कलेक्टर रविवार की सुबह करीब 8 बजे शहर के भ्रमण पर निकले। इस दौरान जगह-जगह कचरे के ढेर और गंदगी देख उन्होंने तीन सफाई दरोगा को निलंबित कर दिया। नगर पालिका के स्वास्थ्य अधिकारी राजवीर सिंह राय की दो वेतनवृद्धि रोकने के लिए नोटिस जारी किया है।
दरअसल कलेक्टर डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत मिशन स्वच्छ के तहत शहर की साफ सफाई व्यवस्था का जायजा लेने रविवार की सुबह आठ बजे भ्रमण पर निकले। वे बायपास रोड पर एमजेएस कॉलेज के बगल से जाने वाली सड़क से भवानीपुरा इलाके में आकर गाड़ी से उतरे। इसके बाद उन्होंने पैदल पैदल भवानीपुरा, किला रोड, सदर बाजार, हाऊसिंग कॉलोनी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था देखी। इस दौरान उन्हें जगह-जगह गंदगी के ढेर दिखे। इस पर उन्होंने सीएमओ सुरेंद्र शर्मा से नाराजगी जताई। साथ ही सफाई दरोगा राजकुमार, आनंद और राकेश को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और स्वास्थ्य अधिकारी राजवीर सिंह को कारण बताओ नोटिस देने के आदेश सीएमओ को दिए। कलेक्टर ने करीब दो घंटे शहर भ्रमण के दौरान लोगों से सफाई का फीडबैक भी लिया। इस दौरान एएसपी संजीव कंचन, डीएसपी हेडक्वार्टर मोतीलाल कुशवाह ने गोल मार्केट चौकी का भी निरीक्षण किया। पुलिस जवानों के लिए टॉयलेट न होने की समस्या सामने आने पर उन्होंने सीएमओ से वहां एक टॉयलेट बनाने के लिए कहा। सीएमओ ने कहा कि वे जल्द उसका निर्माण करा देंगे।
बजरिया की सड़क को लेकर कलेक्टर ने जताई नाराजगी: शहर भ्रमण के दौरान बजरिया की सड़क को लेकर कलेक्टर ने नगरपालिका सीएमओ पर नाराजगी जताई। यहां बता दें कि बजरिया में अतिक्रमण हटाने के बाद नगरपालिका ने सीसी रोड बनवाई है, जिसकी ऊंचाई काफी अधिक है। इस पर वाहनों के चढ़ने के लिए व्यवस्थित स्लैब नहीं बनवाई गई है। वहीं गोल मार्केट से लेकर किला तक बीच बीच में कई जगह बनी नहीं है। इस पर कलेक्टर ने सीएमओ को पूरी सड़क 8 दिन में तैयार कराने के लिए निर्देश दिए। इसके अलावा कलेक्टर ने पूरे बाजार में अच्छी गुणवत्ता के डस्टबिन रखवाए जाने के निर्देश भी सीएमओ को दिए ताकि लोग कचरा डस्टबिन में ही डालें।
शहर भ्रमण: बुजुर्ग से पूछा- यहां सुबह और रात को झाड़ू लगती है कि नहीं
कलेक्टर ने बजरिया में 70 वर्षीय बुजुर्ग से पूछा कि दादा रोज झाडू लगती है या नहीं। इस पर बुजुर्ग ने जवाब दिया कि हां, साहब झाडू तो लगती है। इसके बाद कलेक्टर ने पूछा कि रात के समय रोड पर झाडू लगती है या नहीं। बुजुर्ग ने जवाब दिया कि हां। जब कलेक्टर किला से गोल मार्केट की ओर बढ़ रहे थे तभी बजरिया निवासी जुग्गन दीक्षित ने कलेक्टर से कहा कि उनके वार्ड में 20 से 25 घरों में पिछले कई दिनों से पानी नहीं आ रहा है। आप चाहें तो चलकर देख सकते हैं। वहीं झांसी मौहल्ला रोड निवासी अरविंद सोनी ने कलेक्टर से कहा कि नालों की हालत बहुत खराब है, उनकी सफाई कराई जाएं।
निरीक्षण: कर्मचारी नहीं खोल पाया लाइब्रेरी का ताला, टीआई ने खोला
कलेक्टर ने गोल मार्केट स्थित वाचनालय को देखने के लिए सीएमओ से लाइब्रेरी की चाबी मंगाई। चाबी आने के बाद नगरपालिका कर्मचारी ताला नहीं खोल पाया, तब देहात थाना टीआई दीनबंधु सिंह तोमर ने उसे खोला जो कि पिछले 8 महीने से बंद था। कलेक्टर के आदेश पर डीएसपी हेडक्वार्टर मोतीलाल कुशवाह, जन अभियान परिषद के शिव प्रताप सिंह ने उसका निरीक्षण किया। साथ ही लाइब्रेरी के अंदर कंडम फर्नीचर और पुस्तकों का जीर्णोंद्धार कराने के सीएमओ से कहा, ताकि इसका फायदा लोगों को मिल सके। कलेक्टर के निरीक्षण के बाद से सभी विभागों में हड़कंप की स्थिति है।
इसी सप्ताह फिर से औचक निरीक्षण करूंगा
शहर के चार वार्डों का निरीक्षण किया था। खामियां मिलने पर तीन दरोगा को सस्पेंड किया है। एचओ को नोटिस दिया है। अब इस सप्ताह में किसी दिन फिर औचक निरीक्षण करूंगा। यदि फिर गंदगी मिली तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत, कलेक्टर
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/bhind/news/collector-angry-after-seeing-garbage-dump-3-cleaning-inspectors-suspended-notice-to-health-officer-127985641.html
No comments:
Post a Comment