Tuesday, March 3, 2020

भोंगर्या हाट में मांदल की थाप व बांसुरी की मधुर धुन पर मदमस्त होकर झूमे लोग

यहां भी रहा उत्साह

लोक संस्कृति के महापर्व की शुरूआत मंगलवार से हुई। पहले दिन भीकनगांव, पीपलझोपा व देवनल्या में हाट लगे। आदिवासी समुदाय के लोग परिवार सहित पहुंचे। ढोल-मांदल की थाप और बांसुरी की मधुर धुन पर जमकर थिरके। रंग-गुलाल उड़ाया। लेकिन पहला हाट और गेहूं फसल की कटाई नहीं होने से ग्राहकी कमजोर रही। भीकनगांव में मुख्य मार्ग से रैली के रूप में आदिवासी समुदाय के लोग निकले। डीजे पर बज रहे गीतों पर युवा थिरके। पीछे मांदल के साथ बुजुर्गों ने इस पर्व का आनंद लिया। विधायक झूमा सोलंकी भी शामिल हुई। स्कूल परिसर में पहुंचने के बाद यहां काफी देर तक उत्सवी माहौल रहा। हाट में सुबह से चहल-पहल शुरू हो गई। गुड़ की जलेबी, मिर्ची के भजिये व सेव की खूब बिक्री हुई। झूलों का आनंद लेने दिनभर कतार रही। बच्चों ने मिकी माउस का आनंद लिया।

ग्राहकी कमजोर पर उम्मीद बरकरार


पीपलझोपा/बिस्टान | फाल्गुन माह के पारंपरिक व सांस्कृतिक महापर्व भोंगर्या की शुरूआत पीपलझोपा से हुई। रायसागर, कदवाली, लोहारपानी, गोपालपुरा, कड़वापानी आदि गांवों से पहुंचे लोगों ने अंगूर, कंकण, खजूर, मीठे गुलगुले, चने आदि की खरीदी की। झूलों का आकर्षण भी रहा। बच्चों ने आइस्क्रीम व कुल्फी का मजा लिया। पहला हाट होने से अच्छी ग्राहकी का अभाव रहा। सरपंच सुरेश बड़ोले व सचिव ओमप्रकाश कर्मा व स्थानीय पटेल ने व्यवस्था बनाई। होटल व्यवसायी आंनदराम सोनी व गिरीश पाटिल और शीतलपेय विक्रेता संतोष जायसवाल ने बताया पहला हाट होने के साथ गेहूं की कटाई नहीं होने से ग्राहकी कमजोर रही। बिस्टान के व्यवसायी विकास जैन, कैलाश सोनी व दीपक गुप्ता ने कहा आने वाले 6 हाट में अच्छी ग्राहकी की उम्मीद है। बुधवार को मोगरगांव, सिरवेल व धुलकोट में हाट लगेगा। सोमवार तक लगने वाले हाटों में उमंग व उत्साह के साथ अंचल के लोग शामिल होंगे। सोमवार-मंगलवार की रात होलिका दहन से समापन होगा।


समाजजनों के साथ विधायक झूमा सोलंकी ने किया नृत्य


मांदल के साथ समाजजन हाट में घूमे। विधायक झूमा सोलंकी भी शामिल हुई।

बदमाशों ने भीड़ का फायदा उठा शिक्षक का मोबाइल चुराया


टांडाबरुड़ | क्षेत्र के देवनल्या में आसपास के करीब 25 ढोल लेकर आदिवासी समुदाय के लोग पहुंचे। युवक-युवतियाें के साथ बुजुर्गों व बच्चों ने मांदल की थाप व बांसुरी की धुन पर थिरककर पर्व मनाया। झूले व फोटो स्टूडियो के साथ कुल्फी, आइस्क्रीम, पान व अन्य खाद्य सामग्री की बिक्री हुई।

महेश्वर | मंगलवार को लगने वाले हाट बाजार में मोबाइल चोर सक्रिय हो गए हैं। बस स्टैंड स्थित भवानी माता मंदिर चौक पर लगने वाले सब्जी, फल व अन्य सामान को खरीदने वाले लोगों के जेबों से मोबाइल की चोरी बढ़ी है। मंगलवार को सब्जी खरीदने पहुंचे शिक्षक अनिल रावल का मोबाइल अज्ञात बदमाश ले गया। उन्होंने पुलिस थाने जाकर आवेदन दिया। पिछले मंगलवार सब्जी बाजार क्षेत्र से गफ्फार खान व अभय तिवारी का मोबाइल चोरी हो गया था। लोगों ने कहा हाट बाजार में पुलिस कर्मचारियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई जाना चाहिए ताकि चोरों में पुलिस का भय बने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगे। साथ ही पुलिस को हाट बाजार क्षेत्र में एक टाॅवर लगाकर इसके चारों ओर अत्याधुनिक कैमरे लगाना चाहिए। इससे बदमाशों पर नजर रखने के साथ घटना-दुर्घटना की जानकारी भी मिल सकेगी।

झिरन्या/घुघरियाखेड़ी | चिरिया में पहला भोंगर्या हाट लगा। मांदल के साथ समाजजन हाट में घूमे। विधायक झूमा सोलंकी भी शामिल हुई। पान व गुड़ की जलेबी खाई। महिलाओं के साथ लोकनृत्य भी किया। घुघरियाखेड़ी में बुधवार को भोंगर्या हाट का आयोजन होगा। आसपास के गांवों से समाजजन ढोल-मांदल लेकर शामिल होंगे। व्यापारियों ने अच्छी ग्राहकी की उम्मीद जताई है। गुरुवार को बमनाला, शुक्रवार को दसनावल, शनिवार को गढ़ी व रविवार को नागझिरी में हाट लगेगा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


source https://www.bhaskar.com/mp/khargon/news/mp-news-in-bhongarya-haat-people-swarm-to-the-beat-of-the-mandal-and-the-sweet-tune-of-the-flute-064542-6771077.html

No comments:

Post a Comment