Thursday, January 23, 2020

भांडेर में सड़क निर्माण में बाधा बन रहीं दो दुकानें जेसीबी से ढहाईं दतिया में 100 मीटर दायरे से 50 गुमटियां हटाकर की औपचारिकता

कमलनाथ सरकार के स्पष्ट निर्देश होने के बाद भी जिला स्तर पर बड़ौनी को छोड़ कहीं भी भू माफियाओं पर कार्रवाई देखने को नहीं मिल रही। दो बार नोटिस जारी होने के बाद शहर में झांसी चुंगी पर राजस्व और नपा के अमले ने करीब 50 गुमटियां उठाई तो वहीं भांडेर में सड़क निर्माण में बाधा बन रही नप की दुकानें ढहाई गईं। 15 अतिक्रमणकारियों को रात भर का समय दिया गया। खास बात यह है कि राजस्व विभाग के मैदानी अमले ने भू माफियाओं सूची वरिष्ठ अफसरों के सुपुर्द कर दी। लेकिन राजस्व अफसर माफिया पर कार्रवाई की हिम्मत ही नहीं जुटा पा रहे हैं।

गुरुवार को सुबह 11 बजे तहसीलदार एसके त्रिपाठी, नगर पालिका सीएमओ बाबूलाल कुशवाहा अपने अधीनस्थ अमले के साथ कोतवाली पहुंच गए थे। दोपहर 12 बजे एसडीएम वीरेंद्र सिंह बघेल के पहुंचने पर ग्वालियर-झांसी हाइवे पुल झांसी चुंगी से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई। अतिक्रमण हटाने पहुंचे अफसरों को देख हाथ ठेला चालक अपने हाथ ठेला, गुमटियां लेकर चलते बने। जिन गुमटियों के मालिक नहीं मिले उन्हें नपा कर्मचारियों ने उठाकर ट्रैक्टर ट्रॉली से गाड़ी खाना भिजवाया। झांसी चुंगी से रेलवे अंडरब्रिज के नीचे क्रॉसिंग के बीच 50 गुमटियों को हटवाया गया।

वहीं कोतवाली के सामने पक्की दुकान मालिकों ने टीनशेड बगैरह खुद हटाए। जेसीबी के अभाव में इन पक्की दुकानों व गुमटियों को छोड़ दिया गया। ये पक्की पट्‌टे पर दी गई थीं लेकिन पट्‌टा की अवधि निकलने पर शुक्रवार को इनकी तोड़फोड़ होगी। साथ ही यहीं पेट्रोल पंप के पास रखीं अस्थाई दुकानों को भी हटवाया जाएगा। दूसरी ओर मैदानी अमले से जो रिपोर्ट मंगाई थी सूची आने के बाद वरिष्ठ अफसर कार्रवाई के लिए हिम्मत नहीं जुटा पा रहे।

53 बीघा सरकारी जमीन को कराया अतिक्रमण मुक्त

गुरुवार शाम एसडीएम वीरेंद्र सिंह बघेल, डिप्टी कलेक्टर अनुराग निंगवाल ने अधीनस्थ अमले के साथ इमलिया वृत के ग्राम कुरैठा में 53 बीघा सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया। हरियाणा के सोनीपत निवासी सतेंद्र पुत्र लालचंद्र जाट लंबे समय से सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर फसल कर रहा था। वर्तमान में पूरी जमीन पर गेहूं की फसल खड़ी थी जिसे अधिकारियों ने ट्रैक्टर से जुतवा दिया।

भांडेर में भी की औपचारिकता

भांडेर में एक करोड़ 5 लाख की लागत से राजमाता रोड से पथनवाली माता मंदिर तक मुख्यमंत्री अधोसंरचना के तहत थीम रोड बनाई जानी है। लेकिन बीच में 17 पक्की दुकानें बनी होने के कारण काम शुरू नहीं हो पा रहा है। नगर परिषद ने दो दिन पहले अनाउंसमेंट कराया। गुरुवार को दो जेसीबी लेकर अतिक्रमण हटाने पहुंची। लेकिन दुकानदारों ने खुद तुड़ाई शुरू कर दी। अतिक्रमणकारी कांग्रेस नेता नासिर बक्स मंसूरी समेत सभी 17 अतिक्रमणकारियों ने अफसरों से रात भर का समय मांगा। इसके बाद नगर परिषद ने विनय कुमार सिरौठिया की क्लीनिक और रघुवीर मिश्रा की मिष्ठान के लिए आवंटित दुकान को तोड़ा।

अतिक्रमण हटा रहे हैं

ये एंटी माफिया सेल की कार्रवाई नहीं है। केवल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चल रही है। भू माफिया पर कार्रवाई इसके बाद करेंगे। वीरेंद्र सिंह, एसडीएम, दतिया

कार्रवाई करेंगे

भू माफियाओं पर कार्रवाई कर रहे हैं। आज फोर्स नहीं मिलने से कार्रवाई रुक गई। लेकिन जैसे ही फोर्स उपलब्ध होता है, हम भू माफिया पर भी कार्रवाई करेंगे। अशोक सिंह, एसडीएम भांडेर

आज होगी कोतवाली से किलाचौक तक कार्रवाई

झांसी चुंगी से सीतासागर, गहोई वाटिका के सामने, एचडीएफसी बैंक, पीतांबरा पीठ के सामने, राजगढ़ चौराहा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सामने पार्क की जमीन, गांधी रोड, टाउनहाल, बड़ा बाजार, किलाचौक तक स्थाई व अस्थाई अतिक्रमण है। कहीं पक्की दुकानें तो कहीं हाथ ठेला, गुमटियां रखकर अतिक्रमण है। शुक्रवार 24 जनवरी को राजस्व और नपा का अमला झांसी चुंगी से किलाचौक तक जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटाएगा। टाउनहाल, पटवा तिराहा, किलाचौक समेत सभी पार्किंग स्थल भी खाली कराए जाएंगे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/mp/datia/news/mp-news-formality-of-removing-50-gummies-from-100-meter-radius-at-jcb-to-two-and-a-half-year-old-datia-obstructing-road-construction-in-bhander-071056-6465188.html

No comments:

Post a Comment