Monday, January 13, 2020

भगुवापुरा में बनेगा 132 केवी का पावर स्टेशन परसोंदा गूजर, सिकरी व अटरा में बनेंगे 3 उपकेंद्र

सेंवढ़ा में संभागीय कार्यालय का औपचारिक उद्घाटन सोमवार को ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर बसस्टैंड पर आयोजित सभा में लोगों को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि जल्द ही भगुवापुरा में 25 करोड़ की लागत से 132 केवी का पावर स्टेशन एवं परसोंदा गूजर, सिकरी तथा अटरा में तीन अलग अलग उपकेंद्रों का निर्माण कराया जाएगा। श्री सिंह ने कहा कि सेंवढ़ा से उनका दिल का रिश्ता है। बचपन में ननिहाल आना होता था, तो उस वक्त मामा की गोद में खेलने अवसर मिला। अब प्रदेश सरकार ने जिम्मेदारी दी है और सेंवढ़ा के लोगों ने मामा घनश्याम सिंह पर भरोसा किया है, तो मेरा फर्ज आपके सपनों और कल्पनाओं को साकार करूं।

अंगद काॅलौनी स्थित संभागीय कार्यालय का उद्घाटन ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह, प्रभारी मंत्री डाॅ. गोविंद सिंह, क्षेत्रीय विधायक घनश्याम सिंह, कलेक्टर रोहित सिंह ने किया। कार्यक्रम में महाप्रबंधक सुधीर कुमार शर्मा ने कहा कि सेंवढ़ा में संभागीय कार्यालय एवं दतिया में सर्किल आफिस की काफी आवश्यकता थी, 2 मार्च से दोनों ही कार्यालय काम कर रहे हैं। इसमें दो उपसंभाग सेंवढ़ा एवं भांडेर के 341 गांव, 6 बिजली वितरण केंद्र, 21 उपकेंद्र शामिल हैं। चूंकि सेंवढ़ा धान का क्षेत्र है और ऐसे में यहां की जरूरतें भी अधिक हैं। इसलिए पिछले छह माह में भरौली, दिगुवां, देभई में उपकेंद्र, भगुवापुरा में 3.25 तो कटापुर में 5 एमवीए के ट्रांसफार्मर रख कर क्षमता वृद्धि की गई है।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री डाॅ. गोविंद सिंह ने कहा कि रतनगढ़ बहुउद्देशीय परियोजना का अधीक्षण यंत्री कार्यालय निर्माण एजेंसी की मिलीभगत के कारण ग्वालियर और डबरा में संचालित हो रहा था। विधायक श्री सिंह के प्रयास के बाद इसे सेंवढ़ा में प्रारंभ किया गया। उन्होंने सेंवढ़ा मुख्य बाजार की सड़क पर बोलते हुए कहा कि जब चारों ओर सड़कें चौड़ी हो गईं हैं तो सेंवढ़ा क्यों रह जाए। योजना समिति में आज ही सेंवढ़ा की सड़क को डबल करने तथा बसस्टैंड के नवीन निर्माण का प्रस्ताव रखूंगा। उन्होंने सेंवढ़ा तहसीलदार साहिर खान को शासकीय भवन और जमीनों को अतिक्रमण से मुक्त करने तथा शासकीय जमीनों के नंबर बताने को कहा ताकि बिजली कंपनी का नया कार्यालय, बसस्टैंड तथा अन्य विकास कार्य पूर्ण हो सके। उन्होंने कलेक्टर की ओर इशारा कर कहा रेत माफिया पनडुब्बी लगाकर सिंध को खोखला कर रहे हैं, यह पुलिस की मिलीभगत से हो रहा है। कार्रवाई करो।

आयोजन विधायक घनश्याम सिंह की मांग पर ऊर्जा मंत्री ने की घोषणा, कहा- सेंवढ़ा से दिल का रिश्ता

कार्यक्रम काे संबोधित करते विधायक घनश्याम सिंह, मौजूद मंत्री सिंह।

ऊर्जा मंत्री का जगह जगह किया गया स्वागत

ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह के सेंवढ़ा पहुंचने पर अध्यापक कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रदीप श्रीवास्तव, स्वदेश जाटव, रिजवान खांन, देशराज कुशवाह, शिशिर दांतरे आदि ने, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष युवक कांग्रेस अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने स्वागत पटाखे फोड़े तथा शाॅल श्रीफल, तलवार भेंट की। अंगद काॅलौनी में सेवादल यंग ब्रिगेड के जिला अध्यक्ष धीरज गंधी, एनडी प्रजापति एवं डाॅ. राजेंद्र पाराशर आदि ने तुलादान कर केलों का वितरण किया। हनुमान चौराहे पर बादशाह खान ने, सदर बाजार में ऊधम सिंह नागिल ने स्वागत पंडाल लगाए। जसावली में सिंधिया फेंस क्लब से कुलदीप पटेल एवं अखंड प्रताप सिंह ने स्वागत किया। कार्यक्रम में पूर्व मंडी अध्यक्ष अरूण कुमार शर्मा, भवानी मार्केटिंग सोसायटी अध्यक्ष मुमताज खांन, युवक कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष प्रधुन्न पाराशर, कांग्रेस कार्यकारी ब्लाॅक अध्यक्ष राजू लठैत, ब्लाॅक अध्यक्ष जनवेद कुशवाह, जयवेंद सिंह परिहार, जयेंद्र सिंह सेंगर, अशोक शर्मा, सुल्तान खां, अंजू शर्मा, उदयवीर सिंह भदोरिया, अपरवल साहनी, सत्तेंद्र यादव आदि द्वारा स्वागत किया गया।

पूजा अर्चना के बाद एंबुलेंस की दी सौगात

विधायक श्री सिंह द्वारा विधायक निधि से दी गई एंबुलेंस को पूजन कर मंत्री श्री सिंह ने इन्हें पब्लिक को समर्पित कर दिया। विधायक श्री सिंह ने कहा कि भवन के अभाव में अभी जो काम दतिया से होते थे, वह अब सेंवढ़ा से होंगे। बिल भी यहीं बनेंगे और सुधार भी यहीं से होंगे। उन्होंने सेंवढ़ा इंदरगढ़ में 2-2 नए चिकित्सक भेजने के लिए प्रभारी मंत्री एवं ऊर्जा मंत्री से आव्हान किया। कार्यक्रम का संचालन शैलेंद्र बुंदेला ने एवं आभार प्रदर्शन डीई उमेश शर्मा द्वारा किया गया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Datia News - mp news 132 kv power station to be built in bhaguvapura


source https://www.bhaskar.com/mp/datia/news/mp-news-132-kv-power-station-to-be-built-in-bhaguvapura-070603-6388949.html

No comments:

Post a Comment