लॉकडाउन के कारण अटकी हायर सेकंडरी की परीक्षा 9 जून से शुरू हो रही है। यह 16 जून तक चलेगी। परीक्षा की तैयारी शुरू हो गई है। लॉकडाउन में फंसे परीक्षार्थी किसी भी परीक्षा केंद्र से परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। इससे 201 अतिरिक्त परीक्षार्थी इस बार रतलाम से परीक्षा देंगे।
इसके लिए विकासखंड स्तर पर 6 केंद्र बनाए हैं। इसमें उत्कृष्ट स्कूल रतलाम, महावीर स्कूल आलोट, मॉडल स्कूल जावरा, उत्कृष्ट स्कूल पिपलौदा, उत्कृष्ट स्कूल सैलाना और उत्कृष्ट स्कूल बाजना शामिल है। चूंकि परीक्षा के दौरान डिस्टेंसिंग रखी जाना है। इससे परीक्षार्थियों की संख्या ज्यादा होने से जावरा के महात्मा गांधी स्कूल के परीक्षा केंद्र को दो भागों में बांटा है और जागृति स्कूल को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। वहीं कंटेनमेंट एरिया में रहने वाले स्टूडेंट के बैठने की व्यवस्था अलग से रहेगी। हायर सेकंडरी परीक्षा में 13 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा के एक घंटे पहले केंद्रों पर पहुंचना होगा परीक्षार्थियों को
इस बार परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर एक घंटे पहले पहुंचना होगा। सभी परीक्षार्थियों की थर्मल स्कैनिंग की जाएगी। साबुन से हाथ धुलाने के बाद भी केंद्रों पर प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षार्थियों को मास्क के साथ ही प्रवेश दिया जाएगा। वहीं कर्मचारियों के लिए भी मास्क अनिवार्य किया है। जिन परीक्षार्थियों की थर्मल स्कैनिंग में यदि तापमान अधिक निकलता है तो उनके बैठने की व्यवस्था अलग से की जाएगी।
दो मीटर की दूरी पर बैठक व्यवस्था की जाए
परीक्षा के पहले उत्कृष्ट स्कूल के हाल में मंगलवार को केंद्राध्यक्षों की बैठक हुई। जिला पंचायत सीईओ संदीप केरकेट्टा की उपस्थिति में हुई बैठक में डीईओ केसी शर्मा ने केंद्राध्यक्षों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोविड 19 के बीच परीक्षा हो रही है। इससे सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल रखा जाए। दो मीटर की दूरी पर बैठक व्यवस्था की जाए।
थर्मल स्कैनर से परीक्षार्थी के साथ ही कर्मचारियों की स्कैनिंग की जाए। इसके बाद प्रवेश दिया जाए। परीक्षार्थियों के पीने के पानी की अलग से व्यवस्था की जाए। वहीं स्थानीय निकाय के सहयोग से केंद्रों में सैनिटाइजर का छिड़काव किया जाए। इस मौके पर उत्कृष्ट स्कूल प्राचार्य सुभाष कुमावत, सीएल सालित्रा, परीक्षा प्रभारी राजेंद्र पांडेय भी मौजूद थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/ratlam/news/201-candidates-from-other-districts-trapped-in-lockdown-will-also-be-given-the-examination-from-ratlam-6-centers-created-127369334.html
No comments:
Post a Comment