काेरोना और लॉकडाउन के इस दौर में संत हिरदाराम नगर की निरंजन धाम सेवा समिति ने भी एक पहल की है। समिति ने जरूरतमंदों को 15 दिन की दवाएं निशुल्क देना का फैसला लिया है। यह फैसला पदाधिकारियों ने संतनगर के एक दवा व्यापारी के आग्रह पर लिया है। इसके तहत संस्था के सभी सेवादार भी इसमें सहयोग कर रहे हैं। समिति पदाधिकारियों की सहमति मिलने के बाद एक व्यापारी ने खुद का एक वीडियो जारी करके आगे आकर जरूरतमंदों की मदद करने की बात कही। वीडियो के साथ वॉट्सएप नंबर 9893809830 भी जारी किया, जिस पर डॉक्टर के लिखे पर्चे मंगाकर, उन्हें 15 दिन तक की दवाइयां मुफ्त देना शुरू किया है।
ऐसे हुई शुरुआत.... हर व्यक्ति इस समय गरीबों की मदद कर रहा, फिर हम क्यों पीछे रहें
मैं पिछले कुछ दिनों से देख रहा था कि कई गरीब मजदूर, कामकाजी लोग दवाइयों के लिए भटक रहे थे। रोज कमाकर खाने वालों के पास उनके बीवी-बच्चों और माता-पिता की दवाई तक के लिए रुपए नहीं हैं। इसी तरह के अनेक लोग काफी हिचक के साथ उधार दवा मांगते दिखते। कईयों ने तो ये तक कहा कि अभी पैसे नहीं है, लेकिन लॉकडाउन खुलने के बाद पहली कमाई से आपके पैसे चुका जाएंगे। इतना सब देख-सुनकर मुझसे रहा नहीं गया। संत हिरदाराम नगर सहित भोपाल व आसपास के क्षेत्र में लोग जरूरतमंदों को भोजन आदि का प्रबंधन कर रहे हैं।
मुझे भी लगा कि क्यों न इन जरूरतमंदों की मदद की जाए। मैंने हमारी निरंजनधाम सेवा समिति के अध्यक्ष जयकिशन लालचंदानी को इस बारे में बताया। जिसके बाद मैंने एक वीडिया सोशल मीडिया में जारी किया। हम समिति पदाधिकारी आपसी सहयोग से गरीब परिवारों तक 15 दिन तक की मुफ्त दवाइयां चाहे वह 10 हजार रुपए की ही क्यों न हो, उनके घर तक पहुंचा रहे हैं।- जैसा कि मेडिकल स्टोर संचालक कैलाश आसवानी ने बताया
दो दिन में करीब 250 से अधिक मैसेज आए - आसवानी ने बताया कि बीते दो दिनों से उनके वॉट्सएप नंबर पर 250 से अधिक मैसेज आ चुके हैं। लेकिन इनमें कई लोग सक्षम भी निकले। इसके लिए उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे वाॅट्सएप नंबर पर केवल जरूरतमंदों के पर्चे ही भेजे। ताकि संकट की इस घड़ी में गरीब तक मदद पहुंच सके।
रेलकर्मी निजी मेडिकल से खरीद सकते हैं दवाएं, बाद में रीइंबर्समेंट करवा सकेंगे
गंभीर बीमारियां जैसे डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, हाईपरटेंशन, किडनी, हार्ट, कैंसर आदि से पीड़ित रेलकर्मी प्राइवेट मेडिकल स्टोर से दवाएं खरीद कर उनका रीइंबर्समेंट करवा सकेंगे। रेलवे ने कोरोना संक्रमण को देखते हुए रेलकर्मियों को यह सुविधा दे दी है। लॉकडाउन खुलते ही रेलकर्मियों के मेडिकल बिलों का रीइंबर्समेंट हो सकेगा। मुख्य चिकित्सा निर्देशक आरके श्रीवास्तव के मुताबिक गंभीर बीमारियों से पीड़ित रेलकर्मी चाहे वो रिटायर हो अथवा कर्मचारी हो या उनके परिवार के सदस्य हों उनकी आवश्यक दवाइयां लेने के लिए उन्हें रेलवे अस्पताल या डिस्पेंसरी में जाने की आवश्यकता नहीं है। वे प्राइवेट मेडिकल से दवाएं ले सकते हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhopal/news/prescriptions-ordered-on-whatsapp-from-the-needy-giving-free-15-days-medicine-127131733.html
No comments:
Post a Comment