Wednesday, April 8, 2020

टेकनपुर के अशोक सहित 93 मरीजों की जांच रिपोर्ट आई, सभी निगेटिव

जीआरएमसी की वायरोलॉजीकल लैब में बुधवार को 93 सैंपलों की जांच की गई। इसमें किसी को भी कोरोना संक्रमण नहीं निकला है। सबसे खास बात यह रही है कि बीएसएफ के अफसर अशोक कुमार काे 28 मार्च को कोरोना पॉजिटिव मिलने पर सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उनकी दूसरी रिपोर्ट भी बुधवार को निगेटिव आ गई। इससे पहले अशोक की 5 अप्रैल को आई रिपोर्ट भी निगेटिव थी। अशोक को गुरुवार को डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।
उधर, बुधवार को जिला अस्पताल मुरार में रिकॉर्ड 55 मरीजों के सैंपल लिए गए। इनमें पूर्व सिविल सर्जन डॉ. वीके गुप्ता सहित 3 डॉक्टरों के सैंपल के साथ कोरोना संक्रमित मरीज जाैहरा खान और अजय जाटव के संपर्क में आने वाले मरीजों के सैंपल शामिल हैं। इससे पहले सबसे अधिक 26 मरीजों के सैंपल जिला अस्पताल में 6 अप्रैल को लिए गए थे। उधर जेएएच की कोल्ड ओपीडी में बुधवार को 241 मरीजों का चेकअप किया, इनमें से 84 मरीजों के सैंपल शाम 4 बजे तक जांच के लिए वायरोलॉजीकल लैब भेज दिए, सैंपल लेने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।


जाैहरा खान व अजय के संपर्क में आने वाले 47 मरीजों के हुए सैंपल
सत्यदेव नगर निवासी जाैहरा खान के संपर्क में 19 लोग आए थे। इन्होंने जिला अस्पताल पहुंचकर सैंपल कराए। उधर रामकृष्ण हॉस्पिटल में रह रहे अजय जाटव के संपर्क में आने वाले 28 लोगों के सैंपल भी जिला अस्पताल में हुए। अजय के संपर्क में आने वाले 28 लोगों के सैंपल मंगलवार को जेएएच में भी हुए थे।


संक्रमित के परिजन को फिर से कराया भर्ती
ढोलीबुवा का पुल निवासी बबीता जांच में बीते रोज कोरोना पॉजिटिव पाई गई थीं। 108 एंबुलेंस से बबीता को सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराने के बाद उनके पति महेंद्र वर्मा को 108 एंबुलेंस मंगलवार की रात अस्पताल लेकर पहुंची थी। यहां से महेंद्र वापस अपने घर चले गए। बुधवार की दोपहर फिर से 108 एंबुलेंस महेंद्र को लेकर जेएएच पहुुंंची वहां से उन्हें कहा गया कि उन्हें केडीजे में भर्ती कराया जाए। महेंद्र का कहना है कि वह घर का ताला लगाकर कल नहीं आए थे इसलिए वापस चले गए थे। इसके बाद एंबुलेंस उनके बेटे मोहित को लेकर आई और भर्ती कराया।


सीमाएं सील हैं, फिर दूसरे राज्यों से कैसे आ रहे है लोग


गौरतलब है कि प्रशासन सीमाएं सील करने का दावा कर रहा है। इसके बाद भी लोग दूसरे जिले ही नहीं, दूसरे राज्यों से ग्वालियर आ रहे हैं। जेएएच में पदस्थ एक नर्स अपने पति के पास पंजाब गईं थीं, जहां से वह गत दिवस ही लौटी है। उधर राजस्थान से भी पांच दिन पूर्व एक नर्स लौट कर आईं हैं। उन्होंने ड्यूटी भी ज्वाॅइन कर ली।


कोरोना संदिग्ध अज्ञात मरीज की मौत
जेएएच के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कोरोना संदिग्ध अज्ञात मरीज की मौत हो गई। मरीज को 108 एंबुलेंस हजीरा से जेएएच लेकर पहुंची थी, जहां मरीज को आइसोलेशन में भर्ती करते हुए नमूना भी लिया गया। देर रात मरीज की मौत हो गई। इस मरीज को कोरोना है या नहीं इसकी पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद भी हो पाएगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
प्रतीकात्मक फोटो।


source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/news/investigation-report-of-93-patients-including-ashok-of-tekanpur-all-negative-127136001.html

No comments:

Post a Comment