जूनी इंदौर स्थित भीमगिरि गली में रहने वाला कुशवाह परिवार। 15 अप्रैल को परिवार की लक्ष्मीदेवी की मृत्यु हो गई थी। गुरुवार रात को एमवायएच से फोन आ गया कि आपकी मां कोरोना पीड़ित थीं। आप सब लोग घर में ही क्वारेंटाइन हो जाइए। अब परिजन और स्वास्थ्य विभाग यह समझ नहीं पा रहा कि महिला किस जगह संक्रमित हुई। 10 अप्रैल के आसपास लक्ष्मीदेवी को बुखार आया था। तब परिजन उन्हें राजबाड़ा स्थित अर्पण अस्पताल ले गए थे। वहां डाॅक्टर्स ने टाइफाइड के लक्षण बताकर डोज लिख दिए थे। तबीयत में ज्यादा सुधार नहीं हुआ तो अस्पताल प्रबंधन ने अरबिंदो ले जाने की सलाह दी। अरबिंदो में घुसने से पहले ही कह दिया कि यहां केवल कोविड वाले मरीज ही देखे जा रहे हैं। आप बापट या सिनर्जी अस्पताल चले जाएं। बापट में वेंटिलेटर की समस्या होने पर परिजन उन्हें सिनर्जी ले गए, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। क्रियाकर्म के बाद परिजन तब से घर में ही रह रहे हैं।
15 लोगों में बाकी सभी स्वस्थ
सभी को लगा कि मृत्यु टाइफाइड से हुई होगी। पड़ोसी घरों से बाहर निकले, थोड़ा-बहुत घूमे-फिरे भी। गुरुवार रात को जब पुलिस आई और सभी पड़ोसियों को क्वारेंटाइन होने की बात कही तो दहशत सी फैल गई। हालांकि कुशवाह परिवार में डेढ़ साल की बच्ची से लेकर 45 साल के पुरुष सब ठीक हैं।
सैनिटाइजेशन, फाॅगिंग भी नहीं
गुरुवार रात को सूचना देने के बाद भी नगर निगम ने भीमगिरि गली, आलापुरा क्षेत्र में सैनिटाइजेेशन नहीं किया, न ही बैरिकेडिंग की। असल में, बैरिकेडिंग होने से बाहरी लोग समझ जाते हैं कि कोई पाॅजिटिव मरीज हो सकता है तो वहां से गुजरते भी नहीं हैं, लेकिन अभी आ-जा रहेे हैं।
कोरोना संदिग्ध बुजुर्ग के बाद पॉजिटिव जीजा की मौत
आजाद नगर क्षेत्र में बुजुर्ग की मौत के पांच दिन बाद भी कोरोना जांच रिपोर्ट नहीं आई है। उनके निधन के दो दिन बाद संक्रमण की चपेट में आए, उन्हीं के बहनोई 65 वर्षीय शब्बीर खान का भी निधन हो गया। वे एमटीएच अस्पताल में भर्ती थे और रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। शब्बीर की पत्नी 60 वर्षीय सलमा की भी हालत गंभीर है। शब्बीर के परिवार के बाकी सदस्यों की भी हालत बिगड़ने के बाद चार सदस्यों को अस्पताल ले जाना पड़ा। दरअसल, 60 वर्षीय इकबाल हुसैन की कोरोना के लक्षण के चलते सोमवार को अस्पताल में मौत हो गई थी। हालांकि उनकी पत्नी और दो बेटियां आइसोलेशन में हैं और उनकी हालत ठीक है। उनका इकलौता बेटा इमरान नागपुर में है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/indore/news/woman-dies-in-hospital-8-days-later-son-gets-a-call-that-your-mother-had-corona-127235058.html
No comments:
Post a Comment