Friday, March 6, 2020

बड़ौद रोड चौराहे के डिवाइडर को छोटा करंेगे, विजय स्तंभ, मुख्य बाजार में भी होगी पहले जैसी व्यवस्था


बड़ौद रोड चौराहे पर यातायात व्यवस्था अब नहीं बिगड़ेगी। बड़ौद की ओर जाने वाली सड़क पर बने डिवाइडर को तुड़वाकर व्यवस्था ठीक की जाएगी। इसके अलावा विजय स्तंभ से अस्पताल चौराहा व मुख्य बाजार में भी यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।

आगर सुंदर दिखे इसके लिए एसपी मनोज कुमार सिंह ने प्लान तैयार किया है। इस प्लान को व्यापारियों व लोगों का सहयोग लेकर लागू किए जाने की एसपी की योजना है। बड़ौद रोड चौराहा सबसे व्यस्ततम चौराहा है। इस चौराहे पर सारंगपुर, सुसनेर, छावनी, बस स्टैंड तथा मुख्य बाजार व बड़ौद रोड पर स्थित काॅलोनियों में रहने वाले लोगों के अलावा सुबह से शाम तक हजारों की संख्या में छोटे-बड़े वाहन निकलते हैं। बड़ौद क्षेत्र के करीब 50 से अधिक गांव के लोग इस चौराहे से ही आवाजाही करते हैं इसलिए इस रोड पर काफी भीड़ रहती है।

बस स्टैंड की ओर से आने वाले वाहनों को बड़ौद की ओर ले जाने में कठिनाई होती है तथा बड़ौद की ओर से छावनी की ओर जाने वाले वाहन चालकों के साथ भी यही परेशानी होती है। इसे दूर करने के लिए फव्वारे के पीछे बने डिवाइडर को तुड़वाया जाएगा ताकि चौराहे पर छोटे-बडे वाहन ठीक प्रकार से निकल सके तथा पॉर्किंग में भी असुविधा न हो। इसके लिए नगर पालिका व यातायात विभाग के अधिकारी मिलकर कार्य करेंगे।

मुख्य बाजार में बड़े वाहनों के प्रवेश पर फिर प्रतिबंध की योजना

कलेक्टर व एसपी ने करीब ढाई साल पहले सराफा बाजार के दुकानदारों से बातचीत करके सुबह से शाम तक 4 पहिया वाहनों की मुख्य बाजार में इंट्री पर प्रतिबंध लगाया था। इससे बाजार में बार-बार जाम लगने की समस्या खत्म हो गई थी, लेकिन एसपी मनोज कुमार सिंह के स्थानांतरण के बाद व्यवस्था भंग हो गई। सिंह ने दूसरी बार कार्यभार ग्रहण कर लिया है। वे जल्द ही स्थानीय व्यापारियों से बात कर उन्हीं के सहयोग से उसी व्यवस्था को लागू करने का मन बना चुके हैं।

शहर के अन्य चौराहों पर भी सुधारेंगे व्यवस्था -

छावनी नाके से झंडा चौक व सारंगपुर रोड पर भी यातायात व्यवस्था ठीक रहे इसके लिए भी एसपी प्लान बना चुके है। शहर के अंदर की व्यवस्था सुधारने के साथ ही बाहरी हिस्से व चौराहों की व्यवस्था में सुधार होगा।

करीब डेढ़ साल पहले पुलिस व प्रशासन ने विजय स्तंभ से अस्पताल चौराहे के बीच सड़क किनारे लगने वाले ठेलों को मिडिल स्कूल ग्राउंड में खड़ा करवाना शुरू किया था लेकिन उच्च न्यायालय के निर्णय के बाद उन्हें वहां से हटाना पड़ा। एसपी मनोज कुमार सिंह का मानना है कि शहर की यातायात व्यवस्था अच्छी हो तो शहर सुंदर दिखाई देता है। सड़क किनारे फिर से ठेले लगने लगे हैं। इन ठेलों को व्यवस्थित करवाने का काम भी जल्द किया जाएगा ताकि इस रास्ते पर जाम न लगे तथा दुकानदारों को परेशानी न हो। दुकानों के सामने ठेले लगने से कई दुकानदार परेशान हैं। गत वर्ष एक बेकाबू कार सड़क के पास खड़े सब्जी के ठेले व गाय को टक्कर मारती हुई कपड़ा दुकान में घुस गई थी। उस समय ज्यादा भीड़ नहीं थी। केवल एक महिला व उसका पौता घायल हुए थे। यदि ज्यादा लोग वहां होते तो घायलों की संख्या बढ़ जाती इसलिए ठेलों को भी व्यवस्थित खड़ा करवाया जाएगा ताकि उन्हें बार-बार हटाना न पड़े।एसपी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि शहर की यातायात व्यवस्था ठीक होती है तो दुर्घटनाओं में कमी आने के साथ ही शहर सुंदर दिखाई देता है तथा लोगों का सफर आसान हो जाता है। इसके लिए प्रयास किए जाएंगे। पुलिस व यातायात विभाग लोगों को जागरूक करके सब
कामों को करेगा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/mp/shajapur/news/mp-news-baroud-road-intersection-dividers-will-be-shortened-vijay-pillar-main-market-will-also-be-arranged-as-before-063006-6794642.html

No comments:

Post a Comment