Wednesday, January 1, 2020

कड़ाके की ठंड में भी जेल में बंद माय होम के म्युजिशियनों के परिजनों का आमरण अनशन जारी

इंदौर. इंदौर में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है, रजाई में भी लोगों को आराम नहीं, ऐसे में जरा सोचिये अगर रात खुली आसमान में बिताना पड़े तो क्या होगा? जेल में बंद माय होम होटल के म्युजिशियनों के परिवार के लोग मंगलवार से रीगल स्थित गांधी प्रतिमा के सामने आमरण अनशन पर बैठे हैं। अनशन कर रहे लोगों द्वारा रात भी खुले आसमान के नीचे बिताई जा रही है। लगातार तीसरे दिन गुरुवार को भी धरना जारी है।


अनशन पर बैठे परिजन का कहना है कि अब जब तक उनके घर के सदस्य छूटेंगे नहीं तब तक वे आमरण अनशन पर बैठे रहेंगे। धरने पर बैठने के पहले परिजन ने पुलिस के अफसरोें से चर्चा की, लेकिन उनकी तरफ से कोई संतुष्टिपूर्ण जवाब नहीं मिला तो फिर धरने पर बैठ गए।


परिजन के अनुसार जेल में बंद अमन देसाई (कीबोर्ड) के परिवार में उसकी विधवा मां है। जितेंद्र पार्ले (कीबोर्ड) के परिवार में विधवा मां , पत्नी और तीन बच्चे हैं। कमलेश मोरे (ड्रम) के परिवार मेें मां, पत्नी व दो बच्चे हैं। संजय फ्रांसिस (ड्रम) के घर में मां,पत्नी व दो बच्चे हैं। अभिषेक मोरे (ऑक्टोपेड) के परिवार में माता-पिता। राजू पिरोछा (ढोलक) के परिवार में कैंसर पीड़ित पत्नी है। विक्की (साउंड) के परिवार में पत्नी व बेटा है। मेघराज राव (ढोलक) के परिवार में पत्नी व दो बच्चे हैं। सुनील गोने (कीबोर्ड) के परिवार में माता-पिता, पत्नी व दो बच्चे हैं। विक्रम तंबोली (कीबोर्ड) के परिवार में पिता, पत्नी व दो बच्चे हैं। वहीं लेखराज (ड्रम) के परिवार में पिता, पत्नी व दो बच्चे हैं। परिजन का कहना है कि जो म्युजिशन जेल में बंद हैं वे ही घर का भरण पोषण करते थे। उनके अलावा घर में कमाने वाला कोई नहीं है। पुलिस ने बिलावजह से उन्हें गिरफ्तार कर लिया और वे पिछले 22 दिनों से जेल में बंद हैं।


गैरतलब है कि हनी ट्रैप मामले में ऑडियो-वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने लोकस्वामी अखबार के मालिक जीतू सोनी के माय होम होटल पर छापामार कार्रवाई की थी। इस कार्रवाई के दौरान होटल से 67 लड़कियों को भी बरामद किया गया था। पुलिस के अनुसार इन लड़कियों से जबरन जिस्मफरोशी करवाई जा रही थी। पुलिस ने जीतू सोनी, उसके बेटे और होटल मैनेजर के खिलाफ मानव तस्करी का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने होटल में संगीत बजाने वाले कलाकारों पर भी मानव तस्करी का आरोपी बनाकर कोर्ट में पेश किया था जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया था। कलाकारों के परिजनों द्वारा पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध किया जा रहा है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
गुरुवार को भी जारी है अनशन


source https://www.bhaskar.com/mp/indore/news/fasting-continues-for-family-members-of-my-homes-musicians-jailed-even-in-cold-winter-126411404.html

No comments:

Post a Comment