Monday, April 20, 2020

मास्क पहनकर निकले, दुकानों पर दिखी सोशल डिस्टेंस ये गलत है : किराने के नाम पर जनरल स्टोर, पतंग की दुकान खोली

करीब एक माह से कड़ी पाबंदियों के बीच रह रहे शहरवासियों ने सोमवार को मिली राहत के दौरान जमकर खरीददारी की। लोगों को इस बात की आशंका भी है कि प्रशासन द्वारा दी गई छूट कभी भी वापस ली जा सकती है, इसलिए पहले दिन बाजारों में कुछ ज्यादा ही चहल-पहल हो गई। शहर के अलावा गांव से भी बड़ी संख्या में लोग बाजारों में आकर खरीदारी करते दिखे।
यह राहत कायम रहे इसके लिए खुद लोगों ने भी सावधानी बरती। ज्यादातर लोग मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का पालन करते हुए दिखे। दुकानदार भी भीड़भाड़ नहीं बढ़ने दे रहे थे। नियम तोड़ने वालों के बारे में सोशल मीडिया पर लोगों की तुरंत ही प्रतिक्रिया सामने आती रही। ऐसी शिकायतों पर पुलिस ने कार्रवाई भी की। इसके अलावा कुछ लोग ऐसे थे जो नियम तोड़ने पर आमादा रहे। जैसे कि किराने की आड़ जनरल स्टोर और डेयरी के नाम पर अन्य कारोबार करने की कोशिश की गई।
यातायात पुलिस को सख्ती नहीं करनी पड़ी
लॉकडाउन के बाद से पहली बार सड़कों पर इतनी संख्या में वाहन दिखाई दिए। इसके बावजूद अच्छी बात यह रही कि पुलिस को ज्यादा सख्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी। हालांकि अनावश्यक रूप से घूमने वालों का चालान बनाया गया। पर ज्यादातर बाइक पर सिंगल सवारी ही दिखाई दी। कारें भी वही दिखीं जो वाजिब वजहों से बाहर आई थीं।

दो कार्रवाई : अगर नियम नहीं माने तो आप पर भी हो सकती है कार्रवाई

पतंग बेचने पर 2 हजार, सोशल डिस्टेंसिंग में किराना दुकानदार पर 5 हजार का जुर्माना
राहत के दौरान जो बुनियादी नियम व पाबंदियां जारी रखी गई हैं, उन्हें लागू कराने के लिए पुलिस ने सख्त कार्रवाई भी की। कई मामलों में दुकानदारों को चेतावनी दी गई। वहीं कुछ मामलों मेंं जुर्माना लगाया गया। कई मामलों तो लोगों ने ही पुलिस को शिकायत की। इसी सिलसिले में एएसआई योगेश शर्मा ने नई सड़क पर पतंग बेचते हुए एक दुकानदार पर 2 हजार का जुर्माना लगाया। बताया जाता है कि मूलचंद पुत्र मोतीलाल जैन नामक यह दुकानदार डेयरी की आड़ में पतंग बेचने का काम भी कर रहे थे। दूसरी कार्रवाई कैंट रोड स्थित संजय पुत्र जेपी गुप्ता के लूशन बगीचा स्थित किराना स्टोर पर की गई। यहां सोशल डिस्टेंसिंग का नियम न मानने पर 5 हजार का जुर्माना लगाया गया।

राजस्थान से आए मजदूरों को सिरोंज ले जा रहे वाहन चालक ने पुलिस देखकर बजरंगगढ़ में उतारा तो पीछा कर पकड़ा

अब तक ग्रीन जोन में शामिल गुना में बाहरी लोगों से संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। इसे लेकर पुलिस व प्रशासन लगातार सजगता बरत रहा है। सोमवार को पुलिस ने एक चार पहिया वाहन चालक पर मामला दर्ज किया, जो राजस्थान से आए मजदूरों को सिरोंज ले जा रहा था। मिली जानकारी के अनुसार यह 16-17 मजदूर छबड़ा से पैदल चलकर रुठियाई तक पहुुंच गए थे। वहां उन्होंने वाहन क्रमांक एमपी 08, बीए 1921 किराए पर लिया और सिरोंज की ओर चल पड़े। यह वाहन बजरंगगढ़ तक चला गया। वहां नाके पर तैनात पुलिस को देखकर उसने गाड़ी पहले ही रोक दी। उसने लोगों को नीचे उतार दिया और वापस भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने सभी मजदूरों की जांच करवाई और उन्हें क्वारेंटाइन कराया। उधर वाहन चालक की पहचान कर ली गई थी। उसे बाद में रुठियाई के पास कर्माखेड़ी से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी नंदकिशोर पुत्र मदनलाल ओझा पर महामारी अधिनियम की धाराओं के अलावा धारा 144 का उल्लंघन करने का मामला भी दर्ज किया गया।

शाम 5 बजे से फिर शुरू की सख्ती
पाबंदियों में मिली छूट शाम 5 बजे तक के लिए थी। उसके बाद पुलिस ने फिर से सख्ती शुरू कर दी। यातायात पुलिस के अधिकारी रिजर्व फोर्स के साथ सड़कों पर आ गए। अलग-अलग जगहों पर बेवजह घूम रहे बाइक सवारों को रोककर उनसे पूछताछ की गई। लोगों को हिदायत दी गई कि वे शाम 5 बजे से पहले अपने काम निबटा लें। यातायात पुलिस के दीपक साहू ने बताया कि लोगों पर नियंत्रण भी जरूरी है। ज्यादा भीड़भाड़ हुई तो फिर से सख्ती करना होगी।
राहतें जारी रहने का यकीन होने पर अपने आप घटने लगेगी भीड़
पहले दिन सड़कों पर अचानक आई भीड़ को स्वभाविक माना जा रहा है। दरअसल लोगों को आशंका है कि प्रशासन दोबारा पाबंदियां लागू न कर दें। इसलिए वे मौका मिलते ही खरीददारी के लिए बाहर निकल पड़े। अगले दो-तीन दिन में स्थितियां सामान्य होने लगेंगी। अभी लोगों को यह भी पता नहीं है कि जरूरी चीजों की दुकानें लगभग दिनभर खुली रहेंगी। आने वाले दिनों लोग नई परिस्थितियों के अनुकूल होंगे तो एक ही समय में सड़कों पर निकलने की प्रवृत्ति भी कम हो जाएगी।
ग्रामीण इलाकों से शहर के बाजार में खरीदारी बढ़ने की संभावना
ग्रामीण क्षेत्रों से आवाजाही बढ़ने की संभावना है। कारण यह है कि किसान बड़ी संख्या में फसल बेचने के लिए आने लगे हैं और पैसा मिलने के बाद वे जरूरी सामान खरीददारी भी करेंगे। खरीफ सीजन के लिए जरूरी उपकरणों, बीज, पाइप लाइन आदि की खरीददारी भी इसी दौरान की जाती है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Came out wearing masks, social distance seen in shops is wrong: General store, kite shop opened in the name of grocery


source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhopal/guna/news/came-out-wearing-masks-social-distance-seen-in-shops-is-wrong-general-store-kite-shop-opened-in-the-name-of-grocery-127207945.html

No comments:

Post a Comment