निकलने की जरूरत नहीं है।
सभी जरूरी सामान ऐसे पहुंच रहा है आपके पास
{राशन: पुलिस हेल्पलाइन और कंट्रोल कमांड सेंटर की हेल्पलाइन पर सबसे ज्यादा शिकायत राशन की थी। राशन के लिए छूट दी गई इस दौरान बाजारों में भीड़ टूटने लगी, खतरा और बढ़ गया। जब बाजार में दूरी मेंटेन नहीं हुई तो होम डिलीवरी को लेकर 3 दिन प्लानिंग की गई। किराना दुकानदार और जोमैटो, स्विगी, फ्लिपकार्ट, अमेजन के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। जिसमें मंगलवार से होम डिलीवरी का पूरा प्लान बना लिया गया। 40 दुकानदार व जोमैटो के जरिये राशन पहुंचाया जा रहा है। गुरुवार शाम 6 बजे तक 2595 ऑर्डर इसके जरिए सप्लाई किए गए।
{सब्जी: कुछ सुपरमार्केट सब्जी, फल की भी होम डिलीवरी कर रहे हैं। अफसरों ने ऐसे दुकानदारों को भी जोड़ा है, कुछ सब्जी के दुकानदार इस ग्रुप से जुड़ गए हैं। साथ ही अब मंडी आम लोगों के लिए बंद कर ठेलों से ही गली-गली सब्जी पहुंचाने की प्लानिंग है।
{दूध: यह सबसे जरूरी है। कुछ डेयरी संचालक, बड़े पार्लर संचालक को होम डिलीवरी सिस्टम से जोड़ा है। दूध और पनीर की होम डिलीवरी हो रही है। अब दूधियों को गली-मोहल्ले में पहुंचाने की प्लानिंग है।
{पानी: कई इलाके ऐसे हैं जहां पीने के पानी की किल्लत है। यह लोग आरओ वाटर प्लांट से पानी मंगाते हैं। लॉकडाउन की वजह से परेशानी आ गई। एसपी नवनीत भसीन ने आरओ वाटर प्लांट वालों का होम डिलीवरी सिस्टम से जुड़वाया। इन सभी को पास जारी कर दिए गए। गुरुवार से पानी भी घर पर मिलने लगा।
{सेनिटाइजर: इस समय सेनिटाइजर और हैंडवॉश की बड़ी मांग है। शराब फैक्टरियों में बनाए गए सेनिटाइजर सुपर मार्केट के जरिये ऑनलाइन पहुंचाए जा रहे हैं। इसकी जमाखोरी पर असर पड़ा है।
{स्वास्थ्य: कंट्रोल कमांड सेंटर ने 7089003193 नंबर जारी किया है। इसके जरिये वॉट्सएप से वीडियो कॉंफ्रेंसिंग की सुविधा दी गई है। आप बाहर से आए हैं, बीमार हैं, आपको संक्रमित होने का खतरा है, ऐसे लक्षण हैं तो सीधे इस नंबर पर वीडियो कॉल के जरिये आप कंट्रोल कमांड सेंटर में बैठी डॉक्टरों की टीम से कनेक्ट हो जाएंगे। आपको इसी से परामर्श दिया जाएगा। जरूरत होगी तो डॉक्टरों की टीम घर पहुंचेगी।
{दवा: मेडिकल स्टाेर्स पर भीड़ रहती थी। इसे लेकर कई दुकानों को होम डिलीवरी सिस्टम से जोड़ा गया है। इसके समानांतर पुलिस का सिस्टम काम कर रहा है, अगर दवा की जरूरत है तो पुलिस के फेसबुक पेज या हेल्पलाइन नंबर पर कई लोगों ने दवा की मांग की। पुलिसकर्मियों ने खुद उन्हें दवा पहुंचाई।
ये हेल्पलाइन आपकी मदद के लिए
वीडियो कांफ्रेंसिंग: 7089003193
कंट्रोल कमांड सेंटर: 0751-2646605, 06, 07, 08
पुलिस हेल्पलाइन: 0751- 749110100
हम इंदौर के रास्ते पर न चल पड़ें इसलिए यह जरूरी है
घर पर रहना जरूरी है। क्योंकि कहीं ग्वालियर इंदौर न बन जाए। इंदौर में लोगों ने लॉकडाउन का ही पालन नहीं किया। जब यहां सख्ती की गई, तब तक बहुत देर हो गई थी। प्रदेश में सबसे ज्यादा हालात इंदौर में ही खराब हैं। इसलिए जब सारा सामान घर पर पहुंचाने की व्यवस्था कर दी गई है तो बाहर निकलने की जरूरत ही नहीं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/mp/gwalior/news/mp-news-you-stay-at-home-and-only-at-home-so-every-facility-at-home-071046-6966364.html
No comments:
Post a Comment