Thursday, April 2, 2020

लॉकडाउन ः 21 में से 12 दिन तो बचे राशन से निकल गए, मध्यम वर्ग के लोग परेशान


लॉकडाउन के 21 दिन तो मध्यमवर्गीय परिवार ने जैसे-तैसे घर में बचे राशन से निकाल लिए। उनके सामने परेशानी आ गई है। धंधा चौपट हो गया है और आमदनी का स्रोत नहीं है। ऐसे में वे दो वक्त की रोटी के लिए मोहताज है। उन्होंने प्रशासन से राशन उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।

नगर के सैकड़ों ऐसे मध्यमवर्गीय परिवार हैं जो हम्माली, मजदूरी, ड्राइवरी, ऑटोचालक, कबाड़ी हैं। उनका कहना है कि वे रोज मजदूरी करके अपना व परिवार का पेट पालते थे। बच्चों को खिलाने के लिए भी राशन नहीं बचा है। प्रशासन ने उनकी सुध नहीं ली तो वे भूखे मर जाएंगे। शासन ने सभी परिवारों को राशन देने की बात कही है, लेकिन अभी तक कोई स्पष्ट नीति नहीं होने से राशन वितरित नहीं हो रहा है। मंडी हम्माल नरसिंह बालियान ने बताया अतिवृष्टि से सोयाबीन सीजन खराब हो गई। गेहूं की सीजन आई तो 21 दिन का लॉकडाउन हो गया। प्रतिदिन हम्माली कर घर चलाता हूं, जो राशन था वो खत्म हो गया। सरकारी मदद नहीं मिली तो घर चलाना मुश्किल हो जाएगा। कबाड़ा व्यवसायी सलमान मेव ने बताया मेरे परिवार में 6 बच्चे हैं। काम एकदम बंद पड़ा है। राशन खत्म हो गया और भोजन पैकेट आते हैं वो लेने में हिचकिचाहट होती है। सरकारी राशन मिले तो राहत हो। मामले में नगरपरिषद के खाद्य प्रमुख असद खान ने बताया नगरीय क्षेत्र में भोजन के पैकेट बांटे जा रहे हैं। परिषद को 35 क्विंटल गेहूं अलॉट हुए हैं। जिन्हें राशन देना है उनकी सूची बन रही है। हर जरूरतमंद को राशन जल्द वितरित किया जाएगा। इधर जनपद सीईओ राधेश्याम वाक्तरिया ने बताया पंचायत को 200 क्विंटल अलॉट किए हैं। 700 जरूरतमंदों की सूची बनाई है।

झाेपड़ी बनाकर रहने वालों को भोजन पैकेट बांटे जा रहे हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Aalot News - mp news lockdown 12 out of 21 days left from ration middle class people upset


source https://www.bhaskar.com/mp/ratlam/news/mp-news-lockdown-12-out-of-21-days-left-from-ration-middle-class-people-upset-063505-6962573.html

No comments:

Post a Comment