लॉकडाउन के दौरान ग्रीन जोन में शामिल जिले को थोड़ी छूट मिली तो लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ा दीं। दिन भर सड़कों पर दौड़ रही बाइकों और भीड़ को देखते हुए किराना दुकानों को निर्धारित आदेश के मुताबिक 4 बजे बंद होना था जिन्हें 2 बजे ही बंद करवा दिया। हालाकि एक दिन पहले जारी आदेश में कृषि यंत्र, उपकरणों की दुकानों का समय निर्धारित नहीं करने से किसानों के साथ दुकानदार और मैकेनिक सुबह से ही भ्रमित दिखाई दिए। किराना दुकानों के साथ कृषि से संबंधित दुकानों के समय में संशोधन किया गया है।
सब्जी, फल, दूध की दुकानें खुलेंगी पहले की तरह- सब्जी, फल, दूध की दुकानें पहले की तरह ही खुल सकेंगी। यानी थोक सब्जी विक्रेता सुबह 9 बजे तक, फुटकर विक्रेता 12 बजे तक और डेयरी संचालक 12 बजे तक अपनी दुकानों को खोल सकेंगे।
ट्रैक्टर खुला था, पुलिस दुकानें बंद करवाने आ गई
सोमवार की सुबह कृषि उपकरण की ईसागढ़ रोड पर दुकान के बाहर ट्रैक्टर की रिपेयरिंग चालू थी। आधा ट्रैक्टर खुला ही था कि करीब 11.30 बज गए और पुलिस मौके पर आकर दुकान बंद करवाने लगी। ऐसे में मैकेनिक और दुकानदार भी सकते में आ गए। इस तरह की परेशानी आगामी समय में भी चुनौती बनेगी।
20 व्यवसायी बोले- एक साथ बंद और खुले बाजार
सोशल डिस्टेंसिंग के साथ कोरोना संक्रमण को लेकर दुकानदार भी चिंतित हैं। थोड़ी छूट मिलने पर शहर में बिगड़े हालात को लेकर जब भास्कर ने अलग-अलग 20 दुकानदारों से बातचीत की तो सभी का कहना है कि बाजार एक साथ खुले और बंद हो तो अलग-अलग काम की वजह से लोगों को घरों से निकलने का मौका नहीं मिलेगा।
इधर रेडिमेड एसोसिएशन ने पहुंचकर की शिकायत
एसपी ऑफिस में रेडिमेड एसोसिएशन के व्यवसायी पहुंचे जहां उन्होंने बताया कि लंबे समय से लॉकडाउन का वे ईमानदारी से पालन करते आ रहे हैं। लेकिन कुछ दुकानदार मैन बाजार में अपनी दुकानों की शटर खोलकर ग्राहकों को अंदर कर व्यापार कर रहे हैं। एसपी सख्ती से लॉकडाउन का पालन कराने के निर्देश दिए।
जानिए... नए आदेश में क्या किया बदलाव और क्यों
1.किराना दुकानें- कलेक्टर डा मंजू शर्मा ने रविवार को केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा ग्रीन जोन के लिए जो गाइड लाइन बनाई है उसके मुताबिक किराना दुकानों को सुबह 10 से शाम 4 बजे तक खोलने के आदेश जारी किए थे। लेकिन सोमवार को फिर से आदेश जारी करते हुए अब ये दुकानें सुबह 7 से 11 बजे तक की खुल सकेंगी।
क्यों किया बदलाव- सोमवार की सुबह से ही बाजार में हर तरफ भीड़भाड़ रही। 12 बजे तक सब्जी विक्रेताओं और डेयरी की दुकानें बंद हुई तो किराना दुकानों की वजह से लोगों का आवागमन चालू रहा। सोशल डिस्टेंसिंग और वायरस संक्रमण की संभावना को देखते हुए फिर से नए आदेश जारी किए गए।
2.कृषि से संबंधित कार्य- चूंकि इस समय किसान ट्रैक्टरों के माध्यम से अपनी उपज लेकर आ रहे हैं। ऐसे में इन दुकानों को खोलने के लिए जारी नए आदेश में खाद, बीज, कीटनाशक, पशुआहार, कृषि यंत्र, कृषि कार्यों से संबंधित उपकरणों सहित रिपेयरिंग की दुकानें सुबह 7 से 12 बजे तक ही प्रतिदिन खुल सकेंगी।
क्यो किया बदलाव- रविवार को जो आदेश जारी किया गया था उसमें कृषि उपकरण, यंत्र, खाद, बीज और मैकेनिकों की दुकानें खोलने का आदेश तो जारी किया गया था लेकिन इस आदेश में यह स्पष्ट नहीं था कि ये दुकानें कितने बजे से संचालित होंगी। जब इस भ्रामक आदेश से संबंधित दुकानदारों के साथ किसानों की परेशानी बड़ गई थी।
इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर को छूट लेकिन माल उपलब्ध नहीं
जिले में इलेक्ट्रिशियन और प्लंबर के साथ श्रमिकों को भी काम की छूट दी गई है। लेकिन इलेक्ट्रिक और प्लंबर के मटेरियल की दुकानें बंद हैं। ऐसे में इन लोगों को लॉकडाउन में छूट देने सार्थक नहीं हो पा रहा है। यहीं हाल भवन निर्माण में लगे श्रमिकों का है। सीमेंट, सरिया की दुकानें बंद होने की वजह से काम नहीं निकल रहा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhopal/ashoknagar/news/grocery-shops-will-now-open-from-7-am-to-11-am-agricultural-machinery-repair-shops-will-be-closed-from-12-am-127207919.html
No comments:
Post a Comment